इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच ‘तस्वीर के लिए भीख’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. जिसके बाद मेलोनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की जमकर क्लास लगा दी है.
ट्रंप ने मेलोनी का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि जी-7 की बैठक में इटली की पीएम उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए गिड़गिड़ा रहीं थीं. भीख मांग रहीं थी. ट्रंप के इस बयान के बाद मेलोनी ने पलटवार करते हुए कहा है कि इटली किसी के आगे गिड़गिड़ाने वाला देश नहीं.
सोशल मीडिया पर अच्छी फैन फोलोइंग रखने वाली इटली की पीएम का बयान तेजी से वायरल हो गया है और लोग ट्रंप के बयान को अनुचित बता रहे हैं. ट्रंप के बयान के बाद विवाद इतना बढ़ चुका है कि इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने अगले सप्ताह होने वाला अपना अमेरिका का दौरा तक रद्द कर दिया है.
ट्रंप जान लें, इटली और मैं कभी भीख नहीं मांगते: मेलोनी
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने ट्रंप के बयान पर बेहद सख्त रुख अपनाया है. मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर खुद का एक वीडियो संदेश साझा कर ट्रंप के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है.
मेलोनी ने कहा कि “मैं ट्रंप के इन पूरी तरह से मनगढ़ंत शब्दों से हैरान हूं. कुछ चीजों का तुरंत जवाब देना जरूरी होता है. डोनाल्ड ट्रंप के बयान पूरी तरह से काल्पनिक हैं. मैं सचमुच हैरान हूं. मुझे नहीं पता कि संयुक्त राज्य अमेरिका का राष्ट्रपति अपने ही सहयोगियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों करता है. आखिरकार, यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हुआ है.”
मेलोनी यहीं नहीं रुकीं. कहा, “मैं केवल इतना कह सकती हूं कि यह शर्म की बात है कि उनके पास पश्चिम के दुश्मनों, अमेरिका के दुश्मनों और उन नेतृत्वों के खिलाफ वैसी प्रतिबद्धता नहीं है, जिनके प्रति वे बहुत अधिक उदार दिखाई देते हैं. एक बात उन्हें याद रखनी चाहिए “इटली और मैं कभी भीख नहीं मांगते.”
मेलोनी ने तस्वीर खिंचाने के लिए मुझसे भीख मांगी: ट्रंप
हाल ही में जी-7 की बैठक के दौरान ट्रंप-मेलोनी के बीच मुलाकात हुई थी. जी-7 की बैठक के दौरान ट्रंप और मेलोनी एक दूसरे से बात करते नजर आए थे. हर राष्ट्राध्यक्ष एक दूसरे से बात कर रहे थे. इस बैठक के बाद एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने दावा किया कि फ्रांस के एवियन में आयोजित 52वें जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाने के लिए ‘भीख’ मांगी थी.
ट्रंप ने कहा “मेलोनी? मेलोनी मुझसे बात करते खुश हो रही थी. मैं उससे बात नहीं करना चाह रहा था, लेकिन उसकी खुशी के लिए मैंने ऐसा किया. मैं उसके साथ दिखना भी नहीं चाह रहा था, लेकिन मुझे उस पर दया आ गई. उन्होंने मुझसे फोटो के लिए भीख मांगी थी, मुझे उनके लिए दुख महसूस हुआ (तरस आ गया), इसलिए मैं मान गया.”
ट्रंप के इस बयान के बाद मेलोनी ने फौरन प्रतिक्रिया देते हुए बयान को झूठा करार दे दिया.
इटली के विदेश मंत्री ने रद्द की अपनी यात्रा
इस विवाद के बाद इटली के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने 21 और 22 जून को होने वाले अपने प्रस्तावित अमेरिका दौरे को तुरंत रद्द कर दिया है. ताजानी ने एक्स पर पोस्ट कर “अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान को अपमानजनक बताया और कहा कि यह पूरे देश का अपमान है.”
आपको बता दें कि ट्रंप और मेलोनी बहुत अच्छे मित्र हुआ करते थे. साल 2025 में जब ट्रंप ने दूसरी बार सत्ता संभाली तो उन्होंने मेलोनी को खासतौर पर आमंत्रित किया था. अलग-अलग मंचों पर ट्रंप, मेलोनी की तारीफ करते हैं और उन्हें सशक्त नेता बताते हैं. लेकिन इस बात में भी सच्चाई है कि ट्रंप खुद को बॉस और दूसरे नेताओं को नीचा दिखाना नहीं छोड़ते. मेलोनी के अलावा फ्रांस के प्रधानमंत्री इमैनुएल मैक्रों की निजी जिंदगी को लेकर भी ट्रंप कटाक्ष करते रहे हैं.

