Breaking News Geopolitics Terrorism

मॉस्को में डोवल, समझाई ग्लोबल साउथ की ताकत

जिस तरह से रूस अपने देश में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक और आक्रामक कार्रवाई करता है, ठीक वैसे ही भारत भी आतंकवाद का खात्मा करेगा. ये हुंकार भरी है राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोवल ने. एनएसए डोवल मॉस्को दौरे पर हैं.

डोवल ने मॉस्को में कहा, आतंकवाद वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है. आतंकवाद के खिलाफ डबल स्टैंडर्ड नहीं चल सकता. जिम्मेदार देशों को आतंकवाद के विकल्पों का मूल्यांकन करना होगा और ये सोचना होगा कि क्या वो आतंकवाद के प्रायोजकों का समर्थन करते हैं, या आतंकवाद के खिलाफ खड़े हैं. आतंकवाद के समर्थकों, वित्तपोषकों और उसे बढ़ावा देने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है.

रूस की तरह आतंक को कुचलेंगे : एनएसए डोवल

रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के सामने एनएसए डोवल ने पिछले साल पाकिस्तान पोषित पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया और कहा “हमने एक टूरिस्ट राज्य में 26 बेकसूर लोगों की जान गंवाई और हम आपकी तरह ही आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

अजीत डोवल ने सर्गेई शोइगू से कहा, “भारत, रूस की तरह ही आतंकवाद को कुचलेगा. हम आपकी तरह ही आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

आपको बता दें कि रूस का आतंकवाद को कुचलने का इतिहास अत्यंत आक्रामक, कठोर और जीरो टॉलरेंस रहा है. रूस ने आतंकवाद को खत्म करने के लिए सैन्य ताकत, सख्त कानूनों का इस्तेमाल किया है.

एनएसए डोवल ने ये साफ कर दिया कि रूस की तरह ही भारत भी आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति रखता है और सख्ती से निपटेगा.

देशों को तय करना होगा आतंक के साथ, या आतंक के खिलाफ: डोवल

अजीत डोवल ने मॉस्को में पहले अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंच और सुरक्षा मामलों के लिए उच्च प्रतिनिधियों की 14वीं बैठक में भाग लिया. इस बैठक में एनएसए डोवल ने आतंकवाद और आतंकियों का समर्थन करने वाले देशों को खरी-खरी सुनाई.

डोवल ने साफ तौर पर दुनिया से दो टूक कहा, कि “किसी भी प्रकार के आतंकवाद को उचित नहीं ठहराया जा सकता और इस मुद्दे पर चयन कर के कार्रवाई करने का रवैया वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरनाक है. आतंकवाद के खिलाफ साझा और समन्वित रणनीति अपनाने की जरूरत है.”

अजीत डोवल ने साइबर सुरक्षा, कट्टरपंथ और उभरते सुरक्षा खतरों का भी जिक्र किया. कहा, कि “नई तकनीकों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल आतंकवादी संगठन अपने नेटवर्क फैलाने और युवाओं को प्रभावित करने के लिए कर रहे हैं, जिससे देशों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं.”

होर्मुज स्ट्रेट-लाल सागर में आवाजाही सुनिश्चित करना जरूरी: डोवल

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा फोरम और सुरक्षा मामलों के उच्च प्रतिनिधि की 14वीं मीटिंग में कई देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और सुरक्षा प्रमुख को संबोधित करते हुए, एनएसए डोवल ने पश्चिम एशिया के हालात पर खुलकर बात की. एनएसए डोवल ने​​ कहा, “होर्मुज स्ट्रेट और लाल सागर समेत अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों के जरिए व्यापार की सुरक्षित और बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करना जरूरी है.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *