Breaking News Geopolitics Indian-Subcontinent Middle East Reports

बांग्लादेशी घुसपैठ के रैकेट का भंडाफोड़: दिल्ली पुलिस

राजधानी दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ लिए जा रहे एक्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने बांग्लादेशियों को गैरकानूनी तरीके से भारत लाने वाले रैकेट के सरगना समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. खास बात ये है कि गैंग का सरगना खुद बांग्लादेशी है और 15 साल से अवैध दस्तावेजों के जरिए भारत में रह रहा था.

दिल्ली में बांग्लादेशी ह्यूमन ट्रैफिकिंग का खुलासा

दिल्ली पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह का खुलासा किया है, जिसका कनेक्शन बांग्लादेश से है. पुलिस ने अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ दिल्ली में चलाई गई मुहिम के तहत दो बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया था. ये गिरफ्तारी 28 दिसंबर को हुई थी.

अवैध बांग्लादेशियों ने पूछताछ के दौरान जो खुलासा किया उससे दिल्ली पुलिस भी हैरान रह गई. दिल्ली पुलिस को जांच में पता चला कि एक रैकेट चल रहा है, जिसके जरिए बांग्लादेश से लोगों को लाकर अवैध तरीके से राजधानी में बसाया जा रहा है. पुलिस को पता चला कि इस काम के लिए कुछ लोग अवैध दस्तावेज बनाते हैं तो कुछ लोग बांग्लादेशियों को अवैध तरीके से बॉर्डर पार कराते हैं.

पत्नी संग पकड़ा गया गैंग का बांग्लादेशी सरगना अनीश शेख

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, “मानव तस्करी के रैकेट के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें दो बांग्लादेशी हैं और दो आरोपी भारत के हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से छह (06) आधार कार्ड और पांच (05) पैन कार्ड बरामद किए हैं. आरोपियों में फर्जी दस्तावेज बनाने वाले आशीष मेहरा को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया. ये लोग जनता प्रिंट और भारत सेवा नाम की वेबसाइट से फर्जी पहचान पत्र बनाते थे.”

क्या थी बांग्लादेशी गिरोह की मॉडस ऑपरेंडी

दिल्ली पुलिस के मुताबिक मानव तस्करी गिरोह को बांग्लादेश का रहने वाला अनीश शेख चलाता था. अनीश शेख खुद 15 साल पहले भारत आया था और भारत में अवैध तरीके से रहता था. आरोपी अनीश अपनी पत्नी की मदद से बांग्लादेशियों को रहने और उनके डॉक्यूमेंट बनवाता था.

अनीश ने बांग्लादेश में भी अपने एजेंट रखे हुए थे जो ‘डंकी’ रूट से लोगों को भारत की सीमा पार करवाते थे. बाद में उन लोगों को असम ले जाया जाता था. बाद में असम से उन्हें दिल्ली लाया जाता था. फिर दिल्ली में अवैध डॉक्यूमेंट के जरिए बांग्लादेशी लोगों को बसाया जाता था. दिल्ली पुलिस को आने वाले दिनों में गैंग से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी की संभावना है. 

दिल्ली में चल रहा है अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ अभियान

दिल्ली के एलजी के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेशियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है. अभियान के तहत अवैध तरीके से रह रहे बांग्लादेशियों की तलाश की जा रही है और उन्हें चिन्हित किया जा रहा है. सिर्फ बस्तियों की नहीं बल्कि स्कूलों में भी पढ़ने वाले बांग्लादेशी छात्रों को तलाशा जा रहा है. 

रविवार को दिल्ली पुलिस ने राजधानी के रंगपुर पहाड़ी इलाके में गैर-कानूनी तरीके से रह रहे आठ (08) बांग्लादेशी नागरिकों को देश निकाला दिया. उपराज्यपाल के आदेश के बाद से राजधानी में 30 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को चिंहिंत कर गिरफ्तार किया गया या फिर वापस बांग्लादेश भेज दिया गया.

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.