Breaking News Islamic Terrorism Middle East

9/11 जैसी साजिश नाकाम, इजरायली यात्रियों को भारतीय पायलट ने बचाया

मिडिल-ईस्ट में चल रही जंग के बीच, दुबई (यूएई) से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर 9-11 हमले जैसी घटना दोहराने की कोशिश की. लेकिन ‘फ्लाई-दुबई’ नाम की एयरलाइंस के इस प्लेन के भारतीय कैप्टन (मुख्य पायलट) ने यात्रियों की मदद से आरोपी पायलट पर काबू पाया लिया.

कैप्टन की पहचान भारतीय मूल के स्मित माछर के तौर पर हुई है. इस विमान में कुल 180 यात्री उड़ान भर रहे थे, जिसमें अधिकतर इजरायली मूल के थे. 

घटना दोपहर 12 बजे की है, जब ‘फ्लाई-दुबई’ की फ्लाइट (एफजेड1073) दुबई से तेल अवीव के बेर गुरियन एयरपोर्ट के लिए जॉर्डन की एयरस्पेस में उड़ान भर रही थी. प्लेन जैसे ही इजरायल की हवाई सीमा में दाखिल होने जा रहा था, कॉकपिट से नजदीकी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इमरजेंसी का 7700 अलर्ट मैसेज जारी किया गया. ऐसे में पूरे खाड़ी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया. इजरायल ने आनन-फानन में अपने फाइटर जेट को स्क्रैम्बल किया.

सऊदी में लैंड हुआ फ्लाई-दुबई का प्लेन

इसी दौरान, सऊदी अरब ने इस प्लेन को लैंडिंग की इजाजत दे दी. हालांकि, इजरायल और सऊदी के बीच में कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं, बावजूद इसके सऊदी ने अपने तबुक एयरपोर्ट पर उतरने की परमिशन दे दी. सऊदी एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद कैप्टन और यात्रियों ने पूरी घटना बयां की. 

भारतीय कैप्टन पर को-पायलट ने किया पॉकेट-नाइफ से वार

जानकारी के मुताबिक, आरोपी पायलट ओमान का नागरिक हैं और उसने मिड-एयर कॉकपिट के सिस्टम को खराब करने की कोशिश की. इसे लेकर आरोपी पायलट और कैप्टन (स्मित माछर) में हाथापाई शुरु हो गई. हाथापाई के दौरान, एक पायलट ने दूसरे पायलट पर एक तेज धारदार हथियार (संभवत पॉकेट-नाइफ) से हमला कर दिया. उसी वक्त, प्लेन 25 हजार फीट से सीधे 4000 फीट पर पहुंच गया, जिसके चलते क्रू-मेंबर और यात्रियों की सांसें अटक गईं.

लड़ाई की खबर फ्लाइट के क्रू-सदस्य को लग गई. क्रू ने किसी तरह कॉकपिट का गेट खोला और कुछ यात्रियों की मदद से स्थिति पर काबू पाया. 

तबुक एयरपोर्ट से प्लेन के यात्रियों ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की और स्थिति से अवगत कराया. इजरायल ने घटना को आतंकी हमला करार दे दिया. क्योंकि पता चल पाया कि आरोपी ओमानी पायलट ने प्लेन को इजरायली यात्रियों और बाकी क्रू-सदस्यों के साथ किसी हाई राइज बिल्डिंग में टकराने की साजिश रची थी.

जिस तरह प्लेन चंद सेकेंड में 25 हजार फीट से सीधे 4000 फीट से भी ऐसी आशंका जताई गई है कि आरोपी ओमानी पायलट ने प्लेन को जमीन पर गिराने की तैयारी कर ली थी. लेकिन भारतीय कैप्टन और बाकी फ्लाइट-स्टाफ ने जान की बाजी लगाकर ना केवल प्लेन को क्रैश होने से बचाया बल्कि सभी 180 यात्रियों की जान बचा ली.

दो दिन पहले इजरायली पीएम ने किया था यूएई का पहला आधिकारिक दौरा

खास बात है कि प्लेन हाईजैकिंग और 9/11 जैसी साजिश की ये घटना ऐसे समय में सामने आई है जब दो दिन पहले नेतन्याहू ने यूएई का पहला आधिकारिक दौरा किया था. दोनों देशों के बीच में राजनयिक और राजनीतिक संबंध स्थापित हो रहे हैं.

सऊदी में 8-10 घंटे रूकने के बाद यात्री तेल अवीव के लिए रवाना

सऊदी सुरक्षाकर्मियों ने प्लेन को अपने कब्जे में लिया और प्लेन के क्रू सहित सभी यात्रियों को एयरपोर्ट के टर्मिनल पर लाया गया.  करीब 8-10 घंटे बाद फ्लाई-दुबई एयरलाइंस का एक दूसरा प्लेन तबुक पहुंचा और फिर सभी यात्री तेल अवीव के लिए रवाना हो गए. अभी ये साफ नहीं है कि आरोपी ओमानी पायलट किसके कब्जे में है. क्या वो अभी सऊदी एजेंसियों की हिरासत में है या उसे इजरायल या फिर यूएई की सुरक्षा एजेंसियों को सौंपा जाएगा. 

प्लेन  के कैप्टन (भारती) स्मित माछर की हालत के बारे में भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है. कैप्टन को सऊदी अरब के किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. क्योंकि खबर है कि आरोपी पायलट ने कैप्टन पर हमला किया था. तबुक एयरपोर्ट से यात्रियों की जो वीडियो सामने आई हैं, उसमें कुछ यात्रियों के कपड़ों पर खून लगा पाया गया. ऐसे में साफ है कि प्लेन में चाकूबाजी हुई है और प्लेन में सवार लोग घायल हुए हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.