ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत में आईएसआई के घुसपैठियों के लिए धरपकड़ जारी है. एक ऐसा ही पाकिस्तानी जासूस सीआरपीएफ का जवान निकला है. सीआरपीएफ का जवान पिछले कुछ वर्षों से पाकिस्तान को संवेदनशील जानकारियां साझा कर रहा था. एनआईए की टीम ने जवान मोती राम जाट को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी जवान असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था.
सीआरपीएफ जवान निकला पाकिस्तानी जासूस, हुआ गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए ने सीआरपीएफ के एक जवान मोती राम को दिल्ली से गिरफ्तार किया है. एनआईए के मुताबिक, आरोपी मोतीराम ने पाकिस्तान के कई अधिकारियों को देश की महत्वपूर्ण और गोपनीय जानकारी शेयर की है. इन जानकारियों से देश को खतरा हो सकता है. शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह देशद्रोही गतिविधि वह 2023 से अंजाम दे रहा था.
पैसों के लिए देश से गद्दारी कर रहा था सीआरपीएफ जवान
एनआईए ने जांच में पाया कि आरोपी पिछले 2 सालों से पैसों के लिए जासूसी को अंजाम दे रहा था. खुलासा हुआ है कि कई अलग-अलग तरह की सूचनाएं मोतीराम ने पाकिस्तान को भेजी है. यह लेन देन ज्यादातर हवाला के जरिए किया जाता था. जांच एजेंसियों की मानें तो जवान पहले से ही आईएसआई की नजरों में था और फिर पैसों का लालच देकर जवान से कई जानकारियां हासिल की. एनआईए ने उन व्यक्तियों पर भी नजर रख रही है जो मोतीराम जाट के संपर्क में थे और जिनके माध्यम से यह जानकारी लीक की जा रही थी.
सोशल मीडिया पर रखी जा रही थी कड़ी नजर
सीआरपीएफ और केंद्रीय एजेंसियों ने सोशल मीडिया पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी. जांच में सामने आया कि जाट ने कई नियमों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है. इसके बाद उसे एनआईए को सौंप दिया गया. सीआरपीएफ ने अपने बयान में कहा है कि मोती राम जाट को 21 मई 2025 से सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. बर्खास्तगी संविधान और सीआरपीएफ नियमों के तहत की गई.
6 जून तक एनआईए की हिरासत में जवान
एनआईए ने जाट को दिल्ली से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने उसे 6 जून तक एनआईए की हिरासत में भेज दिया है. फिलहाल एजेंसी आरोपी से पूछताछ कर रही है. माना जा रहा है कि कुछ और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं. पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले जवान के बैंक खातों की जांच की जा रही है. इसके साथ ही उसके परिवार के अन्य लोगों के भी बैंक खाते खंगाले जा रहे हैं. टीम को शक है कि जवान अपने खातों में पैसे न लेकर परिवार के खातों में ये पैसा लेता था. जवान की गिरफ्तारी से खुद सीआरपीएफ भी हैरान है.

Leave feedback about this