Breaking News Classified Indo-Pacific Reports

अमित शाह का अमेरिका को भरोसा, ड्रग तस्करों पर गिरेगी बिजली

भारत को नक्सल फ्री करने के बाद ड्रग्स के खिलाफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने क्रॉस बॉर्डर ड्रग्स पर एक्शन की खुली छूट दी है. इसी आदेश के तहत भारत और अमेरिका  के ज्वाइंट ऑपरेशन से अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है. ऑपरेशन का नाम है मॉनसून थंडर. इसके तहत भारत की नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एजेंसी ने मिलकर एक ग्लोबल ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है.

इस कार्रवाई से एक ऐसा नेटवर्क बंद हो गया है, जिसके जरिए अमेरिका की सड़कों पर जानलेवा ओपिओइड और साइकोट्रोपिक नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही थी. 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत की इस कार्रवाई पर अमित शाह का धन्यवाद किया है. इससे पहले भी अमेरिका के एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ड्रग्स के खिलाफ भारत की मदद मांग चुके हैं.

भारत में इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट ध्वस्त

भारत ने मॉनसून थंडर नाम से ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. इस विशेष ऑपरेशन के तहत एनसीबी की टीमों ने हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित देश के कई शहरों में एक साथ छापेमारी की. इस दौरान इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ड्रग्स का ये सिंडिकेट सीमा पार से काम करते हुए पूरे अमेरिका में प्रतिबंधित ड्रग्स पहुंचा रहा था.

अधिकारियों के मुताबिक, जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस गिरोह ने अमेरिका में लगभग 3000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब 5 लाख प्रतिबंधित गोलियां शामिल थीं.

एनसीबी ने अमेरिका भेजी जाने वाली 1,500 से अधिक गोलियों की कई खेपों (कंसाइनमेंट) को ट्रैक किया और इसके बारे में जानकारी अमेरिकी एजेंसी डीईए के साथ शेयर किया, जिसके बाद अमेरिका में ग्राहकों तक पहुंचने से पहले दो बड़ी खेपों को जब्त कर लिया गया.

टेलीग्राम-व्हाट्सएप सी डील, क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान

जांच में अधिकारियों को 59,000 से अधिक ग्राहकों का एक बड़ा डेटाबेस मिला है. इसमें लेनदेन का इतिहास, पुरानी शिपमेंट की जानकारी, डिलीवरी पते, USPS ट्रैकिंग आईडी और दवाओं के प्रकार शामिल हैं। इस डेटाबेस को DEA को सौंप दिया गया है, ताकि वे अमेरिकी खरीदारों और ड्रॉप-शिपरों के खिलाफ अपनी जांच और कार्रवाई को आगे बढ़ा सकें.

एजेंसियों के मुताबिक, “भारत में बैठे लोग टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप जैसे एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ऑर्डर लेते थे. अमेरिका में मौजूद उनके साथी यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस सहित विभिन्न डाक और डिलीवरी नेटवर्क के जरिए इन सामानों को आगे भेजते थे. खरीदारों और भेजी गई खेपों की जानकारी गूगल शीट जैसे साझा डिजिटल रिकॉर्ड में रखी जाती थी.”

ड्रग्स के खिलाफ भारत प्रतिबद्ध, एक ग्राम भी ड्रग्स बर्दाश्त नहीं: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, “इस अभियान के तहत भारत और अमेरिका में की गई गिरफ्तारियां और बरामदगी, ड्रग्स के खतरे को रोकने में भारत-अमेरिका साझेदारी की ताकत का प्रमाण हैं. प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं कि ड्रग्स का एक ग्राम भी न तो भारत में आ सके और न ही यहां से दूसरे देशों में जा सके.”

ऑपरेशन थंडर का मुरीद अमेरिका

इस ऑपरेशन की सफलता पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका साझेदारी की सराहना की. सर्जियो गोर ने इस एक्शन को दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग का शानदार उदाहरण बताया है.

अमेरिका ने इस कार्रवाई के लिए गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की है और ‘ऑपरेशन मॉनसून थंडर’ को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ भारत और अमेरिका की संयुक्त लड़ाई तथा सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत तालमेल के अहम उदाहरण बताया गया है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.