Breaking News Middle East War

दूसरे दिन भी ईरान-अमेरिका जंग जारी, होर्मुज की फिर फुल नाकेबंदी

मिडिल ईस्ट में कहर मच गया है. अमेरिका और ईरान में शांति के बाद एक बार फिर प्रचंड जंग जारी है. लगातार दूसरे दिन अमेरिकी सेना ने एक बार फिर से ईरान के कई बड़े शहरों पर हमला बोल दिया है. अमेरिका ने युद्धपोत से घातक टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें दागी हैं, जिससे ईरान को बड़ा नुकसान हुआ है.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान के कई ठिकानों पर नए हवाई हमले किए हैं, ईरान की राजधानी तेहरान में भी सिलसिलेवार धमाकों की गूंज सुनाई दी है. तेहरान के अलावा इस्फहान, करज, तबरेज, उर्मिया, कोर्वेह और दक्षिणी हिस्से में बंदर अब्बास, केश्म द्वीप, मीनाब  और सीरिक पर अमेरिका ने अटैक किया है.

अमेरिका का बदला लेने के लिए ईरान ने होर्मुज को पूरी तरह से बंद करने की घोषणा करते हुए कुवैत, बहरीन, जॉर्डन समेत खाड़ी देशों में अमेरिका के 18 से ज्यादा ठिकानों पर हमले का दावा किया है.

टॉमहॉक क्रूज मिसाइल से ईरान के शहरों पर अमेरिका का हमला

अमेरिकी सेना ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें अमेरिकी युद्धपोत से ईरान के खिलाफ टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें दागते हुए दिखाया गया है. गुरुवार तड़के ईरान के कई हिस्सों में फिर से धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं. राजधानी तेहरान के पास स्थित एश्तेहार्ड, अब्येक, वरामीन और कराज जैसे शहरों; ईरान के दक्षिणी तट पर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास सिरिक और फारस की खाड़ी में तेल के एक अहम केंद्र खार्ग द्वीप पर धमाके हुए हैं.

अमेरिकी सेना का कहना है कि ये हमले ईरान की तरफ से लगातार की जा रही उकसावे वाली हरकतों के जवाब में किए गए हैं, क्योंकि ईरानी ठिकाने क्षेत्र से गुजरने वाले अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों और अमेरिकी बलों के लिए बड़ा खतरा बन रहे थे.

अमेरिका के सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के मुताबिक, “राष्ट्रपति ट्रंप के निर्देश पर अमेरिकी सेना ने 10 जून को ईरान के कई ठिकानों पर आत्मरक्षा में ये नए हमले किए. इस सैन्य कार्रवाई के दौरान अमेरिकी वायुसेना, नौसेना और मरीन कमांडोज़ ने मिलकर ईरान के सैन्य निगरानी तंत्र, कम्युनिकेशन सिस्टम और एयर डिफेंस साइट्स पर सटीक निशाना साधा.”

अपाचे हेलीकॉप्टर पर हमले के बाद बिगड़े हालात

हाल ही में होर्मुज के पास अमेरिकी लड़ाकू हेलीकॉप्टर अपाचे पर हमला हुआ था. अमेरिका का दावा है कि ईरान ने शाहेद ड्रोन से हमला करके उनके हेलीकॉप्टर को मार गिराया, इसी का बदला लिया जा रहा है. वहीं ईरान का कहना है कि अमेरिका का दावा झूठा है, उन्होंने कोई भी अमेरिकी हेलीकॉप्टर को टारगेट नहीं किया. लेकिन अब जब अमेरिका ने हमला किया है तो ईरान नहीं झुकेगा.

वहीं दूसरे दिन हमले से पहले अमेरिका के सिचुएशन रूम (वॉर रूम) में हलचल बढ़ी हुई थी. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि तेहरान पर और तगड़े हमले किए जाएंगे.

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी बुधवार को कहा था कि “सेंटकॉम आज रात व्यस्त रहेगा क्योंकि राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि हम ईरान पर जोरदार हमला करेंगे, और हम ऐसा करेंगे. क्योंकि ईरान के पास एक अच्छी डील, एक बहुत अच्छी डील करने का मौका है, ताकि वे उस बात को पक्का कर सकें जिसे करने के लिए वे पहले तैयार थे, लेकिन अब तक उन्होंने ऐसा नहीं किया है.”

हम नहीं झुकेंगे, अमेरिका से बदला लेना जारी रखेंगे: आईआरजीसी

अमेरिका के हमलों से भड़के ईरान ने खाड़ी देशों पर बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर खतरनाक मिसाइलें दागी हैं. अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने बड़ा कदम उठाते हुए होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने की घोषणा कर दी.

ईरान की जॉइंट मिलिट्री कमांड ने कहा कि अब इस रास्ते से कोई भी तेल टैंकर, मालवाहक जहाज या अन्य पोत नहीं गुजर सकेगा. ईरान ने चेतावनी दी कि अगर कोई जहाज वहां से गुजरने की कोशिश करेगा तो उसे निशाना बनाया जाएगा.

ईरान ने बहरीन, कुवैत, जॉर्डन में हमले किए हैं. वहीं अमेरिका के 18 सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाने का दावा किया है. आईआरजीसी ने घोषणा की है कि वो “अमेरिका के आगे नहीं झुकेंगे और जंग जारी रखेंगे.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0