Breaking News Geopolitics Khalistan Terrorism

खालिस्तानी डल्ला का प्रत्यर्पण करे ट्रूडो, भारत ने की कनाडा से मांग

खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप डल्ला के प्रत्यर्पण के लिए विदेश मंत्रालय ने कनाडा की ट्रूडो सरकार से मांग की है. पिछले महीने एक शूटआउट के बाद खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के सरगना डल्ला को कनाडा की पुलिस ने गिरफ्तार किया था.

डल्ला को पिछले साल जनवरी (जनवरी 2023) में गृह मंत्रालय ने आतंकवादी घोषित किया था. विदेश मंत्रालय के मुताबिक, डल्ला पर भारत में हत्या, हत्या की कोशिश, उगाही, टेरर फाइनेंसिंग और आतंकी गतिविधियों के करीब 50 मामले दर्ज हैं.

पिछले साल जुलाई में भारत सरकार ने ट्रूडो सरकार से डल्ला की गिरफ्तारी की मांग की थी. साथ ही कनाडा के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस को भी भारत ने इसी साल मार्च में डल्ला के निवास, वित्तीय लेनदेन और संपत्ति की जानकारी साझा की थी.

कनाडा में पकड़ा गया था भारत का मोस्ट वांटेड
जिस खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले में भारत-कनाडा के रिश्ते तल्खी भरे हैं, उस निज्जर का राइट हैंड था अर्शदीप सिंह डल्ला. साल 2020 में भारत से फरार होकर कनाडा में शरण लिए हुए था डल्ला. कनाडा में ही बैठकर डल्ला पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत के खिलाफ साजिशें रचता है और अवैध हथियारों का कारोबार संभालता है.

आधिकारिक तौर पर अर्शदीप सिंह डल्ला के गिरफ्तार या हिरासत में होने की कोई पुष्टि कनाडा पुलिस या सरकार ने नहीं की है.

खूंखार है अर्शदीप डल्ला, ये है उसकी काली कुंडली
अर्श डल्ला खालिस्तानी टाइगर फोर्स (केटीएफ) का कार्यवाहक प्रमुख है. डल्ला को आतंकी हरदीप सिंह निज्जर का उत्तराधिकारी माना जाता है. पंजाब के मोगा का रहने वाले डल्ला पर पंजाब पुलिस और केन्द्रीय एजेंसी की सख्ती के बाद साल 2022 में नकली पासपोर्ट बनाकर कनाडा फरार होने का आरोप लगा था.

अर्शदीप पर पंजाब में आतंकी फंडिंग, दंगा भड़काने, हत्या और जबरन वसूली के जैसे कई मामले दर्ज हैं. एनआईए के मुताबिक, अर्शदीप कनाडा में बैठकर पंजाब, हरियाणा सहित कई प्रदेशों में गैंगस्टर्स को ऑपरेट कर रहा था. डल्ला के संपर्क में ना सिर्फ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई थी, बल्कि पाकिस्तान में बैठे आतंकियों से भी डल्ला का लिंक पाया गया है.

पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में अर्शदीप अपना मॉडयूल चला रहा था.
इसी साल अर्शदीप के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था. पंजाब पुलिस अर्श डल्ला के फंड किए गए कई गिरोहों का भंडाफोड़ कर चुकी है. अर्शदीप के कई सहयोगियों की गिरफ्तारी भी हुई थी. पंजाब पुलिस ने आरोपी सहयोगियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में नकली आईईडी, हैंड ग्रेनेड, गोला बारूद और हथियार भी बरामद किए थे. पंजाब पुलिस की फाइल्स में भी अर्शदीप डल्ला वांटे़ड है.

पिछले साल सितंबर में की थी कांग्रेस नेता की हत्या
मोगा के स्थानीय नेता बलजिंदर सिंह बल्ली की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की गई थी. शूटर्स ने घर में घुसकर कांग्रेस नेता को गोलियों से छलनी किया था. हत्या के कुछ घंटों बाद ही अर्शदीप सिंह डल्ला ने कनाडा से इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी.अर्श डल्ला ने अपनी पोस्ट में लिखा, “इसने मेरी मां को काफी रुलाया है. इसकी वजह से मेरी मां को एक हफ्ते तक सीआईए ने अपने पास बैठा कर रखा. मेरे घर में पुलिस के साथ जाकर तोड़फोड़ करवाई, इसकी वजह से हुआ है सब.”

एनआईए के मुताबिक आतंकी अर्शदीप सिंह का भाई बलदीप सिंह डल्ला भी फर्जी तौर पर कनाडा भागा हुआ है. साल 2021 में बलदीप डल्ला को गिरफ्तार किया गया था. भारत-पाकिस्तान सीमा के पास से चार विदेशी पिस्टल की बरामदगी की गई थी. पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि अर्शदीप के कहने पर बलदीप डल्ला आतंकी वारदातों को अंजाम देने की प्लानिंग कर रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0