Acquisitions Breaking News Defence

वायुसेना की घटती स्क्वाड्रन,एक्शन में PMO

वायुसेनाध्यक्ष एयर मार्शल ए पी सिंह के हाल में डिफेंस डिलीवरी में देरी को लेकर उठाए गए सवालों पर एक्शन में आया है पीएमओ. पीएमओ के प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉक्टर पी के मिश्रा ने मंगलवार को बेंगलुरु स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) फैसिलिटी का दौरा कर एलसीए तेजस कार्यक्रम की समीक्षा की. भारतीय वायुसेना की लगातार घटती स्क्वाड्रन को लेकर पीएमओ गंभीर है. 

ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश के एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने डिफेंस डिलीवरी में हो रही देरी पर नाराजगी और निराशा जताते हुए कहा था कि ‘एक भी प्रोजेक्ट समय से पूरा नहीं किया जा सकता.

तेजस के असेंबली हैंगर और मार्क-2 हैंगर का पीएमओ के प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने दौरा किया

अमेरिका से एविएशन इंजन में मिलने में हो रही देरी के चलते एचएएल का लाइट कॉम्बेट एयरक्राफ्ट (एलसीए) प्रोजेक्ट देरी से चल रहा है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस तरह भारतीय वायुसेना ने निर्णायक भूमिका निभाई है, ऐसे में देश को निकट भविष्य में उन्नत किस्म के लड़ाकू विमानों की जरूरत है. वायुसेना की इन्हीं जरूरतों को पूरा करने के लिए पीएमओ बेहद सक्रिय है.

एचएएल के मुताबिक, प्रिंसिपल सेक्रेटरी पी के मिश्रा ने बेंगलुरु में एलसीए के तेजस असेंबली हैंगर और मार्क-2 वर्जन हैंगर का दौरा किया. एचएएल ने पीएमओ के सबसे सीनियर अधिकारी को बताया कि इस वक्त एलसीए के मार्क-1ए वर्जन के छह फाइटर जेट और एक ट्रेनर (एयरक्राफ्ट) बनकर तैयार हैं.

अमेरिका से हुआ है एलसीओ मार्क-1 ए का करार

एलसीए मार्क-1ए वर्जन के लिए एचएएल को अमेरिका से अभी तक महज एक एफ-404 एविएशन इंजन मिला है. जबकि कुल करार 99 इंजन का है. दूसरी तरह मार्क-2 (और स्टील्थ फाइटर जेट एमका) के लिए अमेरिका से एफ-414 इंजन के करार का इंतजार है.

मिश्रा ने एचएएल के दूसरे स्वदेशी एयरक्राफ्ट का भी जायजा लिया, जिसमें लाइट कॉम्बेट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड, लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर (एलयूएच), लाइट एडवांस हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुप और हिंदुस्तान टर्बो ट्रेनर (एचटीटी-40) शामिल थे.

प्रिंसिपल सेक्रेटरी ने गगनयान मिशन के लिए एचएएल की तैयारियों का भी जायजा लिया. यहां पर मिश्रा को स्मॉल सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (एसएसएलवी) के बारे में ब्रीफिंग दी गई. इस दौरान एचएएल के चेयरमैन डॉ. डी के सुनील और इसरो के चेयरमैन डॉ. वी नारायण भी मौजूद थे.

एचएएल के मुताबिक, मिश्रा ने इंटीग्रेटेड क्रायोजेनिक इंजन मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का भी निरीक्षण किया.

राजनाथ सिंह ने पीट हेगसेथ से बातचीत में उठाया था इंजन देरी का मुद्दा

जुलाई महीने के शुरुआत में ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के बीच फोन पर बात हुई थी. इस दौरान राजनाथ सिंह ने पीट हेगसेथ से तेजस लड़ाकू विमान में इस्तेमाल होने वाले इंजन जीई एफ 404 की डिलीवरी में तेजी लाने को कहा है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.