Breaking News Russia-Ukraine War

एलन मस्क ने उड़ाया यूक्रेन का मजाक, जेलेंस्की ने बताया था स्वतंत्र-देश

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के इस बयान पर कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस से बातचीत के लिए मजबूर नहीं कर सकते, ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने मखौल उड़ाया है.

जेलेंस्की के इस बयान पर कि यूक्रेन एक स्वतंत्र देश है, एलन मस्क ने एक्स पर लिखा कि उनका (जेलेंस्की का) ‘सेंस ऑफ ह्यूमर’ कमाल का है.

हाल ही में ‘यूक्रेनियन रेडियो’ को दिए एक इंटरव्यू में जेलेंस्की ने कहा था कि रूस से बातचीत तभी संभव है अगर यूक्रेन को ‘अकेला’ नहीं छोड़ा गया. जेलेंस्की ने कहा कि “यूक्रेन एक मजबूत स्थिति में ही वार्ता के लिए तैयार हो सकता है.”

जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति की टीम से कई ‘पीस-प्लान’ पर बात हो चुकी है, लेकिन वो ट्रंप के सत्ता में आने के बाद सीधे “उनसे (ट्रंप) ही बात करना पसंद करेंगे.”

खास बात है कि ट्रंप के अमेरिका राष्ट्रपति के चुनाव जीतने के बाद जब जेलेंस्की से फोन पर बात हुई थी, उस वक्त एलन मस्क भी वहां मौजूद थे. ट्रंप ने फोन के लाउडस्पीकर पर जेलेंस्की से बात की थी, ताकि बातचीत में एलन को भी शामिल किया जा सके.

इस बीच खबर आई थी कि ट्रंप ने जेलेंस्की को शांति वार्ता के लिए एक फ़ॉर्मूला भी दिया है. इस फॉर्मूले के तहत अगले 20 सालों के लिए यूक्रेन को नाटो में शामिल नहीं किया जाएगा. साथ ही रूस और यूक्रेन के बीच एक 800 किलोमीटर का डी-मिलिट्राइज जोन बनाया जाएगा. (एलन मस्क के पुतिन से संबंध, जांच करे Pentagon)

जेलेंस्की ने ट्रंप के फॉर्मूला को एक सिरे से खारिज करते हुए ऐलान किया था कि अगर यूक्रेन अलग-थलग पड़ा तो परमाणु बम तैयार करेगा. जेलेंस्की इस बात से भी खफा थे कि जर्मनी के चांसलर ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से युद्ध रोकने के लिए दो साल बाद फोन कॉल किया था.  (Nuclear बम बनाएगा यूक्रेन, ट्रंप ने दबाव अगर बनाया)

यूक्रेनियन रेडियो से बातचीत में जेलेंस्की ने चार नई मिसाइल बनाने की बात भी कही है. जेलेंस्की ने ये बात तो कबूल की कि रूस की सेना आगे बढ़ रही है लेकिन ये भी दावा किया कि रूसी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है.

जेलेंस्की ने स्वीकार किया कि यूक्रेनी सेना को प्रशिक्षित सैनिकों और हथियारों की कमी से जूझना पड़ रहा है. हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने अगले साल तक डिप्लोमेसी के माध्यम से रूस से जंग खत्म होने की उम्मीद जताई. (क्या ट्रंप रुकवा पाएंगे यूक्रेन युद्ध, White House पहुंचने तक रूस करेगा इंतजार)

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.