Breaking News Reports

विंग कमांडर अभिनंदन का IAF से रिटायरमेंट, सिविल एविएशन में स्वागत

बालाकोट एयर-स्ट्राइक (2019) में पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले भारतीय वायुसेना के बहादुर विंग कमांडर (अब ग्रुप कैप्टन) अभिनंदन ने रिटायरमेंट लेने के बाद एक प्राइवेट एयर लाइंस ज्वाइन कर ली है. सिविल एविएशन में शामिल होने पर खुद नागरिक विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने अभिनंदन का स्वागत किया है. 

राम मोहन नायडू ने ग्रुप कैप्टन अभिनंदन (रिटायर) की प्राइवेट एयरलाइंस के क्रू के साथ फोटो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “एविएशन के इस तरफ (सिविल सेक्टर में) आपका स्वागत है.” नायडू ने आगे लिखा कि “भारत के आसमान की सुरक्षा करने से लेकर देशवासियों को कनेक्ट करने तक, देश के आकाश के लिए एक नया चैप्टर है.”  

जानकारी के मुताबिक, अभिनंदन ने गोवा की एक रीजनल एयरलाइंस को फ्लाइंग के लिए चुना है, जो दक्षिणी भारत के एयरपोर्ट को कनेक्ट करती है. 

बालाकोट एयर स्ट्राइक में गिराया था अमेरिकी एफ-16

14 फरवरी  2019 को जब जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने सीआरपीएफ के एक काफिले को निशाना बनाया था. हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे. इस हमले का बदला लेने  के लिए भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट (खबैर पख्तूनख्वां प्रांत) में जैश के ठिकाने पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसमें कई आतंकी मारे गए थे. 

27 फरवरी को पाकिस्तान वायु सेना ने भारतीय हवाई क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश की. विंग कमांडर अभिनंदन उस समय श्रीनगर स्थित भारतीय वायुसेना की 51 स्क्वाड्रन में तैनात थे और मिग-21 बाइसन उड़ा रहे थे. उन्होंने अपने शौर्य का परिचय देते हुए पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को गिरा दिया था. 

डॉग फाइट के दौरान अभिनंदन पाकिस्तानी लड़ाकू विमान का पीछा करते करते पाकिस्तानी सीमा में पहुंच गए, जहां एक मिसाइल उनके विमान से टकराई. विंग कमांडर अभिनंदन ने खुद की जान बचाने के लिए इजेक्ट किया, लेकिन वो भारतीय सीमा की जगह पाकिस्तानी सीमा में चले गए थे. इस दौरान स्थानीय लोगों ने विंग कमांडर अभिनंदन को पकड़ कर पाकिस्तानी सेना के हवाले कर दिया था. लेकिन पाकिस्तानी सेना के कब्जे में भी अभिनंदन ने अपना हौसला नहीं गंवाया और पूछताछ में मुंह तक नहीं खोला. यहां तक की पाकिस्तानी सेना के सवालों के इस बहादुरी से जवाब दिए कि पूरी दुनिया की जुंबा पर चढ़ गए. 

विंग कमांडर अभिनंदन का वो वीडियो आज भी वायरल है, जिसमें पाकिस्तानी अधिकारियों के सामने हुंकार भरी थी. भारत के कड़े रुख के चलते, पाकिस्तान की तत्कालीन इमरान खान सरकार को विंग कमांडर को सुरक्षित भारत लौटाना पड़ा था. 

वीर चक्र से सम्मानित किया था सरकार ने

एफ-16 को मार गिराने और पाकिस्तान सेना की कैद में भी बहादुरी का परिचय देने के लिए भारत सरकार ने अभिनंदन को वीर चक्र से नवाजा था, जो युद्ध-काल में वीरता का तीसरा सबसे बड़ा मेडल है. 

तत्कालीन वायुसेना प्रमुख का ताजा बयान चर्चा में

हाल में तत्कालीन वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी एस धनोआ (रिटायर) ने ये कहकर सनसनी फैला दी थी कि विंग कमांडर अभिनंदन ने अपने मुंह से कभी नहीं कहा है कि अमेरिकी एफ-16 को मार गिराया है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.