Breaking News India-Pakistan Islamic Terrorism Kashmir TFA Exclusive

पीओके में जैश-लश्कर का शक्ति-प्रदर्शन, हमास के लहराए झंडे

इजरायल-गाजा जंग से सीख लेते हुए पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों ने भी हमास की तर्ज पर पीओके में एक बड़ी बाइक रैली निकाली है. इस रैली में घोड़ों का भी इस्तेमाल किया गया और आतंकियों ने हमास के झंडे लहराए.

बुधवार यानी 5 फरवरी को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद और लश्कर ए तैयबा ने एक जलसा का आयोजन किया है. ‘कश्मीर सॉलिडैरिटी’ नाम के इस सम्मेलन में जैश और लश्कर ने हमास के एक बड़े नेता को ईरान से आमंत्रित किया है.

कश्मीर में आखिरी सांसें ले रहा आतंकवाद

जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के हटने और भारतीय सेना द्वारा लश्कर, जैश और हिजबुल मुजाहिद्दीन जैसे आतंकी संगठनों की कमर तोड़ने से आतंकवाद आखिरी सांसें ले रहा है. लेकिन इस बीच पिछले डेढ़ साल से इजरायल को कड़ी टक्कर दे रहे आतंकी संगठन हमास को लश्कर और जैश ने अपने साथ मिलाने की कोशिश की है.

मंगलवार को टीएफए ने एक्सक्लुसिव जानकारी दी थी कि 5 फरवरी को पीओके के रावलकोट (पाकिस्तानी पुंछ जिले) में कश्मीर सॉलिडैरिटी और ‘अल-अक्सा फ्लड’ नाम से जैश, लश्कर और हमास के आतंकी एक जगह इकठ्ठा हो रहे हैं. (https://x.com/neeraj_rajput/status/1887044316603756927)

बाइक और घोड़ों पर हमास की तर्ज पर आतंकियों ने निकाली रैली

रावलकोट के शब्बीर स्टेडियम में हो रहे सम्मेलन के लिए जैश और लश्कर ने अपना शक्ति-प्रदर्शन भी किया. जैश और लश्कर के आतंकी बड़ी संख्या में हमास की तर्ज पर रावलकोट की गलियों, सड़कों और बाजार में हाथों में झंडे लेकर बाइक और घोड़ों पर निकल रहे हैं. सभी बाइक सवारों के चेहरों पर हमास के आतंकियों की तरह नकाब लगा है. (https://x.com/neeraj_rajput/status/1887120525165539558)

दरअसल, पिछले एक ड़ेढ साल में पीओके और खासतौर से रावलकोट में पाकिस्तान विरोधी दंगे और प्रदर्शन हुए हैं. यहां तक की इन प्रदर्शनों में भारत के झंडे को भी लहराते हुए देखा गया था. इसके बाद से ही पाकिस्तानी सरकार और आतंकी संगठनों में खलबली मची हुई है. हमास के जरिए, पीओके के आतंकी संगठन कश्मीर में आतंकवाद को जिंदा करने की साजिश रच रहे हैं. (POK में तिरंगा, राजनाथ का बयान निकला सच !)

भारत की सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को पीओके की हर गतिविधि पर पैनी नजर है. यही वजह है कि गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार और बुधवार को सेना के कमांडर्स सहित सीआरपीएफ, जम्मू कश्मीर पुलिस और खुफिया एजेंसी के सीनियर अधिकारियों के साथ कश्मीर की सुरक्षा को लेकर समीक्षा-बैठक की. (कश्मीर में आतंकवाद का करो समूल नाश: अमित शाह)

जैश-लश्कर ने मिलाया हमास से हाथ, कश्मीर में आतंक को जिंदा करने की कवायद

पिछले तीन-चार दशक से पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाले आतंकी संगठन 5 फरवरी को कश्मीर सॉलिडैरिटी दिवस के तौर पर मनाते हैं. ये पहली बार है कि कोई हमास का नेता, कश्मीर से जुड़े किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पीओके पहुंच रहा है. ईरान की राजधानी तेहरान में फिलिस्तीन इस्लामिक रेजिस्टेंस मूवमेंट (हमास) के प्रतिनिधि डॉक्टर खालिद कादुमी को इस कॉन्फ्रेंस में मुख्य अतिथि के तौर पर आतंकी सगंठन लश्कर ए तैयबा और जैश ए मोहम्मद ने आमंत्रित किया है. (https://x.com/FinalAssault23/status/1887121667945635868)

आतंकी संगठनों के इस जलसे में जैश ए मोहम्मद के संस्थापक कमांडर मसूद अजहर का भाई तलहा सैफ, जैश का लॉन्चिंग कमांडर असगर खान कश्मीरी, रीजनल कमांडर मसूद इल्यास शामिल हो रहे हैं. लश्कर ए तैयबा से जुड़े आतंकी कमांडर भी इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जिसे हमास के खास अल अकसा फ्लड कॉन्फ्रेंस के नाम से आयोजित किया जा रहा है. (जैश-लश्कर ने मिलाया हमास से हाथ, कश्मीर में आतंक को जिंदा करने की साजिश)

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.