भारतीय विदेश मंत्रालय की कड़ी आपत्ति और विरोध के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विवादित बयान पर अमेरिकी दूतावास ने सफाई दी है. अमेरिका की ओर से कहा गया कि राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि भारत एक महान देश है, जिसका नेतृत्व उनके अच्छे मित्र कर रहे हैं.
अमेरिकी दूतावास का ये बयान ऐसे वक्त में आया है, जब विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ट्रंप द्वारा भारत के लिए किए गए पोस्ट को तथ्यहीन, अनुचित और अशोभनीय करार दिया था.
ट्रंप के अच्छे मित्र कर रहे महान भारत का नेतृत्व: अमेरिकी दूतावास
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के एक विवादित पोस्ट के बाद अमेरिकी दूतावास ने ने स्थिति संभालने की कोशिश की है. ट्रंप ने एक विवादित वीडियो पोस्ट किया था जिसमें भारत के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था. अमेरिकी दूतावास ने इस मामले पर सफाई देते हुए भारत को ‘महान देश’ बताया है.
नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, “ट्रंप भारत को ‘महान देश’ मानते हैं और यहां का नेतृत्व उनके ‘अच्छे मित्र’ के हाथ में है.”
दरअसल, यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब ट्रंप ने एक वीडियो रीपोस्ट किया, जिसमें एक रेडियो होस्ट ने भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को हेल होल यानि ‘नरक का द्वार’ बताया था.
ट्रंप के पोस्ट शेयर करने के बाद भारत ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद अमेरिकी दूतावास ने स्पष्टीकरण देना पड़ा.
भारत पर की गई टिप्पणियां अनुचित और अशोभनीय: रणधीर जायसवाल
भारत को नरक का द्वार बताए जाने पर विदेश मंत्रालय ने नाराजगी जाहिर की है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि “हमने कुछ खबरें देखी हैं. साथ ही अमेरिकी दूतावास की ओर से जारी स्पष्टीकरण को भी. भारत के लिए की गई वो टिप्पणियां स्पष्ट रूप से तथ्यहीन, अनुचित और अशोभनीय हैं. ये भारत-अमेरिका संबंधों की वास्तविकता को बिल्कुल नहीं दर्शातीं, जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित हैं.”
इस विवादित डॉक्यूमेंट्री से शुरु हुआ विवाद
ट्रंप ने जो रीपोस्ट किया है वो रेडियो होस्ट माइकल सैवेज का है. विवादित वीडियो में माइकल सैवेज अमेरिका के मौजूदा इमिग्रेशन कानूनों की आलोचना कर रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि “कुछ लोग कानून का फायदा उठाकर गर्भावस्था के अंतिम समय में अमेरिका पहुंचते हैं, ताकि उनके बच्चों को वहां जन्म के साथ ही नागरिकता मिल जाए.”
वीडियो में सैवेज ने कहा कि “इस तरह अमेरिका में पैदा होने वाला बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है और इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य चीन, भारत या दुनिया के किसी और हेलहोल देश से अमेरिका आ जाते हैं.”
यह वीडियो पहले एक कार्यक्रम में प्रसारित हुआ था. बाद में इसे ‘कॉमेंट्री डोनाल्ड ट्रंप पोस्ट्स फ्रॉम ट्रुथ सोशल’ नाम के अकाउंट द्वारा दोबारा शेयर किया गया, जो ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट को रीपोस्ट करता है.

