Breaking News Indo-Pacific Reports

नासा से Teacher of the Month तक, फुलप्रूफ थी ट्रंप के शूटर की प्लानिंग

वॉशिंगटन डीसी में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान हुई फायरिंग का आरोपी कोल थॉमल एलन जांच एजेंसियों के कब्जे में है. एफबीआई की शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि शूटर काफी पढ़ा लिखा शख्स था और ट्रंप पर हमला करने के इरादे से ही हिल्टन होटल पहुंचा था.

आरोपी ने बाकायदा हिल्टन में एक रूम बुक किया था और पूरे इलाके की रेकी की थी, लेकिन ट्रंप की सिक्योरिटी के चलते उसे बॉल रूम में प्रवेश से पहले ही काबू कर लिया गया.

एजेंसियों ने शूटर के कई ठिकानों पर रेड की है और उसके जानकारों से बयान लिए गए हैं. एफबीआई ये पता कर रही है कि आखिर इस हमले के पीछे की वजह क्या थी.

हथियारों से लैस, हिल्टन में लिया था शूटर ने कमरा

एफबीआई के मुताबिक 31 वर्षीय शूटर कोल थॉमस एलन कैलिफोर्निया का रहने वाला है. बताया जा रहा है कि आरोपी हिल्टन होटल में बतौर मेहमान रुका था. आरोपी ने होटल में पहले ही कमरा बुक कर लिया था, यानि उसे यह पहले से ही पता था कि अमेरिकी राष्ट्रपति वहां कार्यक्रम में शिरकत करने वाले थे.

घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें थॉमस, फायरिंग करते हुए कैद हुआ है. आरोपी ने मुख्य प्रवेश द्वार के पास लगे मैग्नेटोमीटर की ओर दौड़ लगाई और एक सुरक्षा अधिकारी पर गोली चलाई, लेकिन उसे तुरंत पकड़ लिया गया.  

आरोपी के पास से कई हथियार भी बरामद किए गए हैं. उसके पास ‘शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू’ थे.

नासा से जुड़ा, इंजीनियरिंग की पढ़ाई, गेम डेवलपर भी है शूटर

एलन के बारे में सामने आई जानकारी के अनुसार,  वह मैकेनिकल इंजीनियर और कंप्यूटर साइंस का छात्र रह चुका है. साल 2014 में एलन ने नासा की जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी में समर अंडरग्रेजुएट रिसर्च फेलोशिप कार्यक्रम में भाग लिया था.

ऑनलाइन प्रोफाइल्स के मुताबिक, उसने कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी और बाद में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स किया. इसके अलावा, वह पार्ट-टाइम शिक्षक के तौर पर भी काम कर चुका है. साल 2024 की एक पोस्ट में एलन को ”टीचर ऑफ द मंथ” बताया गया था.

सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई एक तस्वीर में एलन कंप्यूटर साइंस में कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी, डोमिंगेज हिल्स से मास्टर डिग्री प्राप्त करने के बाद एक टोपी और गाउन में नजर आ रहा है.

आरोपी एक ईसाई छात्र संगठन और कैंपस के एक ऐसे समूह से जुड़ा था, जो ‘नेर्फ गन’ (एक प्रकार की खिलौना बंदूक) से मुकाबले करते थे.

एलन ने व्हीलचेयर के लिए एक नए प्रकार के इमरजेंसी ब्रेक का प्रोटोटाइप विकसित किया था. संघीय चुनावी वित्त रिकॉर्ड के अनुसार, एलन ने 2024 में राष्ट्रपति पद के लिए कमला हैरिस के समर्थन में डेमोक्रेटिक पार्टी की एक राजनीतिक कार्रवाई समिति को 25 डॉलर का दान दिया था.

एफबीआई प्रमुख ने पूरे मामले पर क्या कहा

घटनाक्रम पर एफबीआई प्रमुख काश पटेल ने कहा कि “हम इस व्यक्ति की पृष्ठभूमि की गहन जांच करेंगे. यह प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है… हम अपने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी सबूतों का तुरंत विश्लेषण करेंगे.”

वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोउजर ने बताया कि फिलहाल अधिकारियों के पास इस बात का कोई संकेत नहीं है कि व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर की घटना में किसी और की भूमिका थी. इस समय ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि इसमें कोई और शामिल था.”

वहीं, वॉशिंगटन डीसी के अंतरिम पुलिस प्रमुख जेफरी कैरोल ने भी कहा, “इस वक्त ऐसा प्रतीत होता है कि संदिग्ध अकेला व्यक्ति था, यानी एक ही शूटर आया था और उसके साथ कोई नहीं था.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.