मिडिल ईस्ट के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बढ़ गया है सैन्य तनाव. अफगानिस्तान एयरफोर्स ने पाकिस्तान में घुसकर आईएसआईएस आतंकियों के अड्डों पर हवाई हमला किया है. अफगानिस्तान ने इस एयरस्ट्राइक को पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक का बदला बताया है.
अफगानिस्तान एयरफोर्स ने ये एयरस्ट्राइक बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वाह में आईएसआईएस के ठिकानों पर की है. इसी सप्ताह पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें 38 से ज्यादा अफगान नागरिक मारे गए थे, जिसमें अधिकतर महिलाएं और मासूम बच्चे थे. जिसके बाद पाकिस्तान के हमले पर दुनियाभर में सवाल खड़े किए जा रहे थे.
पाकिस्तान से अफगानिस्तान ने लिया बदला, ड्रोन हमलों से बड़ा नुकसान
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तानी सीमा के अंदर घुसकर आतंकी संगठन आईएसआईएस के ठिकानों पर बड़ी एयरस्ट्राइक की है. तालिबान के मुताबिक, इन ठिकानों से अफगानिस्तान में नागरिकों पर हमलों की साजिश रची जा रही थी.
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि अफगान रक्षा मंत्रालय की वायुसेना ने बलूचिस्तान के पशीन जिले के सरानन इलाके में मौजूद आतंकियों के सेंटर पर हवाई बमबारी की है. तालिबान के ड्रोन विमानों ने सीधे उन ठिकानों को टारगेट किया जहां आतंकी छिपे थे. इस कार्रवाई में किसी आम नागरिक को नुकसान नहीं पहुंचा है.
बताया जा रहा है कि खैबर पख्तूनख्वा के सरान इलाके में तालिबान ने एक स्कूल को निशाना बनाया, जिसे आतंकियों ने अपना ठिकाना बनाया हुआ था.
राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे: अफगान रक्षा मंत्रालय
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, खुफिया जानकारी के बाद पाकिस्तान में छिपे आतंकियों पर कार्रवाई की गई है क्योंकि देश अपनी नेशनल सिक्योरिटी से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा, सीमा पार मौजूद आतंकवादी खतरों का जवाब देने के लिए जरूरी कदम उठाता रहेगा.
तालिबानी अधिकारियों के मुताबिक अगर भविष्य में भी अफगानिस्तान की सुरक्षा पर कोई भी खतरा पैदा हुआ तो ऐसे ही बदला लिया जाएगा.
तालिबान का कहना है कि आतंकवाद पाकिस्तान की खुद की पैदा की हुई अंदरूनी समस्या है. आईएसआईएस के आतंकी पाकिस्तान में शरण लिए हुए हैं.
मुनीर की सेना ने अफगानिस्तान में किया था नरसंहार
पाकिस्तान ने बीते 29 जून को अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक की थी, जिसमें 38 अफगान नागरिकों की मौत हो गई थी, जबकि 150 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. मारे गए लोगों में ज्यादातर अफगानी बच्चे और महिलाएं थीं. कुछ बच्चे तो नवजात थे, जो पाकिस्तान की गोलीबारी में मारे गए थे. इस घटना के बाद अफगानिस्तान के साथ साथ पूरी दुनिया में उबाल था और अफगानिस्तान ने इसका जवाब देने की बात कही थी.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी पाकिस्तान को घेरा था. भारत ने बयान जारी करके कहा था कि अपनी गलतियों का दोष दूसरे पर मढ़ने की कोशिश करता है पाकिस्तान. किसी दूसरे देश पर हमला करना उसकी संप्रभुता का सीधा उल्लंघन है, जिससे पूरे इलाके की शांति खतरे में पड़ती है.

