अमेरिका-ईरान जंग शुरु होने के बाद पहली बार भारतीय नौसेना का किसी खाड़ी देश की नौसेना के साथ साझा युद्धाभ्यास होने जा रहा है. खाड़ी देश ओमान के साथ मेरीटाइम एक्सरसाइज ‘नसीम अल बहर’ (इंग्लिश में सी ब्रीज़) के लिए भारतीय नौसेना का जंगी जहाज आईएनएस सूरत, ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच गया है.
पिछले 08 महीने में यानी 28 फरवरी के बाद शुरु हुए अमेरिका-ईरान जंग के बाद पहली बार पर्शियन गल्फ के किसी देश के साथ भारतीय नौसेना किसी युद्धाभ्यास में हिस्सा ले रही है. भारत और ओमान की नौसेनाओं के बीच होने वाली समुद्री एक्सरसाइज नसीम अल बहर (सी ब्रीज़) का ये 15वां संस्करण है.
भारतीय नौसेना के मुताबिक, रविवार (08 नवम्बर) को आईएनएस सूरत मस्कट पोर्ट पहुंचा है. युद्धाभ्यास के दौरान, हार्बर और समुद्री चरणों के दौरान व्यावसायिक गतिविधियां शामिल होंगी, जिनमें क्रॉस-डेक, परिचालन संबंधी बातचीत और खेल आयोजन शामिल हैं. ये गतिविधियां दोनों देशों के नौसैनिकों के अनुभव और सर्वोत्तम प्रथाओं का आदान-प्रदान करने, अंतर-संचालन क्षमता बढ़ाने और आपसी समझ को और मजबूत करने के अवसर प्रदान करेंगी. एक्सरसाइज के बाद भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी के बीच अरब सागर में समन्वित गश्त (कोआर्डिनेट पेट्रोल) होगी.
भारतीय नौसेना के मुताबिक, “यह पोर्ट कॉल भारत और ओमान के बीच मजबूत और स्थायी समुद्री साझेदारी को रेखांकित करता है, जो दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर आधारित है. यह भारत सरकार के महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) के दृष्टिकोण के अनुरूप है और 24 नवंबर 2025 को आयोजित संयुक्त सैन्य सहयोग समिति की बैठक के 13वें संस्करण के दौरान उत्पन्न गति को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करता है.”
ईरान जंग के दौरान, ओमान ने एक तटस्थ देश के तौर पर भूमिका निभाई थी. बावजूद इसके, ओमान की रिफाइनरी और पोर्ट्स पर भी छिटपुट हमले देखने को मिले थे. लेकिन यूएई, बहरीन, कतर, इराक, कुवैत और सऊदी अरब जैसे बाकी खाड़ी देशों में जबरदस्त हमले देखने को मिले थे. ऐसे में फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट में लंबे समय तक नेवल ब्लॉकेड रहा था. इस टकराव का असर, ओमान की खाड़ी तक देखने को मिला था, जहां यूएस नेवी ने अपना जंगी बेड़ा तैनात कर रखा है. सोमवार को भी होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल जहाजों पर हमले की खबरें सामने आई थी.
अब जब अमेरिका के मिड-टर्म इलेक्शन से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सुर ईरान के खिलाफ थोड़े नरम पड़ गए थे, तो एक बार फिर खाड़ी में शांति और स्थिरता लौट सकती है. यही वजह है कि ओमान की नौसेना, इंडियन नेवी के साथ एक्सरसाइज के लिए तैयार हो गई है. इसके अलावा, भारतीय नौसेना भी खाड़ी के अपने पारंपरिक मित्र-देशों की नौसेनाओं के साथ फिर से साझा एक्सरसाइज शुरु कर सकती है.
जंग के दौरान, हालांकि इंडियन नेवी ने एकाध बार पैसेज एक्सरसाइज जरूर की थी, लेकिन पूर्ण-रुप से एक्सरसाइज (नसीम अल बहर) पहली बार हो रही है.

