Breaking News

फटाफट खबरें: जानना जरूरी है!

  • दुनिया की शक्तिशाली सेनाओं में टॉप 5 में भारत

दुनिया की चौथी सबसे शक्तिशाली मिलिट्री पावर है भारत. दुनिया की टॉप आर्मी की रैंकिंग जारी करने वाले ऑर्गेनाइजेशन ‘ग्लोबल फायरपावर इंडेक्स’ ने साल 2025 की अपनी लिस्‍ट जारी कर दी है. जिसे देखकर हर हिंदुस्तानी गर्व से भर जाएगा. अमेरिका, रूस, चीन के बाद भारत की सबसे ताकतवर सेना है. दुनिया की सबसे ताकतवर सेनाओं की लिस्ट में अमेरिका टॉप पर है. दूसरे और तीसरे नंबर पर रूस, चीन हैं. साउथ कोरिया की सेना भारत के बाद पांचवे नंबर पर है. वहीं पाकिस्तान का नंबर 12वां है.

———————-

  • विमान हादसे पर ट्रंप ने ओबामा और बाइडेन को घेरा

वाशिंगटन डीसी में यूएस आर्मी के हेलीकॉप्टर और प्लेन के बीच हुई टक्कर पर डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडेन और बराक ओबामा को घेरा. डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेसकॉन्फ्रेंस करते हुए हादसे पर सवाल खड़े किए. ट्रंप ने मृतकों के लिए 1 मिनट का मौन रखने के बाद कहा- बहुत दुख की बात है कि हादसे में दूसरे देश के नागरिकों की भी मौत हुई है. मैंने सुरक्षा को सबसे पहले रखा लेकिन ओबामा, बाइडन ने नीति को आगे रखा.  हम ऐसे लोगों को चाहते हैं जो सक्षम हों.

—————–

  • हादसा या साजिश, सवालों के घेरे में वाशिंगटन डीसी हादसा

आर्मी के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर ने कैसे प्लेन को किन परिस्थतियों में टक्कर मारी, ये पता लगाने के लिए हाईलेवल जांच शुरु की गई है. पेंटागन ने हादसे के बाद बताया कि अमेरिकी सेना के ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर में सवार तीन सैनिक काफी अनुभवी थे. उनके पास नाइट विजन गॉगल्स थे और वो घटना के समय एक वार्षिक प्रशिक्षण मिशन पर थे. वहीं अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया- जिसमें कहा- जांचकर्ताओं की विशेष टीम बहुत जल्द बताएगी कि सैन्य हेलीकॉप्टर से कैसे हादसा हुआ. 

—————-

  • मिलिट्री हेलीकॉप्टर ने नजरअंदाज की चेतावनी

प्लेन के क्रैश होने के 30 सेकेंड पहले रीगन नेशनल एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने मिलिट्री हेलिकॉप्टर को एक कॉल किया था. लेकिन मिलिट्री के हेलिकॉप्टर ने कोई जवाब नहीं दिया. मिलिट्री हेलिकॉप्टर के क्रू मेंबर के सदस्यों के बीच आखिरी कम्युनिकेशन को कैप्चर किया गया है. एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स में से एक को यह कहते हुए सुना गया “क्रैश, क्रैश, क्रैश…यह चेतावनी 3 बार दी गई.” बताया जाता है कि हादसे की आशंका के मद्देनजर मिलिट्री हेलीकॉप्टर को अर्जेंट कॉल की गई थी. ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर में किभी तरह की कोई तकनीकी खराबी नहीं थी. हेलीकॉप्टर और प्लेन दोनों ही अच्छे कंडीशन में थे. 

——————-

  • हादसे में नहीं बची कोई जान, 67 लोगों की मौत

वाशिंगटन डीसी में हुए विमान हादसे में सभी 67 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है. यात्री हवाई जहाज में 64 और यूएस आर्मी के हेलीकॉप्टर में 3 लोग सवार थे. वॉशिंगटन डीसी के फायर चीफ अधिकारियों के मुताबिक- हादसे में अब कोई भी जीवित नहीं बचा है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन की जगह नदी से शवों की रिकवरी की जा रही है. व्हाइट हाउस के महज 5 किलोमीटर दूर ये भयानक हादसा हुआ था. हादसे को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं.

—————-

  • रूसी आइस स्केटिंग चैंपियन दंपति ने गंवाई जान

रूसी आइस स्केटिंग कोच और पूर्व विश्व चैंपियन येवगेनिया शिश्कोवा और वादिम नौमोव भी हादसे का शिकार हुए विमान में सवार थे. दंपति ने 1994 में युगल फिगर स्केटिंग में विश्व चैंपियनशिप जीती थी, पति-पत्नी दोनों ही ओलंपिक में भी हिस्सा ले चुके हैं. बताया जा रहा है कि साल 1998 से अमेरिका में रह रहे थे. अमेरिका के लिए खेलने वाले उनके बेटे मैक्सिम के भी विमान में होने की आशंका है. 

