कनाडा के वैंकूवर में प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में खालिस्तानियों ने जमकर हंगामा काटा है. कनाडा की मार्क कार्नी सरकार की नकेल कसे जाने के बावजूद भी खालिस्तानी समर्थक बेकाबू है.
म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ का विरोध करने के लिए भारत के मोस्ट वांटेड खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के गुर्गे पहुंच गए और दोसांध का विरोध करने लगे. कार्यक्रम में अचानक कट्टपंथी खालिस्तानी समर्थन झंडा लेकर घुस गए और भारत विरोधी नारेबाजी करने लगे. हालात ये हो गए की कार्यक्रम में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
जैसे तैसे कनाडाई सुरक्षाकर्मियों ने दिलजीत दोसांझ को सुरक्षित कार्यक्रम से निकाला. इस घटना के बाद भारतीय कलाकार की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं.
दोसांझ का विरोध, खालिस्तानी समर्थकों की गुंडागर्दी
वैंकूवर में औरा 2026 के नाम से किए जा रहे लाइव कार्यक्रम में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब खालिस्तानी आतंकी पन्नू के संगठन सिख फॉर जस्टिस के कट्टरपंथी कार्यक्रम में घुस आए. हाथ में खालिस्तानी झंडा लिए प्रदर्शनकारियों ने दिलजीत को बीजेपी-आरएसएस का एजेंट बताते हुए नारेबाजी की और सुरक्षाकर्मियों से भी भिड़ गए.
चश्मदीदों के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ का कार्यक्रम पूरे जोर-शोर से चल रहा था, तभी खालिस्तानी झंडा लिए प्रदर्शनकारी कार्यक्रम में घुस गए. सिक्योरिटी टीम ने इन प्रदर्शनकारियों को बाहर निकालने की कोशिश की, तो खालिस्तानी प्रदर्शनकारी सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए. कुछ देर के लिए कॉन्सर्ट का माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोसांझ के समर्थकों में डर का माहौल रहा.
जैसे तैसे खालिस्तानी झंडा लिए प्रदर्शनकारियों को पुलिस-गार्ड्स ने कॉन्सर्ट से बाहर किया और कुछ देर बार दोबारा दिलजीत दोसांझ ने परफॉर्मेंस दी.
एसएफजे ने दिलजीत को दी धमकी
हंगामा करने वालों में से एक पवनदीप सिंह बस्सी और दूसरा मनदीप सिंह रवि है, जो आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े हुए हैं. इन दोनों ने दिलजीत दोसांझ को धमकाया भी है.
दिलजीत हमेशा से खालिस्तानियों के निशाने पर रहे हैं. इससे पहले भी खालिस्तानी समर्थकों ने ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में एक शो के दौरान विरोध प्रदर्शन किया था.
वहीं खालिस्तानियों की इस हरकत से दोसांझ के समर्थकों में आक्रोश है. 27 अप्रैल को लाइव कॉन्सर्ट के दौरान हुए इस बवाल का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, दोसांझ के समर्थकों ने पन्नू के खिलाफ मोर्चा खोल लिया.
सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा- आतंकी पन्नू चर्चा में बने रहने के लिए दिलजीत के लाइव कॉन्सर्ट में हंगामा करवा रहा है.
दिलजीत से क्यों चिढ़ता है पन्नू
खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू और उसके संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ ने गायक दिलजीत दोसांझ को ऑस्ट्रेलिया और कनाडा शो रद्द करने की धमकी दी थी. बावजूद इसके बिना डरे दिलजीत ने अपने कॉन्सर्ट जारी रखे हैं. पन्नू ने दिलजीत द्वारा पॉपुलर शो कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन के पैर छूने पर 1984 सिख दंगों का हवाला देकर नाराजगी जताई थी और दोसांझ को भारत सरकार का समर्थक बताया था.
लेकिन इन धमकियों के बावजूद दिलजीत के शो जारी रहे, और दिलजीत ने कहा था कि शो के प्रचार के लिए नहीं, बल्कि समाजसेवा से जुड़े मुद्दों के लिए जाते हैं.
आपको बता दें कि पन्नू का संगठन को राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के लिए गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी यूएपीए के तहत एक प्रतिबंधित संगठन है. गृह मंत्रालय के अनुसार एसएफजे देश की आंतरिक सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरनाक है ओर इस प्रतिबंधित संगठन का इरादा भारत की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता को बाधित करने का है.

