अग्निवीरों को मिले 02 साल के एक्सटेंशन के बीच भारतीय नौसेना अग्निवीरों के सबसे बड़े बैच की पासिंग आउट परेड (पीओपी) आयोजित करने जा रही है. ओडिसा के आईएनएस चिल्का नेवल ट्रेनिंग बेस पर 13 नवम्बर को भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल के नौसैनिकों की ये परेड आयोजित की जा रही है. नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन परेड के मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी होंगे.
भारतीय नौसेना के प्रमुख प्रारंभिक प्रशिक्षण संस्थान आईएनएस चिल्का में ये पीओपी (परेड) 3300 से अधिक प्रशिक्षुओं द्वारा 16 सप्ताह के प्रारंभिक प्रशिक्षण के सफल समापन का प्रतीक होगी. आईएनएस चिल्का से पास आउट होने वाला ये अग्निवीरों का सबसे बड़ा बैच बन जाएगा. यह परेड एक गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम की परिणति होगी, जिसे युवा रंगरूटों को अनुशासित, शारीरिक रूप से फुर्तीले, मानसिक रूप से मजबूत और पेशेवर रूप से सक्षम समुद्री योद्धाओं में बदलने के लिए तैयार किया गया है.
भारतीय नौसेना के मुताबिक, प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शिक्षा, शारीरिक प्रशिक्षण, तैराकी, परेड प्रशिक्षण, आउटडोर गतिविधियां और कैंप शामिल हैं, जो प्रशिक्षुओं की पेशेवर यात्रा के लिए एक समग्र आधार प्रदान करते हैं. इस दौरान चरित्र निर्माण, नेतृत्व, अनुशासन, सौहार्द और टीम वर्क पर समान जोर दिया जाता है. साथ में कर्तव्य, सम्मान और साहस के मूल नौसैनिक मूल्यों को भी आत्मसात कराया जाता है.
पासिंग आउट परेड प्रशिक्षुओं के लिए गर्व और उपलब्धि का क्षण होगा, क्योंकि उनके परिवार प्रशिक्षण यात्रा की परिणति और एक नए करियर की शुरुआत के साक्षी बनेंगे. इसके अलावा, इस अवसर पर नौसेना के पूर्व सैनिक और विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे.
समापन समारोह की अध्यक्षता दक्षिणी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ वाइस एडमिरल समीर सक्सेना करेंगे. मेधावी प्रशिक्षुओं, चैंपियन डिवीजन और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक को उनके अनुकरणीय प्रदर्शन और प्रशिक्षण में योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. इस कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं की द्विभाषी पत्रिका ‘अंकुर’ का अनावरण भी किया जाएगा. पासिंग आउट परेड को भारतीय नौसेना के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा, जिससे देश भर के नागरिक इस अवसर के साक्षी बन सकेंगे.
रिटायरमेंट से पहले सभी अग्निवीरों को मिला दो साल का एक्सटेंशन
पिछले हफ्ते, सरकार ने अग्निपथ योजना में अमूल चूक परिवर्तन करते हुए सभी अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन दे दिया है. इसी महीने, अग्निवीरों का पहला बैच रिटायर हो रहा था. इनमें से 25 प्रतिशत महज सेना में अपनी सेवाएं जारी रख सकते थे और रेगुलर सैनिक के तौर पर शामिल हो सकते थे. बाकी 75 प्रतिशत को जरूरी रिटायर होना था. लेकिन उससे पहले, 4 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ने बाकी 75 प्रतिशत को सेना में दो साल का एक्सटेंशन दे दिया. ये सभी अगले दो साल तक अग्निवीर के तौर पर अपनी सेवाएं देंगे और फिर 2028 में सभी को सेना में नियमित सैनिक के तौर पर शामिल कर लिया जाएगा.

