ऑपरेशन सिंदूर की डॉक्यूमेंट्री और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के कश्मीर को भारत का हिस्सा बताए जाने से पाकिस्तान को गहरा धक्का लगा है. भारत से मुंह की खाने वाले पाकिस्तान ने अब भारत के नोटम की होड़ शुरू कर दी है.
खास बात है कि इनदिनों भारतीय नौसेना ने भी अरब सागर में अपनी पश्चिमी तट से सटे समंदर में लाइव फायरिंग का नोटम जारी कर रखा है, जिसके बाद पाकिस्तान ने भी 19-20 अगस्त के लिए अपने देश की एयर-स्पेस के लिए नोटिस टू एयरमैन (नोटम) जारी किया है.
माना जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना फतह या फिर किसी और मिसाइल का परीक्षण करने जा रही है. 750 किलोमीटर की रेंज के लिए इस नोटिस को जारी किया गया है. ये वही फतह मिसाइल है जिसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सिरसा एयरबेस के पास आसमान में ही भारतीय वायुसेना ने मार गिराया था.
घबराया पाकिस्तान, जारी किया नोटम
19 और 20 अगस्त के लिए करीब 750 किलोमीटर लंबे हवाई क्षेत्र में उड़ानों पर प्रतिबंध लगाया है. पाकिस्तान की ओर से जारी नोटम में इस एयरस्पेस बंद करने का कारण नहीं बताया गया है. लेकिन ये चर्चा जोरों पर है कि पाकिस्तान संभावित मिसाइल या रॉकेट सिस्टम परीक्षण कर रहा है.
कहा जा रहा है कि पाकिस्तान ने फतह मिसाइल को अपग्रेड करने के बाद टेस्ट की तैयारी की है. पाकिस्तान की फतह श्रृंखला को उसकी पारंपरिक सटीक हमला क्षमता बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा माना जाता है.
हालांकि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकियों के सरपरस्त पाकिस्तान ने जब फतह मिसाइल से नई दिल्ली को टारगेट करने की कोशिश की थी तो भारतीय वायुसेना ने इस नापाक साजिश को फेल कर दिया था. भारत ने सिरसा के पास पाकिस्तानी मिसाइल को आसमान में ही नष्ट कर दिया था. बाद में मिसाइल के मलबे की तस्वीरें भी सामने आईं थीं.
अमेरिकी दूत ने बताया कश्मीर को भारत का हिस्सा
पाकिस्तान ने यूं ही नोटम जारी नहीं किया, बल्कि वो खिसियाया बैठा है. पहले ऑपरेशन सिंदूर पर बनी एक डॉक्यूमेंट्री के कारण और अब भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के बयान से. बुधवार को श्रीनगर पहुंचे सर्जियो गोर ने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बता कर पाकिस्तान को गहरा सदमा दे दिया है. क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर में पिटने के बाद से ही पाकिस्तान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चापलूसी में जुटा हुआ है. इस्लामाबाद अमेरिका के आगे-पीछे घूम रहा है.
पाकिस्तान ने सर्जियो गोर बयान पर कड़ी आपत्ति जताई. उसके विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी प्रभारी राजनयिक को तलब कर विरोध दर्ज कराया है. और इसी घटनाक्रम के बाद पाकिस्तान ने आनन फानन में अपने मिसाइल परीक्षण का नोटिस जारी कर दिया है.

