Breaking News Defence Indo-Pacific IOR Weapons

समुद्री निगहबानी के 50 साल, पहला QUAD युद्धाभ्यास 2027 में

देश के समुद्री सीमाओं की निगहबानी करने में जुटे भारतीय नौसेना के टोही अभियानों के 50 साल पूरे हो गए हैं. भारतीय नौसेना अपनी लंबी दूरी के टोही अभियानों के 50 वर्ष का उत्सव ऐसे समय में मना रही है, जब क्वाड देशों ने मेरीटाइम सर्विलांस एयरक्राफ्ट से जुड़ी पहले युद्धाभ्यास का ऐलान किया है.

1971 के युद्ध के बाद, नौसेना को ऐसे तट-आधारित समुद्री गश्ती विमानों की आवश्यकता महसूस हुई, जो युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर काम कर सकें. इसके बाद भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी की समुद्री टोही की जिम्मेदारी संभाली. 18 नवंबर 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंस में आईएनएएस 312 की स्थापना की गई. इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित किए गए पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों से सुसज्जित किया गया था.

बुधवार (18 नवंबर 2026) को भारतीय नौसेना ने अपनी लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों की स्वर्ण जयंती का उत्‍सव मनाया. यह महत्वपूर्ण अवसर भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 312, जिसे ‘अल्बाट्रॉस’ के नाम से जाना जाता है, की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के साथ जुड़ा हुआ है. यह उपलब्धि भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए पांच दशकों से जारी हवाई निगरानी और सतर्कता का प्रतीक है.

पिछले पांच दशकों के दौरान भारतीय नौसेना के लॉन्ग रेंज मेरीटाइम रेनोकोसेंस (एलआरएमआर) विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, विजय, पराक्रम और सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों के साथ-साथ समुद्री डकैती विरोधी अभियानों और खोज एवं बचाव मिशनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वर्तमान में तमिलनाडु के अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली, के आईएनएएस 312 में पी-8I और आईएनएस हंस, गोवा में तैनात आईएनएएस 316 के विमान हिंद महासागर और उससे आगे के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के साथ-साथ भारत के समुद्री हितों की रक्षा कर रहे हैं.

इससे पहले, वर्ष 1977 में इल्युशिन Il-38 विमानों को शामिल किए जाने से नौसेना की समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता मजबूत हुई. इसके बाद वर्ष 1988 में आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम विमानों को शामिल किया गया, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की गश्त की पहुंच और अधिक विस्तृत हो गई. वर्ष 2013 में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8I विमानों को शामिल करना एक बड़ी तकनीकी उपलब्धि साबित हुआ था. इन विमानों ने व्यापक क्षेत्र में खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही (आईएसआर), पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की क्षमताओं को और अधिक उन्नत बनाया.

मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में क्वाड देशों ने अगले साल (2027) में सदस्यों देशों के पी-8 और पी-3सी विमानों की पहली समुद्री युद्धाभ्यास आयोजित करने की घोषणा की थी. फिलीपींस की राजधानी मनीला में पीएम मोदी के अलावा क्वाड समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सनाई ताकाची और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज मौजूद थे. बैठक में एक बार फिर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को स्वतंत्र और सुरक्षित बनाए जाने पर जोर दिया गया था.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.