Alert Breaking News Classified Reports Russia-Ukraine War

Ukraine इंटेलिजेंस चीफ की पत्नी को जहर, रूस-यूक्रेन जंग को 21 महीने पूरे

यूक्रेन के सेना प्रमुख द्वारा जब से रूस के खिलाफ जंग में गतिरोध जैसी स्थिति का बयान दिया है जबसे यूक्रेन में षडयंत्रों  का दौर आ गया है. ताज़ा मामला यूक्रेन की इंटेलिजेंस एजेंसी के चीफ की पत्नी का है जिन्हे अज्ञात लोगों ने जहर देकर मारने की कोशिश की है. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. कुछ हफ्ते पहले ही यूक्रेन के सेना प्रमुख के स्टाफ ऑफिसर की एक जन्मदिन समारोह के दौरान बम धमाके में जान चली गई थी. 

रूस के टारगेट पर खुफिया एजेंसी जीयूआर के एजेंट्स ? 

जीयूआर यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की इंटेलीजेंस एजेंसी है. जूयीआर प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल किरिलो बुडानोव की पत्नी मारियाना बुडानोवा की हत्या की कोशिश की गई है. दरअसल, मारियाना बुडानोवा की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जांच में मारियाना के शरीर में जहरीले धातु के अंश पाए गए हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो मारियाना को जिन पदार्थों से जहर दिया गया उनका रोजमर्रा की जिंदगी या मिलिट्री ऑपरेशन में किसी भी तरह से उपयोग नहीं किया जाता है. यूक्रेन की यूक्रेनस्का प्रावदा न्यूज वेबसाइट के मुताबिक, कई अन्य खुफिया अधिकारियों को भी जहर दिया गया है. किरिलो बुडानोव की पत्नी मारियाना बुडानोवा के अलावा कई अन्य जीयूआर कर्मचारियों के शरीर में संदिग्ध जहर पाए जाने के शक पर इलाज किया जा रहा है. 

दबदबा रखती हैं मारियाना

जीयूआर चीफ की पत्नी मारियाना बुडानोवा पुलिस एकेडमी में लीगल साइकोलॉजी पढ़ाती हैं, साथ ही मारियाना, कीव मेयर विटाली क्लिट्स्को की एडवाइजर भी हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध की शुरुआत से ही सुरक्षा कारणों के चलते पत्नी मारियाना जीयूआर चीफ किरिलो बुडानोव के साथ उनके ऑफिस में रह रही थीं. लेकिन इस दौरान मारियाना के अपने पति के साथ खुफिया मामलों से जुड़ी मीटिंग्स में हिस्सा भी लेती थीं. आपको बता दें कि मारियाना की तरह ही यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की की पत्नी ओलेना भी खासा दबदबा रखती हैं. युद्ध में तबाह हुए हेलीकॉप्टर और सैनिकों के साथ वोग मैगजीन के लिए फोटो-ऑप के लिए उनकी जबरदस्त आलोचना हुई थी. 

रूसी टारगेट पर जीयूआर चीफ?

जीयूआर प्रमुख किरिलो बुडानोव को टारगेट किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. लेकिन किरिलो बुडानोव की सैन्य खुफिया एजेंसी को रूस के खिलाफ हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है. फरवरी 2022 में मॉस्को के अटैक के बाद से किरिलो बुडानोवा ने रूसी सेना के खिलाफ प्रमुख सैन्य अभियानों की योजना बनाने और योजनाओं को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. अक्टूबर 2022 में मॉस्को ने रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाले केर्च पुल पर हुए धमाके के पीछे जीयूआर का हाथ होने का आरोप लगाया था. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक इस साल लेफ्टिनेंट जनरल किरिलो बुडानोवा की हत्या की 10 बार कोशिशें हो चुकी हैं लेकिन हर बार उन्हें नाकाम कर दिया गया.

सेना प्रमुख के स्टाफ ऑफिसर की भी हो चुकी है हत्या

दो हफ्ते पहले यूक्रेन केे सेना प्रमुख जनरल वालेरी ज़ालुझनी (ज़ालुज़्हनी) के स्टाफ ऑफिसर की एक बर्थडे समारोह के दौरान हत्या कर दी गई थी. बर्थडे के अवसर पर मिले एक गिफ्ट-पैकेट में हैंड-ग्रेनेड थे. पैकेट के खोलते ही धमाका हुआ और मेजर रैंक के सैन्य अफसर की जान चली गई. जनरल ज़ालुज़्हनी ने रूस से चले रहे 21 महीने पुराने युद्ध को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि इस युद्ध में अब हार-जीत का फैसला होना मुश्किल है. ऐसे में राष्ट्रपति जेलेंस्की उनसे नाराज हो गए थे. 

युद्ध को 21 महीने पूरे

रूस-यूक्रेन युद्ध को जल्द ही दो साल पूरे हो जाएंगे. लेकिन अभी तक हार-जीत का फैसला नहीं हो पाया है. दोनों ही देशों के बड़ी संख्या में सैनिक हताहत हुए हैं और सेना को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है. अमेरिका और दूसरे यूरोपीय देशों की मदद से यूक्रेन ने युद्ध को लंबा खीच लिया है. लेकिन इजरायल-हमास युद्ध शुरु होने के चलते अब अमेरिका और नाटो देशों का पूरा ध्यान मिडिल-ईस्ट की तरफ हो गया है. ऐसे में यूक्रेन को जरूरी सैन्य सहायता नहीं मिल पा रही है. खुद जेेलेंस्की इसे लेकर कड़ी प्रतिक्रिया जारी कर चुके हैं. रूस के खिलाफ यूक्रेन का काउंटर-ऑपरेशन भी विफल हो गया है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.