Breaking News Khalistan Reports Terrorism Viral Videos

पन्नू की DGP कांन्फ्रेंस को धमकी, जहर उगलने से नहीं आया बाज

अमेरिका में पनाह लिए हुए खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू जहर उगलने से बाज नहीं आ रहा है. अपने ताजा वीडियो में पन्नू ने शुक्रवार से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ‘डीजीपी-कॉन्फ्रेंस’ की सुरक्षा को धमकी दी है. इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और एनएसए अजीत डोवल हिस्सा ले रहे हैं.

पन्नू ने डीजी-आईजी सम्मेलन पर हमले के लिए कश्मीर आतंकी और नक्सलियों से भी भुवनेश्वर पहुंचने का आह्वान किया है. अपने वीडियो में पन्नू ने पीएम मोदी, गृह मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) के खिलाफ अनाप-शनाप बयान दिए हैं.

ओडिशा पुलिस ने हालांकि, साफ कर दिया है कि पन्नू की मंसूबों को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा. 29 नवंबर से लेकर 1 दिसंबर तक भुवनेश्वर में 59वां डीजी-आईजी सम्मेलन हो रहा है.

कटक के पुलिस कमिशनर देव दत्ता सिंह ने बताया है कि सम्मेलन की सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की मदद से एक ‘सशक्त सिक्योरिटी कवर’ दिया जा रहा है. इसके लिए कुल 70 प्लाटून फोर्स आयोजन-स्थल की सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे.

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आतंक-विरोधी दस्ते शहर में तैनात किए गए हैं. सिंह के मुताबिक, देश-विरोधी ताकतों को किसी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा. इसके लिए राज्यों और केंद्र की इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ मिलकर कॉन्फ्रेंस की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारी है. (https://x.com/PTI_News/status/1862122345986687075)

डीजी कॉन्फ्रेंस में सभी राज्यों के पुलिस महानिदेशक और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के डायरेक्टर समेत सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ इत्यादि सशस्त्र पुलिस बल के डायरेक्टर-जनरल मौजूद रहेंगे.

सम्मेलन के दौरान, आतंकवाद, नक्सलवाद और साइबर-क्राइम सहित देश की आतंरिक सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी. साथ ही सुरक्षा को मिलने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की जाएगी. खुद प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और एनएसए, सम्मेलन को संबोधित करेंगे. माना जा रहा है कि शनिवार और रविवार, दो दो दिन पीएम मोदी सम्मेलन में मौजूद रहेंगे.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.