Breaking News Conflict Indian-Subcontinent

पाकिस्तान में अफगान नागरिकों की धर-पकड़, तालिबान के हमलों से बौखलाहट

पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बढ़े तनाव के बीच तालिबानी प्रशासन ने अपने नागरिकों को लेकर बड़ा दावा किया है. तालिबान ने कहा है कि 800 अफगानी नागरिकों को पाकिस्तान ने हिरासत में लिया है. ये वो अफगान नागरिक हैं जो कई वर्षों से पाकिस्तान में रह रहे थे.

नागरिकों की गिरफ्तारी और उन्हें बाहर निकाले जाने पर तालिबान के सेना प्रमुख फसीहुद्दीन फितरत भड़क गए हैं. तालिबान के सेना प्रमुख फितरत ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पाकिस्तान और ईरान को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी और अफगान शरणार्थियों को जबरन निकालने वाले देशों से अत्याचार बंद करने का आह्वान किया.

अफगानी नागरिकों को टॉर्चर कर रहा पाकिस्तान: तालिबान

पाकिस्तानी पुलिस ने इस्लामाबाद और रावलपिंडी में अफगान शरणार्थियों के घरों पर छापे मारे हैं. इस दौरान पुलिस ने महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में अफगान प्रवासियों को गिरफ्तार किया है और उन्हें हिरासत केंद्रों में शिफ्ट किया है. तालिबान का कहना है कि कुछ मामलों में, पाकिस्तानी पुलिस ने उन अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया है जिनके पास पाकिस्तान में वीजा और कानूनी निवास के दस्तावेज थे.

एक-दो नहीं 800 अफगानी नागरिकों को पाकिस्तान ने पकड़ा

अफगान दूतावास ने बताया है कि पाकिस्तानी अफसरों ने 800 अफगान प्रवासियों को हिरासत में लिया है. इनमें वो लोग भी शामिल हैं जिनके पास वैध दस्तावेज थे. तालिबान का आरोप है कि पाकिस्तानी सिक्योरिटी फोर्सेज इस्लामाबाद में उन प्रवासियों को निशाना बना रहे हैं जिनके पास एनओसी नहीं है, भले ही उनके पास वैध दस्तावेज हों.

तालिबानी दूतावास ने सोशल मीडिया एक्स पर बयान जारी करते हुए लिखा, “हिरासत में लिए गए माइग्रेंट्स में वे लोग शामिल हैं जिनके पास वीजा, रेजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट या अफगान नागरिक कार्ड (एसीसी) दस्तावेज हैं, जो पाकिस्तान में उनके रहने को अधिकृत करने के लिए हैं.”

पाकिस्तानियों ने बच्चों को अपनी मां से अलग किया: तालिबान

तालिबान ने पाकिस्तानी एक्शन को तनाव बढ़ाने वाला बताया है. तालिबानी दूतावास ने इस बात पर जोर दिया कि “अफगानी नागरिकों की गिरफ्तारियों के दौरान महिलाओं और बच्चों को उनके परिवारों से अलग कर दिया गया है.” तालिबान ने कहा, “पाकिस्तान से अफगानिस्तान वापस भेजे गए लोगों में से 137 के पास वीजा था, लेकिन वो वीजा एक्सटेंशन का इंतजार कर रहे थे.”

तालिबान ने अपने बयान में यूनाइटेड नेशन और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों से हस्तक्षेप करने और अफगान माइग्रेंट्स के प्रति पाकिस्तान की नीतियों को संबोधित करने की भी अपील की है. 

तालिबानी सेना प्रमुख ने दी पाकिस्तान को वॉर्निंग

तालिबान सेना प्रमुख फसीहुद्दीन फितरत ने अफगानी लोगों की गिरफ्तारी को लेकर पाकिस्तान को चेतावनी दी है, कि वो अफगानी लोगों पर अत्याचार बंद करे और अफगान शरणार्थियों को उनकी मर्जी से अपने देश में लौटने दें. सेना प्रमुख ने तालिबानी प्रशासन से अफगान शरणार्थियों की देश में वापसी के लिए जमीन तैयार करने का भी अनुरोध किया ताकि वो अफगानिस्तान में शांति से रह सकें. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.