हर किसी की जुबान पर एक ही नाम है भारतीय पायलट स्मित मच्छार का. जिस तरह से जान पर खेलकर स्मित ने 180 यात्रियों की जान बचाई उसके लिए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भारतीय पायलट को थैंक्यू कहते कहते नहीं थक रहे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी जब स्मित मच्छार की बहादुरी की कहानी सुनी तो उन्हें हीरो बता दिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी स्मित मच्छार की जांबाजी के मुरीद हो गए हैं.
बुधवार यानि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट को क्रैश करने की कोशिश की गई थी. इसकी साजिश का अहम किरदार कोई और नहीं बल्कि फ्लाइट का ओमानी को पायलट था. ओमान मूल के को पायलट ने नुकीली वस्तु से फ्लाइट उड़ा रहे भारतीय पायलट को घायल कर दिया बावजूद इसके स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी और घायल होने के बावजूद प्लेन को संभाले रखा. वहीं कॉकपिट का दरवाजा खोलकर इमरजेंसीं का संकेत दिया.
जिसके बाद इजरायली यात्रियों ने ओमान के को पायलट को पकड़ लिया और घायल स्मित को भी संभाला. इतना ही नहीं एक इजरायली नागरिक ने तो प्लेन की सऊदी अरब में सेफ लैंडिंग भी कराई.
भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें हीरो बताया. पीएम मोदी ने कहा कि “बेहद गंभीर खतरे के बीच घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं छोड़ी. उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए पूरी मजबूती से मुकाबला किया. कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. गंभीर खतरे के बीच और बुरी तरह घायल होने के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त साहस और अटूट संकल्प दिखाया. उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद मिली. भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है. मैं उनके जल्द स्वस्थ होने, नई ताकत और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.”
भारतीय पायलट स्मित की बहादुरी को सैल्यूट: नेतन्याहू
कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने थैंक्यू कहा है. नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा, “भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को मेरा सलाम. चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया, उसका विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की. इसकी वजह से हवा में होने वाला एक साजिश टाल दी गई. उन्होंने 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजरायली नागरिक और अन्य देशों के लोग भी शामिल थे. मैं कैप्टन मच्छर के जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूं. वह एक सच्चे हीरो हैं.”
भारतीय पायलट हीरो: डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डानोल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए हीरो बताया है. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की. इस बातचीत में नेतन्याहू ने ट्रंप को बताया कि कैसे कैप्टन स्मित ने घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोला.
ट्रंप ने कहा, “पायलट ने खराब हालत के बावजूद समझदारी दिखाई, एक तरह से वह हीरो हैं”
भारतीय जांबाज बने यूथ आइकन, जयशंकर से लेकर संघ प्रमुख ने क्या कहा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्मित को असाधारण बहादुर बताया है. जयशंकर ने लिखा, “गंभीर खतरे के बीच मच्छार ने असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाई. उनकी हिम्मत ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई और बड़ी त्रासदी को टाल दिया.”
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कैप्टन मच्छार को साहस, कर्तव्य और मानवता की मिसाल बताया. कहा कि “गंभीर चोट के बावजूद दूसरों की जान बचाने लिए जिस तरह उन्होंने मोर्चा संभाला, वह प्रेरणादायक है.”
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी कैप्टन को ‘न्यू इंडियन आइकन’ और ‘फियरलेस हीरो’ बताया.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “कैप्टन स्मित मच्छार ने दिखाया कि साहस क्या होता है, जब हर सेकंड बेहद अहम था. उन्होंने कहा कि गंभीर खतरे के बीच मच्छार की बहादुरी और सूझबूझ ने सैकड़ों जिंदगियां बचाई हैं.”
गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने लिखा“जमीन से हजारों फीट ऊपर जब खतरा सामने आया, तब कैप्टन स्मित मच्छार 174 लोगों और बड़ी त्रासदी के बीच खड़े रहे. उन्होंने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हमलावर का सामना किया. गुजरात से जुड़े कैप्टन ने देश का गौरव बढ़ाया है.”
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने भी “स्मित मच्छार की तारीफ की, कहा, उनकी बहादुरी के कारण फ्लाइट में मौजूद लोगों की जान बची.”


Leave feedback about this