चीन ने कालोनी बनाकर रखा है तो अफगानिस्तान किसी भी वक्त कर सकता है हमला. अमेरिका ने बैलिस्टिक प्रोग्राम की ऐसी की तैसी कर दी है, फिर भी भारत को गीदड़ भभकी दिए बिना पाकिस्तान के हलक से पानी नहीं उतरता है.
पाकिस्तान ने दावा किया है कि भारत के किसी भी तरह के हमले से निपटने के लिए तैयार है. ये धमकी दी है पाकिस्तानी सेना की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) विंग के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने. चौधरी ने क्षेत्रीय तनावों का जिक्र करते हुए भारत को अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की है.
फिर छेड़ा कश्मीर का राग
आईएसपीआर के डीजी ने कहा है कि “भारत ने कश्मीर को हिंसा का अड्डा बना दिया है. वहां अंतरराष्ट्रीय कानूनों का घोर उल्लंघन हो रहा है जो दुनिया के सामने है. हम कश्मीर के लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं. उन्हें कानूनी, कूटनीतिक और नैतिक समर्थन देना जारी रखेंगे.”
भारतीय सेना पर अनर्गल आरोप
पाकिस्तानी अधिकारी का बयान बेहद ही हास्यास्पद है. जो देश खुद भारत में दहशतगर्दी फैलाता रहा है, वो किस मुंह से भारत पर सवाल खड़े कर रहा है. आईएसपीआर चीफ ने कहा कि “पूर्वी मोर्चे पर भारत के खतरों से अवगत हैं. पाकिस्तानी सेना भारतीय शत्रुता का निर्णायक जवाब देने की क्षमता रखती है.”
ले.जनरल चौधरी ने आरोप लगाया कि भारतीय सेना ने इस वर्ष (2024 में) 25 बार संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया है, जो इस क्षेत्र की अस्थिर प्रकृति को रेखांकित करता है.
खालिस्तानियों के लिए रोया पाकिस्तान
पाकिस्तानी लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने भारत सरकार पर अपनी सीमाओं के भीतर और विदेशों में सिखों सहित अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. चौधरी ने कहा, “अल्पसंख्यकों का व्यवस्थित नरसंहार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिखों की हत्या में शामिल होना उसके एजेंडे को उजागर करता है, इस तरह की कार्रवाई एक बड़ी साजिश का हिस्सा है.”
लेफ्टिनेंट जनरल चौधरी ने कहा, भारत ‘फॉल्स फ्लैग’ ऑपरेशन को अंजाम देती है ताकि आंतरिक मुद्दों से ध्यान हटा दिया जाए.
अरे भाई! कोई लेफ्टिनेंट चौधरी को ये तो बताए कि पाकिस्तानी सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और अफगानिस्तान के साथ डूरंड लाइन पर तनाव को लेकर थी जिसपर जवाब देते नहीं बना. इसके उलट, आईएसपीआर चीफ, भारत और कश्मीर का ही रोना लेकर बैठ गए. (तालिबान का करारा जवाब, पाकिस्तानी मेजर की मौत)
बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद से बंद था प्रोपेगेंडा
वर्ष 2019 में पाकिस्तान के ख्बैर पख्तूनख्वा में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के ट्रेनिंग कैंप पर भारतीय वायुसेना की एयर-स्ट्राइक के बाद से आईएसपीआर की जुबान पर ताला लगा था. वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन मामले में भी आईएसपीआर की सोशल मीडिया पर जमकर खिंचाई हुई थी. उसके बाद से ही पाकिस्तानी सेना की प्रोपेगेंडा विंग (आईएसपीआर) ने भारत के खिलाफ अनाप-शनाप बोलना बंद कर दिया था.
बांग्लादेश से भारत के संबंधों में आए तनाव का फायदा पाकिस्तान उठाने की फिराक में है. दूसरी तरफ खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू मामले में भी भारत और अमेरिका के रिश्तों में दरार आई है. ऐसे में पाकिस्तानी आईएसपीआर फिर से जिंदा हो गई है और भारत के खिलाफ झूठा-सच्चा प्रचार शुरू कर दिया है.


Leave feedback about this