Breaking News Classified Reports

ट्रंप ने बिगाड़ी अमेरिका की छवि, चीन की सुधरी

डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद लगातार गिरती जा रही है अमेरिका की साख, प्यू रिसर्च सेंटर के आंकड़ों ने किया है खुलासा. प्यू रिसर्च सेंटर के सर्वेक्षण में अमेरिका और चीन को लेकर चौंकाने वाले आंकड़ें पेश किए गए हैं. प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक दुनिया भर के कई देशों में चीन और उसके नेता शी जिनपिंग के प्रति दृष्टिकोण में सुधार हो रहा है, जबकि अमेरिका और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति दृष्टिकोण में गिरावट आई है.

प्यू ने 8 जनवरी से 26 अप्रैल तक 25 देशों के 30,000 से अधिक लोगों का सर्वेक्षण किया, प्यू रिसर्च का मुख्यालय अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में ही है.

दुनिया के देशों के दृष्टिकोण से अमेरिका और चीन में अंतर हुआ कम:प्यू रिसर्च सेंटर

प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा लगभग दो दर्जन देशों में किए गए एक नए सर्वेक्षण में बताया गया है कि दोनों महाशक्तियों यानी अमेरिका और चीन, के नेताओं (ट्रंप और शी जिनपिंग) के प्रति अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण में 2020 की तुलना में लगातार अंतर कम हो रहा है. 

डोनाल्ड ट्रंप से पहले जब जो बाइडन राष्ट्रपति थे तो उनके और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के प्रति वैश्विक दृष्टिकोण में काफी अंतर था, लेकिन अब ट्रंप के सत्ता में आने और खासकर टैरिफ मुद्दे को लेकर अमेरिका की छवि वैश्विक स्तर पर लगातार खराब हो रही है.

ट्रंप के सत्ता में आने के बाद अमेरिका बना कम भरोसेमंद सहयोगी

प्यू रिसर्च ने 24 देशों में किए अपने सर्वेक्षण में पाया कि आठ देशों का दृष्टिकोण, अमेरिका के प्रति अच्छा था. वहीं सात देशों की नजर में चीन ज्यादा बेहतर सहयोगी देश रहा. दो देशों ने दोनों देशों को बराबर रखा. 

रिसर्च की एसोसिएट डायरेक्टर लॉरा सिल्वर ने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अमेरिका को अब दुनियाभर के देश कम भरोसेमंद सहयोगी देश मानने लगे हैं और दुनिया के देशों का अमेरिका में विश्वास भी कम हुआ है. वहीं चीन की सरकार मानवाधिकार संबंधी नीतियों को लेकर और महामारी से निपटने के तरीकों को लेकर वैश्विक स्तर पर निशाने पर रही.

हालांकि सर्वेक्षण में ये नहीं बताया गया है कि वैश्विक दृष्टिकोण में बदलाव की वजह क्या है. क्यों अमेरिका पर दूसरे साथी देश विश्वास नहीं कर पा रहे हैं. लेकिन रिपोर्ट सामने आने के बाद अमेरिका और चीन के बीच अंतर कम होने की वजह ट्रंप बताए जा रहे हैं.

कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली में तेजी से घट रही ट्रंप की लोकप्रियता, तेजी से बढ़ रही चीन की लोकप्रियता

प्यू रिसर्च के सर्वेक्षण में पता चला है कि 10 उच्च आय वाले देशों- कनाडा, फ्रांस, जर्मनी और इटली आदि के 35 प्रतिशत लोग अमेरिका के प्रति सकारात्मक राय रखते हैं, जबकि यह आंकड़ा पिछले साल 51 प्रतिशत था. वहीं उच्च आय वाले पश्चिमी देश जो हाल फिलहाल तक अमेरिका के करीबी थे, वहां भी चीन की स्वीकार्यता बढ़ी है और अब अमीर देशों के 32 प्रतिशत लोग चीन को लेकर सकारात्मक सोचते हैं. यह पिछले साल आंकड़ा 23 प्रतिशत था.

इजरायल के लोग अभी भी अमेरिका को लेकर सकारात्मक हैं और 83 प्रतिशत इजरायली लोग, अमेरिका को पसंद करते हैं, वहीं चीन के प्रति सकारात्मक सोच रखने वाले लोग भी 33 प्रतिशत हैं. 

अमेरिका की वैश्विक छवि बिगाड़ रहे ट्रंप: अमेरिकी डेमोक्रेटिक सीनेटर्स 

अमेरिका में डेमोक्रेटिक सीनेटर्स के एक समूह ने भी इस हफ्ते ट्रंप के खिलाफ नाराजगी जताई थी. सीनेटर्स ने कहा था कि ट्रंप प्रशासन ने विदेशी सहायता कार्यक्रमों को बंद करके, सहयोगी देशों पर टैरिफ लगाकर, विदेशी छात्रों पर वीजा प्रतिबंध लगाकर और प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों पर नकेल कसकर अमेरिका के वैश्विक प्रभाव को भारी नुकसान पहुंचाया है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.