Breaking News Indian-Subcontinent

बांग्लादेश का एयरक्राफ्ट कॉलेज पर गिरा, Chinese माल नहीं आया काम

By Nalini Tewari

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वायुसेना का एक ट्रेनी लड़ाकू एयरक्राफ्ट कॉलेज की बिल्डिंग पर क्रैश हो गया. जिस वक्त बांग्लादेश एयरफोर्स का एफटी 7बीजीआई जेट हादसे का शिकार हुए, कॉलेज में क्लास चल रहीं थी. हादसे में 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि 160 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

माना जा रहा है हादसे में कई छात्रों की मौत हुई है. जो विमान क्रैश हुआ, वो चाइनीज़ था. विमान चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन चीन द्वारा निर्मित है. इसे एफ-7 लड़ाकू विमान का सबसे उन्नत संस्करण बताया जाता है.

बांग्लादेश एयरफोर्स का ट्रेनिंग विमान कॉलेज परिसर में क्रैश ,19 मौत

हादसे का शिकार विमान बांग्लादेश वायुसेना का एक प्रशिक्षण विमान है. बांग्लादेश सेना के मुताबिक, जेट ने दोपहर 1 बजकर 6 मिनट पर उड़ान भरी थी और 1 बजकर 30 मिनट तक यह हादसे का शिकार हो गया. 

बयान के मुताबिक, बांग्लादेश एयरफोर्स का एफ-7 ट्रेनर विमान सोमवार को अचानक उत्तरा इलाके में स्थित दियाबारी के माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज बिल्डिंग पर गिर गया . हादसे के वक्त कॉलेज चल रहा था और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे. 

हादसे में 19 लोगों की मौत हुई है, जिसमें अधिक संख्या में छात्र हैं, वहीं 160 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

चश्मदीदों ने बताया, बहुत नीचे उड़ रहा था लड़ाकू विमान

कॉलेज के गेट पर मौजूद लोगों के मुताबिक, विमान बहुत नीचे उड़ रहा था और अचानक वह संतुलन खोते हुए और नीचे आने लगा. पहले तो विमान कुछ नारियल के पेड़ों से टकराया, फिर एक कॉलेज की बिल्डिंग से टकरा गया. टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ और विमान में तेज आग लग गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज बहुत तेज थी. हादसे के बाद हर ओर चीखपुकार मच गई.

बांग्लादेश ने चीन से लिए हैं 36 एफटी 7बीजीआई जेट

बांग्लादेश ने साल 2022 में चीन से 36 एफटी 7बीजीआई विमान खरीदे थे. इस विमान का उपयोग हवाई हमले के लिए किया जाता है. हादसे का शिकार विमान एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट था. बताया जा रहा है, हादसे में पायलट का निधन हो गया है. विमान को चीन की सबसे बड़ी कंपनी चेंगदू एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन ने बनाया है. इसे एफ-7 फाइटर जेट का उन्नत संस्करण बताया जाता है. अपदस्त पीएम शेख हसीना के कार्यकाल के दौरान बांग्लादेश ने अपनी हवाई सुरक्षा को मजबूत करने के लिए चीन से 36 विमानों का सौदा किया था.

ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को मिला मेड इन चाइना हथियारों से धोखा, गिर गए थे चेंगदू एविएशन के शेयर्स

मई के महीने में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीनी हथियारों से धोखा मिला था. चीन के एयरडिफेंस सिस्टम से लेकर फाइटर जेट तक ने काम नहीं किया. भारतीय वायुसेना के अटैक में लाहौर में चीन का बना एयर डिफेंस रडार क्षतिग्रस्त हुआ था. वहीं पंजाब के चुनियां एयरबेस में तैनात चीन का वाईएलसी-8ई एंटी-स्टील्थ रडार पूरी तरह तबाह कर दिया गया था. 

चीन से मिले ड्रोन और लेजर गाइडेड मिसाइलों को पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर दागने की कोशिश की थी, लेकिन एस 400 और आकाश मिसाइल सिस्टम ने उन्हें आसमान ने ही ध्वस्त कर दिया था.

चाइनीज हथियारों और प्रोडक्ट्स के फेल होने के बाद चीन की एविएशन कंपनी चेंगदू (चेंगदू एयरक्राफ्ट इंडस्ट्री) का शेयर मार्केट धड़ाम से गिर गया था. पिछले कुछ महीनों में चेंगदू का शेयर बाजार लगातार बढ़ रहा था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने जैसे ही जेएफ-17 को मार गिराया, चेंगदू का शेयर 9% तक गिर गया था.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.