——————

  • अमेरिकी राष्ट्रवादी हैं ट्रंप, पीएम मोदी संग निजी संबंध: जयशंकर

दिल्ली के हंसराज कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिका और भारत के संबंधों को बेहद मजबूत बताया है. अपनी हाल ही में की गई अमेरिका यात्रा का बातें साझा करते हुए विदेश मंत्री ने कहा,  भारत और द्विपक्षीय संबंध ‘अच्छे’ हैं और पीएम नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ ‘अच्छे’ निजी संबंध हैं. छात्रों के सवालों पर एस जयशंकर ने कहा, “मैं अभी उनका (ट्रंप का) मेहमान बनकर लौटा हूं. मेरे साथ अच्छा व्यवहार किया गया. मैं ट्रंप को एक अमेरिकी राष्ट्रवादी कहूंगा. उम्मीद है कि ट्रंप कई चीजें बदल देंगे.”

———————

  • हमास ने पहली बार कबूली मोहम्मद दाइफ की मौत की बात

फिलिस्तीन के आतंकी समूह हमास ने अपनी सैन्य शाखा के प्रमुख रहे मोहम्मद दाइफ की मौत की पुष्टि की है. हमास ने गुरुवार को पहली बार बयान जारी करते बताया कि मोहम्मद दाइफ की मौत हो गई है. जबकि इजरायल मे पिछले साल ही मोहम्मद दाइफ की मौत की घोषणा कर दी थी. दाइफ 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल में किए गए हमले का मुख्य साजिशकर्ताओं में एक था. मोहम्मद दाइफ, हानिया और सिनवार की तरह कई सालों से इजरायल की मोस्टवांडेट लिस्ट में था.

——————

  • इस्लामी कट्टरपंथियों के हाथ में आ जाएगा ब्रिटेन: पूर्व गृहमंत्री

ब्रिटेन की पूर्व गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन के एक बयान ने सनसनी फैला दी है. एक कार्यक्रम में बोलते हुए सुएला ने ब्रिटेन के इस्लामी कट्टरपंथ के हाथों में जाने की आशंका जताई. सुएला ने कहा- अगर ब्रिटेन की स्थिति नहीं बदली तो देश “मुस्लिम कट्टरपंथ के हाथों में पड़ सकता है और आने वाले दो दशकों में देश ईरान जैसी पश्चिम विरोधी ताकत बन सकता है.” सुएला ने ब्रिटेन में शरिया के प्रसार पर सवाल खड़े किए कहा- अगर ब्रिटेन कट्टरपंथी ताकतों के हाथ में चला गया तो उसकी परमाणु क्षमता ईरान जैसे किसी दूसरे आतंकी समूह के हाथ में आ सकती है और ब्रिटेन अमेरिका का सबसे बड़ा दुश्मन बन सकता है.

———————

  • ट्रंप की मदद रोके जाने पर रोते क्यों हो: केन्या के पूर्व राष्ट्रपति

अमेरिका से मिलने वाली आर्थिक मदद रोके जाने को लेकर केन्या के पूर्व राष्ट्रपति ने छोटे-छोटे देशों को फटकार लगाई है. पूर्व राष्ट्रपति उहुरु केन्याटा ने कहा- मैंने कुछ लोगों को रोते हुए देखा कि ट्रम्प ने फंडिंग बंद कर दी है. वह हमें और पैसा नहीं दे रहे हैं. ट्रंप ने आर्थिक मदद रोक दी, तो आप रो क्यों रहे. अमेरिका आपका देश नहीं है. ट्रंप के पास कोई वजह नहीं है कि वो कुछ दें, आप अमेरिका में तो टैक्स नहीं देते हैं. ये हमारे लिए वेकअप कॉल है और ये सोचने का वक्त है अब हम अपनी मदद करने के लिए क्या करने जा रहे हैं, रोने के बजाय सोचें, क्योंकि कोई भी आपको हमेशा के लिए मदद नहीं करने वाला है.

—————————-

  • नोबेल शांति पुरस्कार 2025 के लिए एलन मस्क नामित

यूरोपीय संसद के स्लोवेनियाई सदस्य ब्रैंको ग्रिम्स ने एलन मस्क को 2025 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया है. ग्रिम्स के मुताबिक यह नॉमिनेशन अभिव्यक्ति की आजादी के समर्थन में एलन मस्क के प्रयासों और वैश्विक शांति में उनके योगदान को देखते हुए किया गया है. एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं. टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स जैसी कंपनियों के मालिक हैं और ट्रंप के बेहद करीबी माने जाते हैं

——————-

  • रो खन्ना और रिच मैककॉर्मिक बने इंडिया कॉकस के सह अध्यक्ष

भारतवंशी डेमोक्रेट सांसद रो खन्ना को अमेरिकी कांग्रेस में इंडिया कॉकस का सह अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.पंजाबी मूल के रो खन्ना कैलिफोर्निया से लगातार पांचवीं बार चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं. रो खन्ना के अलावा रिपब्लिकन खेमे के सांसद रिच मैककॉ़र्मिक भी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में ‘इंडिया कॉकस’ की सह-अध्यक्षता करेंगे. नियुक्ति के बाद रो खन्ना ने कहा- भारत के साथ मजबूत साझेदारी अमेरिकी अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है. 

—————-

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0