Breaking News Russia-Ukraine War

यूक्रेन जंग में यूरोप ने डाला घी, 04 बिलियन डॉलर के देंगे हथियार

यूरोप ने एक बार फिर से रूस-यूक्रेन जंग की आग में घी डाल दिया है. इंग्लैड, जर्मनी सहित करीब एक दर्जन देशों ने रूस के खिलाफ यूक्रेन को 04 बिलियन डॉलर यानी करीब 36 हजार करोड़ के ड्रोन, पैट्रियाट मिसाइल और तोप के गोलों सहित बड़ी मात्रा में हथियार और दूसरे सैन्य उपकरण देने का ऐलान किया है. यूरोप के इन बड़े देशों की घोषणा के मुताबिक यूक्रेन को जो हथियार दिए जाएंगे वो रूस की ही जब्त पड़ी संपत्तियों से जुटाई जाएगी.

यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और सहायता देने की घोषणा ऐसे समय में की है जब यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को की एक बड़ी ऑयल रिफाइनरी पर ड्रोन अटैक को पूरी दुनिया को ये बताने की कोशिश की है, कि उनकी सेना सशक्त है और रूस के आगे नहीं झुकेगी.

ब्रिटेन, जर्मनी समेत यूरोपीय देश देंगे यूक्रेन को हथियार

जी-7 समिट में हिस्सा लेने गए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को ब्रसेल्स (बेल्जियम) में यूक्रेन-डिफेंस कॉन्टेक्ट ग्रुप की मीटिंग में हिस्सा लिया. इस ग्रुप में इंग्लैंड और जर्मनी सहित नीदरलैंड, स्वीडन, स्पेन, नॉर्वे जैसे एक दर्जन देश हैं. बैठक के दौरान ग्रुप में शामिल सदस्य-देशों ने रूस से लड़ने के लिए दी जाने वाली सहायता की घोषणा की.

जर्मनी ने 220 मिलियन डॉलर की अमेरिकी पैट्रियाट मिसाइल (एयर डिफेंस) सिस्टम देने का ऐलान किया तो इंग्लैंड ने 1.50 लाख ड्रोन की. बाकी यूरोपीय देशों ने तोप के गोले, रॉकेट, रडार और दूसरे सैन्य उपकरण देने का ऐलान किया. इस दौरान नाटो के सेक्रेटरी जनरल मार्क रूटे की भी मौजूदगी रही. जर्मनी और इंग्लैंड के रक्षा मंत्री भी सम्मेलन में शामिल रहे.

इंग्लैंड के रक्षा मंत्री डैन जर्विस ने बताया कि “यूक्रेन को जो 1.50 लाख ड्रोन और 330 मिलियन डॉलर के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम देकर सहायता करने का ऐलान किया है. ये सहायता, रूस की जब्त पड़ी संपत्तियों से होने वाली आमदनी के जरिए की जाएगी. स्वीडन ने भी यूक्रेन को ड्रोन देने का वादा किया है. नीदरलैंड ने यूक्रेन को अनमैनड सर्फेस वेसल (यूएसवी) देने का ऐलान किया है.”

मीटिंग के दौरान जेलेंस्की ने पैट्रियाट मिसाइल और दूसरे हथियारों को मिलने पर यूरोपीय देशों का आभार जताते हुए अतिरिक्त एफ-16 फाइटर जेट की मांग कर डाली. साथ में यूक्रेनी सेना के लिए पैसे की मांग की ताकि सैनिकों को सैलेरी इत्यादि का खर्च पूरा किया जा सके.

पुतिन जंग रोकने का इरादा नहीं रखते हैं: जेलेंस्की

जेलेंस्की ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की आक्रामक नीतियों को रोकने के लिए सभी यूरोपीय देशों से मदद का आह्वान किया. यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि “पुतिन का जंग रोकने का कोई इरादा नहीं है और शांति की बातें सब झूठी हैं. सभी यूरोपीय देशों को ये समझना चाहिए.  लेकिन हम (यूक्रेन और यूरोप) मिलकर पुतिन को रोक सकते हैं.”

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि “पुतिन को अपनी सेना के जंग के मैदान से बिना जीत के लौटने से डर लगता है. लेकिन पुतिन को जीत नहीं मिलेगी. इसलिए रूस ने युद्ध जारी रखा हुआ है. लेकिन इस बार निशाने पर कोई और (यूरोप) भी हो सकता है.”

पिछले चार साल से ज्यादा हो चुका है और रूस-यूक्रेन जंग जारी है. कई बार शांति के प्रयास भी किए गए लेकिन सब नाकाम साबित हुए. ईरान डील के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया था कि अब यूक्रेन की तरफ रूख किया जाएगा. लेकिन बड़ा सवाल है कि ईरान युद्ध (और डील) में किरकिरी करा चुके ट्रंप की बात क्या पुतिन और जेलेंस्की सुनेंगे.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.