Breaking News

खबरें फटाफट: जानना जरूरी है!

  • हसीना और बेटे के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

शेख हसीना के खिलाफ बांग्लादेश में निकाला गया एक और गिरफ्तारी वारंट. आवासीय प्लॉट घोटाले मामले में ढाका मेट्रोपॉलिटन सीनियर स्पेशल जज की अदालत ने शेख हसीना, उनके बेटे सजीब वाजेद, और 16 अन्य लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. इससे पहले 13 अप्रैल को भी शेख हसीना, उनकी बहन शेख रेहाना और भतीजी तुलीप सिद्दीकी के खिलाफ राजनीतिक शक्ति का दुरुपयोग कर जमीन हासिल करने के आरोप में वारंट जारी किया था. 

  • टिकटॉक के जरिए की जा रही दूसरे देशों में रूस सेना के लिए भर्ती

चीनी कंपनी टिकटॉक की साजिश को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. दावा किया जा रहा है टिकटॉक एप के जरिए ही रूस, चीन, उत्तर कोरिया जैसे देशों में सैनिकों की भर्ती की जा रही है. हाल ही में यूक्रेन ने युद्ध के मैदान से दो चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया था. जो रूस की ओर से युद्ध लड़ रहे थे. चीनी नागरिकों ने बताया है कि टिकटॉक के जरिए उनकी भर्ती की गई थी. चीनी नागरिकों ने पूछताछ में कहा कि चीन में टिकटॉक पर रूसी सेना में भर्ती होने को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत लोगों से रूस की सेना में भर्ती होने के लिए कहा जा रहा है.

  • क्वेटा के करीब पाकिस्तानी पुलिसकर्मियों की बस पर हमला

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में एक बार फिर बड़ा अटैक. पुलिसरकर्मियों की बस को विस्फोटक से उड़ाया गया. हमले में 3 पुलिसकर्मियों की मौत हुई, जबकि 16 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. क्वेटा से लगभग 40 किलोमीटर दक्षिण में यह घटना हुई है. अधिकारियों के मुताबिक, मस्तुंग जिले में जिस समय बस में विस्फोट हुआ उसमें लगभग 40 पुलिसकर्मी सवार थे. सड़क किनारे आईईडी धमाका किया गया, जिसकी चपेट में पुलिसकर्मियों की बस आ गई.

  • राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी

अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट को मिले एक धमकी भरे मेल से हड़कंप मच गया है. ईमेल में कहा गया है कि राम मंदिर की सुरक्षा बढ़ा लीजिए वरना, बम से उड़ा देंगे. उत्तर प्रदेश के कई जिलों के कलेक्टर कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. कलेक्टर मामले की जांच में जुटे हुए हैं. राम मंदिर पर बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद अयोध्या के साइबर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है. वहीं मंदिर में सुरक्षा हाईअलर्ट कर दी गई है. 

  • मिडिल ईस्ट पहुंचा यूएसए का दूसरा परमाणु एयरक्राफ्ट कैरियर

ईरान और अमेरिका के बीच होने वाली दूसरे राउंड की बातचीत से पहले अमेरिका ने अपने दूसरे एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस कार्ल विन्सन को भी मिडिल ईस्ट में भेज दिया है. सैटेलाइट तस्वीरों में खुलासा हुआ है कि दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर, जिसमें विनाशक फाइटर्स जेट्स लदे हुए हैं, वो मिडिल ईस्ट के जलक्षेत्र में एक्टिव है.अरब सागर में यूएसएस कार्ल विन्सन और उसके स्ट्राइक ग्रुप ऐसे समय में पहुंचे हैं, जब संदिग्ध अमेरिकी हवाई हमलों ने मंगलवार रात में यमन के उन हिस्सों को निशाना बनाया है, जिनपर ईरान समर्थिक हूती विद्रोहियों का नियंत्रण है.

  • हमास का समर्थन करने पर अमेरिका में इमीग्रेशन के दौरान छात्र गिरफ्तार

गाजा के समर्थन में आवाज उठाने वाले एक फिलिस्तीनी छात्र को अमेरिका में इमीग्रेशन के दौरान गिरफ्तार किया गया. कोलंबिया विश्व विद्यालय का छात्र मोहसेन महदावी अमेरिकी नागरिकता के लिए इंटरव्यू देने वर्मोंट के इमीग्रेशन दफ्तर पहुंचा था, वहीं एजेंसियों ने मोहसेन को अरेस्ट कर लिया. छात्र के वकील के मुताबिक मोहसेन महदावी अमेरिका का एक कानूनी स्थायी निवासी है, उसके पास 2015 से ग्रीन कार्ड है. वहीं एजेंसियों ने दावा किया कि मोहसेन ने अमेरिका में गाजा और हमास समर्थित रैलियों में हिस्सा लिया था.

  • बंधकों की रिहाई के बदले इजरायल ने भेजा हमास को प्रस्ताव

इजरायल ने बंधकों की रिहाई को लेकर हमास के सामने 45 दिनों के  युद्ध विराम की पेशकश की. इजरायल ने युद्धविराम की दो शर्तें रखी हैं. पहली हमास के हथियार छोड़कर कहीं और चले जाने की दूसरी बंधक बनाए गए आधे लोगों की रिहाई की जाए.हमास की तरफ से इजरायली प्रस्ताव की पुष्टि की गई है. हमास ने बताया कि मिस्र के मध्यस्थों ने इजरायल के प्रस्ताव पर सहमति जताई है. समझौते के पहले सप्ताह में आधे बंधकों को रिहा करना होगा, कम से कम 45 दिनों के लिए युद्ध विराम लागू रहेगा और इस दौरान गाजा में मानवीय सहायता की पहुंच को बहाल की जाएगी. हमास और इजरायल के बीच कतर में वार्ता होनी है.

  • नाइजीरिया में 40 लोगों की सामूहिक हत्या, राष्ट्रपति ने जारी किया बयान

नाइजीरिया में बंदूकधारी विद्रोहियों ने 40 लोगों की हत्या कर दी है, जिसके बाद तनाव बढ़ गया है. खुद राष्ट्रपति को सामने आकर ताजा हिंसा को लेकर बयान देना पड़ा है. राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने कहा है कि देश के उत्तर-मध्य भाग में एक ईसाई किसान समुदाय पर मुस्लिम बंदूकधारियों ने हमला किया है. इन हमलों में कम से कम 40 लोग मारे गए है.  चरवाहों के वेश में आए बंदूकधारियों ने इस घटना को अंजाम दिया है.मानवाधिकार संगठन ‘एमनेस्टी इंटरनेशनल’ के अनुसार, बंदूकधारियों ने अचानक हमले की वारदात को अंजाम दिया था, कि किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला.

  • सूडान में 2 दिन में 300 लोगों की हत्या

गृहयुद्ध में जल रहा है सूडान. हालात इस कदर खराब हैं कि 2 दिनों में 300 लोगों की हत्याएं कर दी गई हैं. यूएन के मुताबिक विद्रोहियों ने  उत्तर दारफुर में दो राहत शिविरों पर हमला किया और लोगों को गोलियों से भून दिया. मारे गए 300 लोगों में 10  मानवीय सहायता कर्मी भी शामिल हैं. गृहयुद्ध का सबसे बड़ा कारण सेना और अर्धसैनिक बल के बीच टकराव है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.