किसी भी वक्त दोबारा शुरु होने वाले सैन्य संघर्ष से पहले अमेरिका-ईरान के बीच जुबानी जंग अपने चरम पर है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की धमकी पर तंज कसा है. ट्रंप ने अपने ताजा बयान में कहा है, ईरान ने हमारे साथ डील के लिए बिलबिला रहा है, देखता हूं ये देश (ईरान) कितने दिन टिक पाता है.
ट्रंप ने होर्मुज को स्ट्रेट ऑफ ट्रंप बताया तो मोजतबा खामेनेई ने देश को बयान जारी करते हुए कहा कि दुश्मनों की जगह समंदर की गहराईयों में है. जहां तक बात परमाणु की बात है, वो ईरान की संपत्ति है, उसकी रक्षा की जाएगी. वहीं आईआरजीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि अमेरिका-इजरायल ने हमला किया तो ऐसे हथियार से जवाब देंगे, दुश्मनों को हार्ट अटैक आ जाएगा.
मोजतबा की इसी धमकी से ट्रंप भड़क गए हैं. ट्रंप ने ईरान को हारा हुआ देश बताते हुए आईआरजीसी की धमकी को खारिज कर दिया है.
ईरान में कुछ नहीं बचा, उन्हें परमाणु बम भी नहीं मिला: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर जुबानी वार किया है. ट्रंप ने अपने ताजा बयान में कहा है कि “सैन्य अभियान के बावजूद, मैं इसे युद्ध नहीं कहता, ईरान समझौता करने के लिए बेताब है, उनकी नौसेना, उनकी वायु सेना और व्यावहारिक रूप से हर तरह का उपकरण नष्ट हो चुका है. उनके ड्रोन कारखाने लगभग 82% ठप हो चुके हैं. वे तो हर हाल में समझौता करना चाहते हैं.”
ट्रंप ने दावा किया कि “अमेरिका ने ईरान की परमाणु क्षमता को पूरी तरह नष्ट कर दिया है. और इसलिए उन्हें परमाणु बम नहीं मिला. ईरानी शासन ने 42,000 लोगों को मार डाला और मैं किसी न किसी तरह से उस देश को बचाने की कोशिश कर रहा हूं. यह एक क्रूर समूह है, लेकिन हमने उन्हें तबाह कर दिया है, और उनकी अर्थव्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो गई है, इसलिए हम देखेंगे कि वे कब तक टिक पाते हैं.”
परमाणु और मिसाइल हैं ईरान की संपत्ति, नहीं झुकेंगे: मोजतबा खामेनेई
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने ट्रंप पर पलटवार करते हुए कहा था, न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर ईरान अडिग है. मोजतबा ने परमाणु के साथ-साथ मिसाइल और ड्रोन हथियारों को ईरान की संपत्ति बताया है
मोजतबा ने गुरुवार को दिए अपने संदेश में कहा, “देश के अंदर और बाहर रहने वाले 9 करोड़ गर्वित और सम्मानित ईरानी, ईरान की पहचान से जुड़ी सभी आध्यात्मिक, मानवीय, वैज्ञानिक, औद्योगिक और तकनीकी क्षमताओं को- नैनोटेक्नोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी से लेकर परमाणु और मिसाइल क्षमताओं तक- राष्ट्रीय संपत्ति मानते हैं, और वो इनकी रक्षा वैसे ही करेंगे जैसे वो देश के जल, थल और हवाई क्षेत्र की रक्षा करते हैं.”
मोजतबा ने कहा, “ईरान को बचाने के लिए हजारों लोगों ने शहादत दी है. ऐसे में हम झुक नहीं सकते हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान की ताकत है. हम इसे बचाए रखेंगे.
होर्मुज पर जारी है ईरान-अमेरिका में टकराव
होर्मुज की खाड़ी पर ईरान और अमेरिका दोनों झुकने को तैयार नहीं. वहीं ट्रंप ने इस इस खाड़ी का नया नाम स्ट्रेट ऑफ ट्रंप बता डाला है. ईरान ने कहा है कि जबतक अमेरिकी नाकेबंदी खत्म नहीं होती, तब तक वो अमेरिका के साथ बातचीत के टेबल पर नहीं लौटेंगे. युद्धविराम को लेकर संशय की स्थिति है. होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से तेल और गैस की कीमतें बढ़ रही हैं.
अमेरिका ने तेहरान के हॉर्मुज खोलने वाले प्रस्ताव को खारिज कर दिया है.
इस बीच आईआरजीसी ने अमेरिका को बड़ी धमकी दी है और कहा है, अब ऐसे नए हथियार इस्तेमाल किए जाएंगे, जिससे दुश्मनों को ‘हार्ट अटैक’ आ सकता है.


Leave feedback about this