कुवैत हवाईअड्डे पर हुए ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है. भारतीय दूतावास ने मौत की पुष्टि करते हुए पीड़ित परिवार के साथ संवेदनाएं जताई हैं. कुवैत का आरोप है कि हमले के पीछे ईरान था. तो ईरान ने ड्रोन हमले को अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करार दिया है.
बुधवार को कुवैत पर ईरान ने एक के बाद एक कई हमले किए थे. आईआरजीसी का दावा है कि उन्होंने अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बनाया है. अमेरिका का कहना है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान के हमलों को नाकाम कर दिया, लेकिन कुवैत के रक्षा मंत्रालय का आरोप है कि ईरान के हमले से उन्हें नुकसान पहुंचा है.
कुवैत ने अपने नागरिकों के लिए गाइडलाइन भी जारी की थी और कहा था कि अलर्ट रहें. वहीं ईरानी हमलों के बाद कुवैत की कई एयरलाइन्स भी प्रभावित हुई हैं.
आम नागरिकों को टारगेट नहीं किया जाना चाहिए: विदेश मंत्रालय
कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हैं. इनमें कई लोगों की हालत गंभीर है. कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना पर शोक जताया है.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम आज कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है और हमारे कई नागरिक घायल हुए हैं. पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से हमने जोर देकर कहा है कि आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए. हम एक बार फिर सभी पक्षों से अपील करते हैं कि वे ऐसे हमले बंद करें. हम पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. हमारा दूतावास घायलों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है. भारतीय नागरिकों की भलाई के लिए हम स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं. इस पूरे क्षेत्र में मौजूद भारतीय मिशन और पोस्ट अलर्ट पर हैं और हमारे समुदाय को सक्रिय रूप से सहायता प्रदान करना जारी रखे हुए हैं.”
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पैसेंजर बिल्डिंग पर किया गया: कुवैत का रक्षा मंत्रालय
कुवैत के मुताबिक, हमला कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पैसेंजर बिल्डिंग (टी1) को निशाना बनाकर किया गया था. कुवैत की सेना ने आरोप लगाया है कि ईरान ने ड्रोन के जरिए यह हमला किया.
कुवैत सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी ने कहा, “ईरान की आक्रामकता के कारण हवाई अड्डे की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है. हमले में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सुरक्षा कारणों से कुवैत ने हवाई यातायात को रोक दिया है और उड़ानों को दूसरे हवाई अड्डों की तरफ मोड़ दिया गया है.”
कुवैत पर हमला हमारी जवाबी कार्रवाई: आईआरजीसी
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर ने कुवैत में किए हमलों को प्रतिक्रिया के तौर पर बताया है. आईआरजीसी ने कहा, “यह हमला जवाबी कार्रवाई के तौर पर किया है.
ईरान के मुताबिक, “अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास उनके एक तेल टैंकर और केशम द्वीप पर एक संचार टावर को निशाना बनाया था. इसके जवाब में ईरान ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय और एक क्षेत्रीय एयरबेस पर मिसाइलें और ड्रोन दागे.”

