Breaking News Islamic Terrorism Reports

गुरदास में पुलिसकर्मी की हत्या, पाकिस्तानी आतंकी संगठन ने ली जिम्मेदारी

पंजाब के गुरदासपुर में हेड कॉन्स्टेबल की हत्या के पीछे आतंकवादी कनेक्शन सामने आने के बाद सुरक्षा और जांच एजेंसियां हाईअलर्ट हो गई हैं. ड्यूटी से लौट रहे पंजाब पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार की नकाबपोश संदिग्धों ने गोली मारकर हत्या की थी और उनका शव रविवार रात गांव मान कौर के पास अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर खून से लथपथ मिला था. घटना की सीसीटीवी फुटेज में विनोद बाइक सवार दो लोगों के साथ खड़े दिखाई दिए थे.

हत्याकांड की जांच उस वक्त पेंचीदा हो गई है जब तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान नाम का आतंकवादी संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हेड कॉन्स्टेबल की हत्या की जिम्मेदारी ली है.

जांच एजेंसियां इस हत्याकांड की हर एंगल से जांच में जुट गई है, और बाइक सवारों की तलाश की जा रही है.

आतंकियों ने हेड कॉन्स्टेबल की हत्या की जिम्मेदारी ली

तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा गया है कि 15 नवंबर 2026 को ऑपरेशन नूर के तहत कार्रवाई की गई है. इस दौरान गुरदासपुर के पठानकोट बाईपास पर अचानक की जा रही चेकिंग के समय पुलिस बल के एक सदस्य को मार दिया गया है. पोस्ट में लिखा गया है कि “हम पंजाब के मुजाहिदीनों को बधाई देते हैं, जिन्होंने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया.”

पोस्ट में भारतीय पुलिस बल, सेना व अन्य सरकारी संस्थाओं को चेतावनी दी गई है और कई आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं.

पोस्ट लिखने वाले की हिमाकत तो देखो, पोस्ट में लिखा है कि “घर में घुसकर हमले करेंगे, सड़कों पर कम घरों में घुसकर ज्यादा वार करेंगे.”

आतंकी एंगल से इनकार नहीं कर सकते: एडीजीपी

पुलिसवाले की हत्या के बाद पंजाब के स्पेशल डीजीपी लॉ एंड आर्डर प्रवीण कुमार सिन्हा और आईजी बार्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया. डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने आतंकी एंगल की आशंका से इनकार नहीं किया. कहा- “सारी जांच जारी है, हर एंगल से जांच की जा रही है. हम आतंकी एंगल को खारिज नहीं कर रहे.”

एसडीजीपी ने कहा, “पिछले मामलों को देखते हुए, इसमें देश-विरोधी तत्वों के शामिल होने की संभावना की भी जांच की जा रही है. चूंकि हमने पिछले मामलों में देश-विरोधी तत्वों की संलिप्तता देखी है, इसलिए हम किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रहे हैं. यह निजी रंजिश थी या देश-विरोधी तत्वों के इशारे पर किया गया काम, यह मामला सुलझने और जांच के दौरान और जानकारी सामने आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा.”

एसडीजीपी के मुताबिक “आरोपी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे, और जबरन अपहरण का कोई सबूत नहीं मिला है.

हेड कॉन्स्टेबल की हत्या का पूरा मामला जानिए…सीसीटीवी से क्या खुलासा

रविवार-सोमवार की रात अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाइवे पर गांव मान कौर के पास खून से लथपथ पुलिस हेड कॉन्स्टेबल विनोद कुमार का शव मिला था. हत्या से पहले रविवार रात करीब 09:15 पर विनोद ने अपने भाई राम लाल से फोन पर बात की थी और कहा था कि वो रास्ते में हैं, 15 मिनट बाद बाईपास पर आकर उसे (हेडकॉन्स्टेबल) को पिक कर लें. 15 मिनट बाद जब राम लाल बाईपास पर पहुंचे तो हेडकॉन्स्टेबल विनाद वहां नहीं थे. भाई इंतजार करते रहे, लेकिन किसी आशंका के बाद हेडकॉन्स्टेबल की तलाश शुरु की गई.

देर रात 1 बजे विनोद का शव बाईपास सड़क के किनारे से बरामद किया गया. मौके से विनोद का सामान भी गायब था.

इस हत्या की जांच के अधिकारी के मुताबिक- “विनोद कुमार प्रमोशन के बाद ट्रेनिंग सेंटर जहानखेलां गए थे. उन्हें ट्रेनिंग के सिलसिले में संगरूर भेजा गया था. 15 नवंबर की देर रात जब वह गुरदासपुर लौट रहे थे तो मान कौर सिंह के पास पहुंचने पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई.”

विनोद की हत्या से पहले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि दो बाइक सवार युवक विनोद कुमार को मोटरसाइकिल पर बैठा रहे हैं.

बहरहाल बाइकसवारों की तलाश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. वहीं आतंकी संगठन की दावों की भी जांच एजेंसियां जांच कर रही हैं.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.