पाकिस्तान को ड्रोन और दूसरे सैन्य उपकरणों से मदद करने वाले टर्की (तुर्किए) को अब ब्रह्मोस मिसाइल से डर सताने लगा है. खुद टर्की ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में साइप्रस को भारत से मिलने वाली ब्रह्मोस मिसाइल को लेकर बाकायदा शिकायत दर्ज कराई है.
यूएन को दी शिकायत में टर्की ने मई के महीने में साइप्रस के प्रधानमंत्री निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स की भारत यात्रा का जिक्र किया है. टर्की का आरोप है कि इस दौरे के दौरान, साइप्रस ने भारत से 650 किलोमीटर की रेंज वाली ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने का प्लान तैयार किया है.
टर्की ने संयुक्त राष्ट्र से साइप्रस के बढ़ते डिफेंस बजट और मिलिट्री गतिविधियों को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है. इस आपत्ति को संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद, दोनों में दर्ज कराई गई है. टर्की का आरोप है कि साइप्रस ने अपने आईलैंड्स को अमेरिका, फ्रांस और इजरायल जैसे देशों को मिलिट्री बेस बनाने के लिए दे दिए हैं. इसके अलावा ग्रीस ने अपने सैनिकों को साइप्रस में तैनात कर दिया है.
साइप्रस-तुर्किए में क्या विवाद, पहलगाम नरसंहार के बाद तुर्किए ने दिखाया था असली रंग
साइप्रस में ग्रीक और तुर्क अल्पसंख्यक लोग रहते हैं. दोनों समुदायों के बीच लंबे समय से नस्लीय विवाद चला आ रहा है. साल 1974 में ग्रीक समुदाय से जुड़े लड़ाकों ने द्वीप पर तख्तापलट किया था जिसके बाद तुर्की ने तुर्क समुदाय के लोगों की रक्षा का बहाना कर द्वीप पर हमला कर दिया था. इस आक्रमण के बाद साइप्रस दो हिस्सों में बंट गया, जिनमें से एक में ग्रीक-साइप्रस सरकार है, जिसे दक्षिण-साइप्रस (या साइप्रस) के नाम से जाना जाता है और दूसरे पर तुर्क-साइप्रस वासियों का कंट्रोल है, जिसे उत्तर साइप्रस कहा जाता है.
पिछले कई सालों से टर्की ने संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मुद्दों को लगातार उठाकर पाकिस्तान का साथ दिया है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, टर्की ने खुलकर पाकिस्तान का साथ दिया. पाकिस्तान ने बड़ी संख्या में पाकिस्तान को ड्रोन की सप्लाई की थी. इन ड्रोन से पाकिस्तान ने भारत पर हमला किया था. इसके अलावा, टर्की ने पाकिस्तान को बायरेक्टर यूएवी (अनमैन्ड एरियल व्हीकल) भी दिए हैं, जिन्हें पाकिस्तान ने भारत से सटे बॉर्डर पर जासूसी के लिए तैनात किए हैं. ऐसे में भारत ने टर्की के दुश्मन, साइप्रस के साथ निकट संबंध बना लिए हैं.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद ब्रह्मोस की बढ़ीडिमांड
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने ब्रह्मोस मिसाइल से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के साथ-साथ पाकिस्तान के 11 एयरबेस को तबाह किया था. पाकिस्तान में तैनात चीन के एयर डिफेंस सिस्टम तक ब्रह्मोस मिसाइल को रोक पाने में नाकाम रही थी. ऐसे में कई देशों ने भारत से ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने की इच्छा जताई है. भारत ने फिलीपींस को ब्रह्मोस मिसाइल पहले ही सप्लाई कर दी है और इंडोनेशिया तथा वियतनाम जैसे देशों को सप्लाई करने का करार कर लिया है. साइप्रस सहित कई अन्य देशों ने रूस की मदद से बनी दुनिया की सबसे खतरनाक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है.
पिछले साल पीएम मोदी ने किया था साइप्रस के डी-मिलिट्राइज जोन का दौरा
साइप्रस के प्रधानमंत्री निकोस के भारत दौरे से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2025 में साइप्रस का दौर कर डी-मिलिट्राइज जोन पहुंचकर तुर्किए को सांकेतिक तौर से कड़ा जवाब दिया था.
