Breaking News Reports

टॉप कमांडर्स का सम्मेलन, नीति आयोग के सीईओ करेंगे संबोधित

सक्षम और सशक्त भारत में सशस्त्र बलों की क्या भूमिका होगी, इस पर नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रमण्यम, भारतीय सेना के टॉप कमांडर्स को संबोधित करेंगे. मौका होगा, भारतीय सेना के आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस का, जो मंगलवार को राजधानी दिल्ली में शुरू हो गया है (1-4 अप्रैल).

वर्ष में दो बार थलसेनाध्यक्ष की अगुवाई में इंडियन आर्मी के सभी टॉप कमांडर्स देश की रक्षा-सुरक्षा की समीक्षा करते हैं. साथ ही देश के समक्ष ऑपरेशन्ल चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हैं. चीन और पाकिस्तान से सटी सीमाओं की स्थिति, जम्मू कश्मीर के हालात और आतंरिक सुरक्षा, इस सम्मेलन का मुख्य चार्टर है. आर्मी कमांडर्स कॉन्फ्रेंस (एसीसी), सभी वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को ऐसा ही मंच प्रदान करता है. वर्ष 2025 का ये पहला सम्मेलन है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी सम्मेलन के सत्र की अध्यक्षता करेंगे और मुख्य भाषण देंगे. भारतीय सेना, ये साल, सुधारों के वर्ष के तौर पर मना रही है, ऐसे में इस मुद्दे पर एक प्रस्तुति भी सम्मेलन का हिस्सा होने जा रही है. चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान द्वारा भी सेना के वरिष्ठ नेतृत्व को भी संबोधित किया जाएगा.

सक्षम और सशक्त सेना बनाने पर होगी चर्चा

सम्मेलन से पहले एक आधिकारिक बयान जारी कर थलसेना ने कहा कि भारतीय सेना के चुस्त, अनुकूलनीय, तकनीकी रूप से सक्षम और भविष्य के लिए तैयार सेना के लक्ष्य के अनुरूप, वरिष्ठ पदानुक्रम प्रभावी निर्णय लेने के लिए नई पद्धतियों की शुरुआत के लिए विशेषज्ञों के साथ गहन विचार-विमर्श में भी शामिल होंगे.

विचार-विमर्श के तहत अन्य मुद्दों के अलावा सेना के समग्र संगठन को मजबूत बनाए रखने और फील्ड आर्मी (फॉर्मेशन्स) की प्रक्रियाओं को आसान बनाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे ताकि उन्हें अधिक स्थायी और उत्तरदायी बनाया जा सके.

एसीसी में सैनिकों और उनके परिवारों के जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से अपने कर्मियों के कल्याण और भलाई से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी.


Warning: Version warning: Imagick was compiled against ImageMagick version 1692 but version 1693 is loaded. Imagick will run but may behave surprisingly in Unknown on line 0