Breaking News Conflict Indian-Subcontinent

कंधार पर पाकिस्तान का हमला, तालिबान के जवाब का इंतजार

पाकिस्तान से दो-दो हाथ करने के लिए एक बार फिर से अफगानिस्तान तैयार है. पाकिस्तान ने कंधार पर एयरस्ट्राइक की जिसके बाद तालिबान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इस्लामाबाद को धमकाया गया है. तालिबान ने पाकिस्तान को चुनौती दी कि पाकिस्तान के हमलों का जवाब सही समय पर दिया जाएगा. इस बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान बॉर्डर पर दोनों के सैनिकों के बीच जबर्दस्त झड़प की खबरे हैं.

दरअसल गुरुवार को पाकिस्तान ने तालिबान के गढ़ कंधार में एयरस्ट्राइक करके ड्रोन लॉन्च पैड तबाह करने का दावा किया था, लेकिन अफगानिस्तान ने हमले की बात कबूल की लेकिन जानकारी दी कि पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक खाली जगह पर की गई.

पिछले सप्ताह 18 सितंबर से पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं. सीमा पर दोनों की ओर से फायरिंग जारी है. अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक का बदला लेने की बात कही है.

पाकिस्तान ने कंधार में ड्रोन लॉन्चपैड तबाह करने का दावा

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर एक बार फिर हवाई हमला किया है. 24 सितंबर की रात को, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर नए हवाई हमले किए. इस तनाव के दौरान पहली बार कंधार को निशाना बनाया गया. कंधार में फाइटर जेट की आवाज के साथ जोरदार धमाके की आवाजें सुनी गई हैं. कंधार को तालिबान का अहम केंद्र माना जाता है.

पाकिस्तान पर ड्रोन लॉन्च करने के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल की जा रही अफगानिस्तान के 10 ठिकाने को निशाना बनाने का दावा किया गया.

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के मुताबिक, “अफगानिस्तान में ड्रोन से जुड़े 10 ठिकानों को निशाना बनाया गया. इन जगहों का इस्तेमाल कथित तौर पर उसके खिलाफ भेजे जाने वाले ड्रोन को रखने या लॉन्च करने के लिए किया जा रहा था.”

इस एयरस्ट्राइक से ठीक एक दिन पहले पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की तरफ से 8 ड्रोन को मार गिराने का दावा किया था. पाकिस्तान के मुताबिक, “इनमें 4 ड्रोन तोरखम बॉर्डर के पास और 4 ड्रोन कोहाट के पास पहाड़ी इलाके में गिराए गए. लेकिन उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी ड्रोन को समय रहते पकड़ लिया और उन्हें नष्ट कर दिया.”

सही वक्त पर पाकिस्तान को दिया जाएगा जवाब: तालिबान

अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तानी हमलों की पुष्टि की लेकिन कहा कि “बम गैर-आबादी वाले इलाकों में गिरे और कोई हताहत नहीं हुआ.” तालिबानी प्रवक्ता ने बताया कि “हमले पक्तिया और खोस्त में भी हुए, जिसमें कम से कम चार लोग मारे गए.”

तालिबान की ओर से कहा गया है कि “पाकिस्तान को इन हमलों का उचित जवाब दिया जाएगा.”

इस बीच जमीनी लड़ाई और झड़प की खबरें आई हैं, बलूचिस्तान के गुलिस्तान सेक्टर में अफगान तालिबान के कई लड़ाकों ने पाकिस्तानी इलाके में हमला किया है. जिसके बाद पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच जमकर गोलीबारी हुई है.

पाकिस्तान-अफगानिस्तान में क्यों टूटा सीजफायर, ताजा हमले क्यों?

हालिया अफगानिस्तान और पाकिस्तान के तनाव की शुरुआत 18 सितंबर को हुई. पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में जुमे की नमाज के दौरान आत्मघाती हमला हुआ था. फिदायीन हमलावर ने पुलिस लाइंस परिसर के अंदर एक मस्जिद के गेट पर विस्फोटकों से भरा ट्रक घुसा दिया, जिसमें 50 लोग मारे गए, जिनमें 27 पुलिस अधिकारी शामिल थे, और 100 से अधिक घायल हुए. विस्फोट के बाद, सशस्त्र आतंकवादी मस्जिद क्षेत्र को प्रवेश द्वार के रूप में इस्तेमाल करते हुए परिसर में घुस गए. मुठभेड़ करीब 20 घंटे तक चली और हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) से जुड़े एक समूह ने ली थी.

पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान टीटीपी के आतंकवादियों को पनाह देता है. जबकि काबुल सारे आरोपों को बेबुनियाद बताता है और उल्टा पाकिस्तान को आतंकी पनाह के लिए दोषी ठहराता है.

21 सितंबर से अफगानिस्तान और पाकिस्तान में फिर से सैन्य तनाव बढ़ चुका है. पाकिस्तान ने पहले कुनार और पक्तिका पर हमला किया, जिसमें 28 आतंकवादियों के मारे जाने का दावा किया लेकिन काबुल का कहना है कि पाकिस्तान के हमले में उनके तीन बेकसूर नागरिक मारे गए. उस दिन से ही दोनों देशों में झड़प हो रही है, और ताजा अटैक कंधार में हुआ है.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.