ऑस्ट्रेलिया में यहूदियों पर हुए आतंकी हमले का गुस्सा शांत भी नहीं हुआ था कि इजरायल के अंदर यहूदियों पर हुआ अटैक. इजरायल के उत्तरी शहर बेन शेआन में फिलिस्तीनी हमलावर ने अपनी कार से लोगों को रौंदना शुरु कर दिया. ये एक लोन वुल्फ अटैक था. फिलिस्तीनी हमलावर कार से हमले के बाद नहीं रुका, और गाड़ी को हाईवे पर ले गया, और फिर उसने चाकू से हमला कर दिया.
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस हमले को आतंकी हमला करार देते हुए 2 नागरिकों की मौत की पुष्टि की है. वहीं इजरायली राष्ट्रपति ने कहा है कि वो इस हत्याकांड से हैरान हैं.
वहीं इजरायली सेना ने कबातिया शहर को घेर लिया. बताया जा रहा है कि हमलावर कबातिया का रहने वाला था.
इजरायल में आतंकी हमला, हमलावर को मारी गई गोली
इजरायली पुलिस के मुताबिक, एक फिलिस्तीनी हमलावर ने उत्तरी इजरायल में अपनी कार से एक व्यक्ति को टक्कर मार दी. फिर दूसरे लोगों को रौंदने की कोशिश की. लेकिन जब वो सफल नहीं हुआ तो मौके पर मौजूद एक युवती व दूसरे व्यक्ति पर चाकू से हमला किया.
चश्मदीदों की मानें तो फिर हमलावर हाईवे पर भाग गया, जहां उसने एक महिला को घातक रूप से चाकू मारा और अफुला शहर के प्रवेश द्वार के पास एक अन्य व्यक्ति को घायल कर दिया.
इस बीच अलर्ट पुलिसवालों ने अफुला में हमलावर को गोली मारकर घायल कर दिया, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया है.
इजरायली सेना ने हमलावर के गृह क्षेत्र कबातिया को घेरा, गिराया गया हमलावर का घर
इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने घटना पर हैरानी जाहिर की है और कहा है कि “इजरायल इस चुनौतीपूर्ण सीमा को मजबूत करने और क्षेत्र में निवासियों की पूर्ण सुरक्षा के लिए सुरक्षा प्रतिक्रिया को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है.”
वहीं इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के आदेश के बाद सेना ने जल्द ही फिलिस्तीनी शहर कबातिया को घेर लिया. रक्षा मंत्री का कहना है कि “हमलावर यहीं का रहने वाला है.”
आईडीएफ ने अपने एक बयान में कहा, आतंकियों को इस हमले की कीमत चुकानी होगी. उसने हमलावर के निवास स्थान पर खुफिया बलों के साथ “सटीक ऑपरेशनल सर्च” की और निवास को ध्वस्त कर दिया है.
सितंबर में भी जेरूसलम में हुआ था आतंकी हमला
इस साल सितंबर में भी फिलिस्तीनी हमलावरों ने जेरूसलम में सुबह की भीड़भाड़ के दौरान एक बस स्टॉप पर गोलीबारी की, जिसमें इजरायली अधिकारियों के अनुसार 6 लोग मारे गए और 12 घायल हुए थे.
दरअसल 7 अक्टूबर 2023 के बाद से इजरायल में आतंकी हमलों में इजाफा देखा गया है. इस दिन हमास ने इजरायल पर बड़ा आतंकी हमला किया था. म्यूजिक फेस्टिवल पर हुए अटैक में 1,200 लोग मारे गए और 251 को बंधक बना लिया गया था

