Breaking News India-Pakistan Islamic Terrorism

जैश हेडक्वार्टर फिर गुलजार, ISI ने मरम्मत के लिए दिए 25 करोड़

ऑपरेशन सिंदूर के 15 महीने बाद पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने बहावलपुर स्थित हेडक्वार्टर का जीर्णोद्धार किया है. रंग-रोगन और मार्बल की टाइल्स के साथ जैश का ठिकाना एक बार फिर से गुलजार दिखाई पड़ रहा है. जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ने इस रेनोवेशन पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. 

6-7 मई 2025 की रात को भारतीय वायुसेना ने जैश ए मोहम्मद के ठिकाने पर एयर-स्ट्राइक कर पूरी तरह तबाह कर दिया था. भारतीय वायुसेना के रफाल (राफेल) और सुखोई लड़ाकू विमानों ने स्टैंड ऑफ वेपन के जरिए मरकज शुभान अल्लाह को बर्बाद कर दिया था. पहलगाम नरसंहार का बदला लेने के लिए भारतीय वायुसेना ने जैश के इस ठिकाने पर हमला किया था. हमले में जैश के करीब 30 आतंकी ढेर हो गए थे. मारे जाने वालों में जैश के सरगना मसूद अजहर के परिवार के सदस्य भी शामिल थे.

ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना ने कर दिया था तबाह

मरकज सुभान अल्लाह, जैश के ठिकाने के साथ-साथ मस्जिद और मदरसा भी है, जहां आतंकियों को धार्मिक कट्टरपन की तालीम दी जाती है. यहां के मदरसे से निकले कट्टरपंथी लड़ाकों को मिलिट्री ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तानी सेना, आईएसआई और जैश के ट्रेनिंग कैंप में भेजा जाता है. वहां से सैन्य परीक्षण पाने के बाद इन आतंकियों को एलओसी के रास्ते जम्मू कश्मीर में घुसपैठ कराकर आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया जाता है. यही वजह है कि पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारत ने जिन नौ (09) ठिकानों को चुना था, उसमें मरकज़ सुभान अल्लाह टॉप पर था. हमले के वक्त, जैश का सरगना मसूद अजहर बहावलपुर स्थित मुख्यालय पर मौजूद नहीं था. 

वायुसेना के हमले के बाद जैश के मुख्यालय की तस्वीरें, वीडियो और सैटेलाइट इमेज भी सामने आई थी. इनमें मरकज़  सुभान अल्लाह की छत पर मिसाइल से हुए हमले का एक बड़ा होल दिखाई पड़ा था. अंदर भी मदरसे और आतंकियों की रहने वाली जगह को जबरदस्त नुकसान पहुंचा था. माना जा रहा है कि आईएसआई की सरपरस्ती में जैश के ठिकानों को एक बार फिर प्लास्टर और रंग-रोगन कर खड़ा किया गया है.

भारत की एयर-स्ट्राइक के बाद से सिंध में छिपा है मसूद अजहर  

भारत की खुफिया एजेंसियों को खबर है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद से मसूद अजहर मरकज़ सुभान अल्लाह नहीं पहुंचा है. वो अपने एक भाई के साथ सिंध प्रांत के नवाबशाह में रहता है. खबर ये भी है कि भारत के हमले के बाद से मसूद अजहर की तबीयत खराब है. परिवार के सदस्यों के जाने का गम भी मसूद अजहर को सता रहा है. 

भारत के अज्ञात हमलावर का डर भी मसूद और उसके आतंकी संगठन को खाए जा रहा है. यही वजह है कि मसूद अजहर ने अब सार्वजनिक कार्यक्रमों में शिरकत बेहद कम कर दी है. माना जा रहा है कि जैश का काम अब मसूद अजहर के भाई तल्हा अल सैफ और मोइनुद्दीन औरंगजेब उर्फ अम्मार अल्वी के कंधों पर है. ऐसे में भारत की खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर है.

ऑपरेशन सिंदूर रोका गया है, खत्म नहीं हुआ

भारत साफ कर चुका है कि ऑपरेशन सिंदूर को रोका गया है, खत्म नहीं किया गया है. शनिवार को खुद वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर जारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि भारत के खिलाफ कोई भी आतंकी हमला अब युद्ध की श्रेणी में माना जाएगा. अगर फिर पाकिस्तान ने भारत में कोई आतंकी हमला किया तो ऑपरेशन सिंदूर का पार्ट-2 शुरु हो जाएगा. यही वजह है कि पाकिस्तान ने डर के मारे सऊदी अरब और टर्की से एक डिफेंस पैक्ट (मक्का एग्रीमेंट) किया है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *