Breaking News Geopolitics Russia-Ukraine War

दिल्ली में शांति की दुहाई, यूक्रेन में हमले जारी

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर यूक्रेन जंग को लेकर शांति का पक्ष रखा, लेकिन हकीकत ये है कि पिछले 24 घंटे में रशियन आर्मी ने एक बार फिर यूक्रेन पर जबरदस्त हमला किया. रूस ने यूक्रेन की हथियार बनाने वाली फैक्ट्री से लेकर ऊर्जा संयंत्र, ट्रांसपोर्ट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फैसिलिटी सहित गोला-बारूद और फ्यूल डिपो पर हमले किए.

पिछले 24 घंटे में रूस ने यूक्रेन पर किए 800 हमले

यूक्रेन का आरोप है कि रूस ने मिसाइल और ड्रोन से खेरसोन, दिनीपित्रो, जपोरिजिया और दोनेत्स्क प्रांत में 800 से ज्यादा हमले किए, जिसमें दर्जनों लोग घायल हो गए. हमले की जानकारी देते हुए रूस के रक्षा मंत्रालय ने खुद माना कि यूक्रेन पर एक व्यापक हमला किया गया और चार ग्रुप स्ट्राइक की गई, जिसके चलते बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया गया.

रुस के मुताबिक, यूक्रेन पर ताजा हमले, 29 नवंबर से 5 दिसंबर के बीच नागरिकों पर हुए आतंकी हमलों के जवाब में किए गए हैं.

पिछले 45 महीनों से रूस और यूक्रेन के बीच जंग जारी है, जिसमें हजारों की संख्या में दोनों देशों के सैनिक और आम नागरिक मारे गए हैं. फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रुस के हमलों से शुरू हुई जंग में अब तक लाखों की संख्या में यूक्रेन के आम नागरिक या तो देश छोड़कर यूरोप जा चुके हैं या फिर बेघर हो गए हैं.

पुतिन दौरे पर पीएम मोदी ने रखा शांति का पक्ष

दो दिवसीय दौरे पर भारत आए पुतिन से गुरुवार को पीएम मोदी ने मुलाकात की और साझा बयान जारी किया. इस बयान में पीएम मोदी ने साफ तौर से कहा कि ” यूक्रेन के संबंध में भारत ने शुरुआत से शांति का पक्ष रखा है. हम इस विषय के शांतिपूर्ण और स्थाई समाधान के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं. a

प्रधानमंत्री मोदी ने जंग रुकवाने की तरफ इशारा करते हुए कहा कि “भारत सदैव अपना योगदान देने के लिए तैयार रहता है और आगे भी रहेगा.” पुतिन ने भी अपने बयान में भारत के साथ यूक्रेन मुद्दे पर लगातार ‘संपर्क’ बनाए रखने की बात कही.

पुतिन ने राजघाट पहुंचकर किया महात्मा गांधी और टॉलस्टॉय को किया याद

गुरुवार को पुतिन ने राष्ट्रपति महात्मा गांधी की समाधि, राजघाट जाकर अपने श्रद्धा-सुमन भी अर्पित किए. राजघाट की विजिटर-बुक में पुतिन ने महात्मा गांधी को एक महान दार्शनिक बताते हुए दुनिया में शांति के लिए बहुत बड़े योगदान के लिए प्रशंसा की. मोदी ने महात्मा गांधी और रूस के महान लेखक लियो टॉलस्टॉय के बीच हुए पत्राचार तक का जिक्र किया.  

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.