पीएम मोदी ने साइप्रस में उस सीमा का दौरा किया जो तुर्किए और साइप्रस के बीच विवाद की जड़ है. पिछले 51 सालों से तुर्किए ने साइप्रस का एक बड़ा हिस्सा कब्जा कर रखा है. ऐसे में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) ने दोनों देशों के बीच बफर जोन (डी-मिलिट्राइज जोन) बना रखा है ताकि सैन्य टकराव को रोका जा सके.
साइप्रस के डी-मिलिट्राइज जोन में पीएम, ताकता रहा पाकिस्तान का दोस्त तुर्किए
पीएम मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ इस डी-मिलिट्राइज जोन का दौरा किया था, जिसे यूएन प्रोटेक्टेड एरिया (ग्रीन लाइन) भी कहा जाता है. पीएम मोदी ने सीमा पर पहुंचकर राष्ट्रपति निकोस से तुर्की से विवाद और इस बफर जोन को लेकर चर्चा की. राष्ट्रपति निकोस ने इस बफर जोन से पीएम मोदी को तुर्की के कब्जे वाले साइप्रस को दिखाया.
संयुक्त राष्ट्र सहित दुनिया का कोई भी देश तुर्की के इस क्षेत्र को मान्यता नहीं देता है. ऐसे में पीएम मोदी के बफर जोन का दौरा बेहद अहम हो जाता है.
साइप्रस के डी मिलिट्राइेज जोन में यूएन पीसकीपिंग फोर्स ने भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट को बनाया था पहला कमांडर
संयुक्त राष्ट्र के आदेश पर डी-मिलिट्राइज जोन में यूएन पीसकीपिंग फोर्स तैनात रहती है. खास बात ये है कि तुर्की से हुए सैन्य टकराव के बाद इस पीस कीपिंग फोर्स के पहले कमांडर भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल दीवान प्रेम चंद बनाए गए थे.
बफर जोन यानी यूएन प्रोटेक्टेड एरिया बनने से पहले भी भारत के टॉप मिलिट्री कमांडर्स ने साइप्रस की शांति के लिए अपने सेवाएं दी हैं. भारत के चर्चित थलसेना प्रमुख जनरल के एस थिमैया (1957-61) ने रिटायरमेंट के बाद भी साइप्रस में यूएन पीसकीपिंग फोर्स के कमांडर के तौर पर अपनी सेवाएं दी थी. 1965 में साइप्रस में तैनाती के दौरान ही उनका निधन हो गया था. यही वजह है कि साइप्रस ने वर्ष 1966 में जनरल थिमैया की याद में एक पोस्टल स्टैंप जारी किया था.
पीएम मोदी और राष्ट्रपति निकोस के बीच द्विपक्षीय वार्ता, यूएन में भारत की स्थायी सदस्यता का साइप्रस ने किया है समर्थन
पीएम मोदी ने ग्रीन लाइन पहुंचने से पहले ही राष्ट्रपति निकोस के साथ हुई प्रतिनिधिमंडल स्तर की चर्चा में साइप्रस की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपना समर्थन जताया था. दोनों देशों के साझा बयान में इस बात का जिक्र किया गया था. साथ ही संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के तहत ही साइप्रस विवाद निपटाने का आह्वान किया. वहीं साइप्रस के राष्ट्रपति ने कहा था कि साइप्रस, तुर्की के अवैध कब्जे को खत्म करना चाहता है.
साइप्रस ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान
पीएम मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय’ से सम्मानित किया गया था. ऑर्डर ऑफ मकारियोस तृतीय साइप्रस की ओर से प्रदान किया जाने वाला नाइटहुड सम्मान है, जिसका नाम साइप्रस के प्रथम राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया था. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, “यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है.”
साइप्रस की सांसद ने पीएम मोदी का पैर छूकर लिया था आशीर्वाद
साइप्रस के निकोसिया के ऐतिहासिक केंद्र का पीएम मोदी ने दौरा किया. इस दौरान एक वीडियो ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था. साइप्रस की एक सांसद ने पीएम मोदी के पैर छूकर उनका स्वागत किया है. निकोसिया परिषद की सदस्य माइकेला काइथ्रेओटी म्हाल्पा ने पारंपरिक तरीके से प्रधानमंत्री मोदी के पैर छूकर उनका स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी ने सांसद के इस अभिवादन को विनम्रतापूर्वक स्वीकार किया और पूछा कि आपको भारतीय परंपरा के बारे में पता है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

