वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए अटैक का कनेक्शन एपस्टीन फाइल से जुड़ता दिख रहा है. फायरिंग से पहले होटल हिल्टन की दीवार पर एक बड़ी स्क्रीन पर एपस्टीन फाइल से जुड़े दस्तावेजों और तस्वीरों को तो दिखाया जा ही रहा था, अब खुलासा हुआ है कि शूटर कोल थामस एलन ने ट्रंप पर हमले की कोशिश से पहले परिवार को भेजे घोषणा पत्र में “पीडोफाइल, रेपिस्ट और देशद्रोही” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था.
शूटर के मेनिफेस्टो पर सवाल पूछने पर डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. ट्रंप ने कहा, मैं ना तो रेपिस्ट हूं और न ही पीडोफाइल. ट्रंप ने शूटर को मानसिक तौर पर बीमारू बताते हुए ईसाई विरोधी कट्टरपंथी करार दिया है.
मैं रेपिस्ट नहीं, भड़का ट्रंप का गुस्सा
व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के डिनर में गोलीबारी करने वाले शूटर के मेनिफेस्टो से जुड़े एक सवाल पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़क गए. ट्रंप ने अपने मैनिफेस्टो में शूटिंग के संदिग्ध के ‘पीडोफाइल’ के आरोप को खारिज कर दिया है.
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने किसी का रेप नहीं किया है. ट्रंप ने गोलीबारी के आरोपी कोल थॉमस एलन को ‘रेडिकलाइज्ड’ और ‘एंटी-क्रिश्चियन’ बताते हुए बहुत बीमार कहा है.
दरअसल ट्रंप से जब एक इंटरव्यू के दौरान पूछा गया, “अपने मेनिफेस्टो में शूटर ने लिखा था कि ‘मैं अब किसी पीडोफाइल, रेपिस्ट और देशद्रोही को अपने हाथ अपने जुर्मों से रंगने की इजाजत नहीं दूंगा,’ इसपर आपका क्या रिएक्शन है?”
ट्रंप सवाल सुनकर आगबबूला हो गए, और कहा, “मैं इंतजार कर रहा था कि आप इसे पढ़ो, क्योंकि मुझे पता था कि आप इसे पढ़ोगे क्योंकि आप बहुत बुरे लोग हो. भयानक लोग हो. मैं रेपिस्ट नहीं हूं. मैंने किसी का रेप नहीं किया. मैं पीडोफाइल नहीं हूं. माफ करना. तुमने एक बीमार इंसान के बकवास को पढ़ा है.”
मुझे ऐसी चीजों से जोड़ा जा रहा है, जिनका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है. मुझे पूरी तरह बेदाग साबित किया जा चुका है. वे आपके दोस्त हैं जो एप्स्टीन आदि की बात करते रहते हैं.”
शूटिंग से 10 मिनट पहले शूटर ने भेजा मैसेज
शनिवार रात को हाई-प्रोफाइल व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर में गोलीबारी करने से कुछ मिनट पहले संदिग्ध शूटर कोल एलन ने अपने परिवार को एक मेनिफेस्टो मैसेज भेजा था.
इस मैसेज में शूटर ने लिखा, “मैं अब किसी पीडोफाइल, रेपिस्ट और देशद्रोही को अपने अपराधों का रंग लगाने की इजाजत नहीं दूंगा.”
शूटर एलन ने लिखा, मैं अमेरिका का नागरिक है. मेरे प्रतिनिधि जो काम करता हैं, उसका असर मुझ पर भी पड़ता है. मैं अब किसी भी हालत में एक बाल यौन शोषण करने वाले, बलात्कारी और देशद्रोही को अपने ऊपर अपने अपराधों का दाग लगाने की इजाजत नहीं दूंगा. इसलिए मैंने हमला करने का फैसला लिया है.
एलन ने ये भी लिखा कि “आम लोग, होटल कर्मचारी और मेहमान उसके निशाने पर नहीं थे. वह सुरक्षा बलों को सिर्फ जरूरत पड़ने पर ही निशाना बनाएगा और कोशिश करेगा कि उन्हें जानलेवा नुकसान न हो. लेकिन उसने यह भी माना कि अगर जरूरी हुआ, तो वह रास्ते में आने वाले लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है.”
मैं किसी दूसरे देश का एजेंट नहीं, काश पटेल नहीं हैं टारगेट पर: शूटर एलन
अपने मैसेज में शूटर एलन ने लिखा, “अगर मैं किसी दूसरे देश का एजेंट होता, तो और ज्यादा खतरनाक हथियार अंदर ला सकता था.”
एलन ने यह भी बताया कि “उसने गोलियों की बजाय बकशॉट (छर्रे) का इस्तेमाल चुना, ताकि गोलियां दीवार पार करके ज्यादा लोगों को नुकसान न पहुंचाएं. उसने होटल की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए और कहा कि वह कई हथियार लेकर अंदर आया, लेकिन किसी ने उसे रोका नहीं.”
एलन के मुताबिक, “उसका निशाना सिर्फ सरकार के बड़े अधिकारी थे. लेकिन एफबीआई डायरेक्ट काश पटेल उसकी टारगेट लिस्ट में नहीं थे.”
ट्रंप के डिनर से पहले दिखाई गई एपस्टीन फाइल
इस शूटिंग के से पहले एक और खुलासा हुआ है. वाशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आयोजित होने वाले व्हाइट हाउस कोरेस्पोंडेंट डिनर से ठीक पहले हिल्टन होटल की दीवार पर एक प्रोजेक्टर के जरिए ट्रंप और एपस्टीन से जुड़ी तस्वीरों और दस्तावेजों को दिखाया जा रहा था.
वाशिंगटन डी.सी. के हिल्टन होटल की बाहरी दीवार पर जेफरी एपस्टीन और डोनाल्ड ट्रंप से संबंधित तस्वीरें और दस्तावेज प्रोजेक्ट किए गए थे. विरोध करने वाले समूह ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें ट्रंप और कुख्यात अपराधी एपस्टीन की पुरानी तस्वीरें और दस्तावेज़ दिखाए गए. इसमें एपस्टीन द्वारा ट्रंप को लिखे गए साल 2019 के एक ईमेल का भी जिक्र था. जिसमें ट्रंप के लिए लिखा गया था, एक कुत्ता जो भौंका नहीं.
वीडियो के साथ एक कैप्शन भी लिखा था जिसमें साफ तौर पर कहा गया कि “व्हाइट हाउस डिनर के सम्मान में ट्रंप और एपस्टीन के ‘खास’ रिश्तों की याद दिलाई जा रही है”

