अपना दमखम और शौर्य दिखाने के लिए मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में मौजूद हैं भारतीय सेना के 40 शूरवीर. उलानबटोर स्थित फाइव हिल्स प्रशिक्षण क्षेत्र में चल रही बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास खान क्वेस्ट 2026 में भारतीय जांबाजों ने हिस्सा लिया है.
मंगोलियाई सेना के अलावा संयुक्त राष्ट्र शांति सेनाएं भी इस युद्धाभ्यास में शामिल हैं. 20 जून से शुरु हुआ ये संयुक्त युद्धाभ्यास 3 जुलाई तक चलेगा. खान क्वेस्ट का ये 23 वां संस्करण है, जिसमें 18 देशों के 1000 से अधिक सैनिकों ने हिस्सा लिया है. आपको बता दें कि यह संस्करण संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन संचालन प्रशिक्षण के इस सबसे बड़े अभ्यास की 20वीं वर्षगांठ भी है.
भारतीय सेना दिखा रही दम, सिखा रही युद्ध के दांव-पेंच
मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर में चल रहा है बड़ा युद्धाभ्यास जिसमें 18 देश एक दूसरे से युद्ध कौशल की रणनीतियां सीख रहे हैं.इस युद्धाभ्यास में भारतीय सेना की टुकड़ी में 40 जवान शामिल हैं, जिसका प्रतिनिधित्व जाट रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिकों के साथ-साथ अन्य आयुध एवं सेवाओं के कार्मिक कर रहे हैं.
यह टुकड़ी बहुराष्ट्रीय परिवेश में गहन संयुक्त शांति-स्थापना अभ्यासों में सक्रिय रूप से भाग ले रही है. युद्धाभ्यास का लक्ष्य यूनाइटेड नेशंस चार्टर के चेप्टर-7 के तहत होने वाले पीस मिशन में दूसरे देशों की सेनाओं के साथ बेहतर कॉर्डिनेशन बनाना है औरजटिल परिचालन परिदृश्यों में अंतर-संचालनीयता, संचार एवं समन्वित प्रतिक्रिया को सुदृढ़ करना है.
चुनौतियों का सामना और बेहतर रणनीति का अभ्यास
इस युद्धाभ्यास के तहत भारतीय सेना के जवान चेक पॉइंट प्रक्रिया, गश्त, घेराबंदी एवं तलाशी, भीड़ नियंत्रण, संयुक्त राष्ट्र की संपत्तियों की सुरक्षा, नागरिकों को मानवीय सहायता, युद्धकालीन प्राथमिक चिकित्सा एवं घायलों के निष्कासन जैसे कई सामरिक अभ्यासों का अभ्यास कर रहे हैं.
यह टुकड़ी महिला, शांति एवं सुरक्षा खंड में भी भाग ले रही है, जिसमें लिंग-संवेदनशील शांति-स्थापना, नागरिकों की सुरक्षा, सामुदायिक सहभागिता तथा संघर्ष एवं संघर्षोत्तर वातावरण में समावेशी दृष्टिकोण पर बल दिया गया है.
युद्धाभ्यास में शामिल होने वाले देशों के सैनिक एक-दूसरे के एक्सपीरियंस और संघर्ष के दौरान ऑपरेशनल तकनीकि को भी आपस में साझा कर रहे हैं.
खान क्वेस्ट के बारे में जानिए
मंगोलिया में आयोजित होने वाला एक प्रमुख बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य और शांतिरक्षा अभ्यास है. यह अभ्यास विशेष रूप से संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों, मानवीय सहायता और वैश्विक सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन किया गया है. खान क्वेस्ट युद्धाभ्यास की शुरुआत वर्ष 2003 में अमेरिका और मंगोलिया के बीच एक द्विपक्षीय सैन्य युद्धाभ्यास के रूप में हुई थी. बाद में वर्ष 2006 से इसे बहुराष्ट्रीय शांति स्थापना युद्धाभ्यास का स्वरूप दिया गया था.

