Breaking News Reports

चेन्नई में वायुसेना के Air-Display का रिकॉर्ड

वायुसेना दिवस से पहले इंडियन एयर फोर्स ने चेन्नई के मरीना बीच पर एयर-डिस्प्ले के दौरान रिकॉर्ड कायम कर दिया है. माना जा रहा है कि वायुसेना के इस हवाई प्रदर्शन को देखने के लिए 10-12 लाख दर्शक जुटे. ऐसे में मरीना-बीच का ये एयर-डिस्प्ले ‘लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड’ में शामिल होने जा रहा है.

रविवार को मरीना बीच पर वायुसेना के 22 अलग-अलग तरह के कुल 72 एयरक्राफ्ट ने समुद्री तट पर हवाई प्रदर्शन किया. इनमें विंटेज एयरक्राफ्ट से लेकर सुपरसोनिक फाइटर जेट शामिल थे.

खास बात ये है कि वायुसेना ने अपने हवाई प्रदर्शन को दक्षिण भारत के गौरवशाली इतिहास के एकीकरण कर अपनी प्रस्तुति दी.

मरीना तट पर वायुसेना के एयर-डिस्प्ले की शुरूआत ध्वज, पुयल (तूफान) और संगम कॉल-साइन से हुई, ध्वज फॉर्मेशन में चार चेतक हेलीकॉप्टर ने राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) और वायुसेना के फ्लैग के साथ उड़ान भरी, तो पुयल में एक रफाल (राफेल) लड़ाकू विमान दिखाई पड़ा. संगम में तीन स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर (एलसीएच) विक्ट्री फॉर्मेशन में दिखाई पड़े.

दक्षिण भारत के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए वायुसेना ने अपने कॉल-साइन को मध्यकालीन चोला, चेरा, पल्लव और पांड्य साम्राज्य के नाम पर रखे. (https://x.com/SpokespersonMoD/status/1842821256678105221)

चोला कॉल-साइन में तीन सुखोई (सु-30 एमकेआई) दिखाई पड़े तो पांड्यन में एक स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीए) तेजस. चेरा कॉल-साइन में दिखाई पड़ा विंटेज (पुराना) एयरक्राफ्ट डकोटा तो पल्लव में एक विंटेज हार्वर्ड विमान.

देश के मिसाइल-मैन और पूर्व-राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के कॉल-साइन में दिखाई दिया एक स्वदेशी एचटीटी-40 एयरक्राफ्ट.

दक्षिण भारत के इतिहास के साथ-साथ संस्कृति की झलक भी वायुसेना के कॉल-साइन में नजर आई. ऐसे में इन कॉल-साइन को कार्तिकेय, कांची, नटराज, मरीना, धनुष, नीलगिरी, कावेरी और महाबली भी दिखाई पड़े.

मरीना बीच पर वायुसेना के स्पेशल फोर्स कमांडो गरुण और पैराशूट के जरिए आसमान से जमीन पर उतरी आकाश-गंगा टीम ने भी अपने प्रदर्शन से लाखों की तादाद में मौजूद लोगों का दिल जीत लिया.

वायुसेना की सूर्यकिरण और सारंग एयरोबैटिक टीम ने भी चेन्नई के तट पर हवा में कलाबाजियां कर लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया.

8 अक्टूबर को वायुसेना अपना 92 वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है. पिछले दो साल की तरह इस बार वायुसेना स्थापना दिवस का कार्यक्रम तमिलनाडु के तांबरम एयरबेस पर मनाएगी. इस दौरान भी ताम्बरम एयरबेस पर एयर-डिस्प्ले और वायु-सैनिकों की मार्च-पास्ट का आयोजन किया जाएगा.

इस साल वायुसेना ने अपने स्थापना दिवस का थीम रखा है ‘सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर’.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.