Breaking News Reports

जहाज वाली हवाई आफत से परेशान अमेरिका, अलास्का से लेकर फिलीपींस तक हड़कंप

अमेरिका में ट्रंप प्रशासन के सामने हवाई जहाज से जुड़ी एक के बाद एक चुनौतियां सामने आ रही हैं. अभी सैन्य हेलीकॉप्टर और यात्री विमान के टक्कर में 67 लोगों के अवशेष बरामद ही किए हैं, कि फिलीपींस में अमेरिका का एक सैन्य विमान हादसे का शिकार हुआ है तो दूसरी घटना में अलास्का के नोम के एक विमान रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब हो गया है. अलास्का में गायब हुए विमान की तलाश की जा रही है. लेकिन फिलीपींस में हुए हादसे में अमेरिकी सेना से जुड़े 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है.

रडार से गायब विमान, पायलट समेत 10 लोग लापता

अमेरिका में एक बेरिंग एयर फ्लाइट अलास्का के नोम के पास से अचालक लापता हो गई. इस प्लेन में 10 लोग सवार थे. बेरिंग एयर के विमान ने उनालाक्लीट से नोम के लिए उड़ान भरी थी, गुरुवार शाम को जब फ्लाइट नोम में नहीं उतरी, तो खोजबीन शुरु की गई. लापता विमान सेसना 208B ग्रैंड कारवां था. अमेरिका में भयंकर ठंड के बीच विमान की तलाश की जा रही है. विमान की आखिरी लोकेशन ट्रेस करके जमीन और हवाई दोनों तक से सर्च ऑपरेशन शुरु किया गया है. नोम और व्हाइट माउंटेन में स्थानीय लोगों की मदद से जमीन पर तलाशी अभियान चला रहा है. हालांकि, खराब मौसम के कारण हवाई तलाशी को फिलहाल रोक कर दिया गया है. 

विमान के लापता होने पर अधिकारियों ने क्या बताया?

अलास्का में पहाड़ी इलाका और मुश्किल मौसम होता है. यहां कई गांव सड़क से नहीं जुड़े हैं, इसलिए लोगों और सामान की आवाजाही के लिए छोटे विमानों का इस्तेमाल किया जाता है. बेरिंग एयर अलास्का की एक क्षेत्रीय एयरलाइन है जो करीब 39 विमान और हेलिकॉप्टर संचालित करती है. 

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, “सेसना 208B ग्रैंड कारवां विमान का अचानक से संपर्क टूट गया और विमान लापता हो गया. बेरिंग एयर के संचालन निदेशक डेविड ओल्सन के अनुसार, “सेसना कारवां ने दोपहर 2:37 बजे उनालाक्लीट छोड़ा और अधिकारियों ने एक घंटे से भी कम समय बाद इससे संपर्क खो दिया.”

अमेरिकी तट रक्षक के अनुसार, विमान 12 मील (लगभग 19 किलोमीटर) दूर था। ओल्सन ने कहा, “बेरिंग एयर के कर्मचारी खोज और बचाव कार्य करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.”

फिलीपींस में अमेरिकी सेना का विमान क्रैश, 4 लोगों की मौत

फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में अमेरिकी रक्षा विभाग का एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है. हादसे में एक यूएस सर्विस मेंबर और तीन सिक्योरिटी कॉन्ट्रैक्टर समेत 4 लोगों की मौत हो गई है. अमेरिकी इंडो-पैसिफिक कमांड ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि अमेरिकी सैन्य विमान फिलीपींस की सेना के अनुरोध पर खुफिया, निगरानी और (आईएसआर) सहायता दे रहा था. दुर्घटना की जांच की जा रही है. ये पता नहीं लगाया जा सका है, कि हादसा हुआ कैसे. चश्मदीदों ने बताया कि विमान असंतुलित होकर एक खेत में जा गिरा.

हादसा या कुछ और, फिलीपींस सेना ने शुरु की जांच

हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, और फिलीपींस की सेना ने जांच जारी रहने के कारण विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया है. अमेरिकी इंडो-पैसिफिक कमांड ने एक बयान जारी कर बताया कि यह दुर्घटना मिंडानाओ द्वीप पर एक नियमित सुरक्षा सहयोग मिशन के दौरान हुई. यह विमान अमेरिकी-फिलीपींस सुरक्षा सहयोग गतिविधियों के तहत उड़ान भर रहा था. हादसे में मारे गए चार लोगों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है. 

पुलिस और सैन्य बलों को दुर्घटना स्थल पर तैनात कर दिया गया है ताकि सबूतों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ को रोका जा सके. फिलीपींस की सेना ने इस दुर्घटना से संबंधित जानकारी शेयर करने से इनकार कर दिया है, क्योंकि यह मामला सीक्रेट बताया गया है. वहीं क्षेत्रीय पुलिस प्रवक्ता जोपी वेंटुरा ने बताया कि “अधिकारियों ने अब तक यह निर्धारित नहीं किया है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण क्या था.”

फिलीपींस में क्या कर रहा था अमेरिकी सैन्य विमान?

दरअसल सैन्य सहयोगी होने के कारण फिलीपींस में अमेरिकी फोर्सेज की सीमित उपस्थिति रहती है. यूएस फोर्सेज ने फिलीपींस के सैनिकों को आईएसआईएस से जुड़े उग्रवादियों के खिलाफ खुफिया जानकारी और सैन्य सहायता प्रदान की है. मिंडानाओ द्वीप में सक्रिय आतंकवादी समूहों के खिलाफ अमेरिका और फिलीपींस की यह साझेदारी लंबे समय से जारी है. हाल ही में अमेरिका और फिलीपींस ने चीन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अपनी सैन्य साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.