पिछले एक महीने में 11 जवानों के बलिदान को लेकर जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी है. मनोज सिन्हा ने सीधे-सीधे कहा कि जम्मू की प्रगति में बाधा डालने के लिए पाकिस्तान शांति भंग करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन आतंकवादियों द्वारा बहाए गए लोगों के खून के हर कतरे का बदला लिया जाएगा.
वहीं गुरुवार को कठुआ में आर्मी के काफिले पर हुए अटैक मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. जम्मू कश्मीर पुलिस ने कठुआ आतंकी हमले में जैश आतंकियों के दो मददगारों को धर-दबोचा है.
कठुआ आतंकी हमला: जैश के मददगार गिरफ्तार
10 जुलाई को कठुआ से 150 दूर बदनोटा गांव में सेना के वाहन पर आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था. हमले में चार सैनिक और एक स्थानीय पुलिसकर्मी सहित पांच सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए थे. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ आतंकी हमले में जैश-ए-मोहम्मद के दो ओजीडब्लू यानी ओवरग्राउंड वर्कर्स (मददगारों) को पकड़ने का दावा किया है. इन दोनों ने ही आतंकी हमले में जैश की मदद की थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कठुआ जिले के पहाड़ी इलाकों में हमले को लेकर इन्ही मददगारों ने आतंकियों की हर तरह से मदद की थी. दोनों से लगातार पूछताछ की जा रही है.
इससे पहले भी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में चार सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था. जिसमें दो पुलिस कांस्टेबल, स्कूल शिक्षा विभाग में एक कनिष्ठ सहायक और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में एक ग्राम स्तरीय कर्मचारी शामिल है.
खून के एक-एक कतरे का बदला लेंगे: मनोज सिन्हा
पिछले 45 दिन में जम्मू क्षेत्र में हुए सिलसिलेवार आतंकवादी हमलों को लेकर जम्मू कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान पर निशाना साधा है. बुधवार को राजभवन में आयोजित हुए एक कार्यक्रम में मनोज सिन्हा ने कहा, “आज एक बार फिर आतंकी देश पाकिस्तान जम्मू संभाग में शांति भंग करने का प्रयास कर रहा है. वह इसकी प्रगति को रोकना चाहता है. पुंछ-राजौरी से लेकर कठुआ-रियासी और डोडा तक, उन लोगों के परिवारों को निशाना बनाया जा रहा है जो अपना भविष्य उज्जवल बनाना चाहते हैं. एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा बहाए गए लोगों के खून के हर कतरे का बदला जरूर लिया जाएगा.”
विकास से आतंक का आका हताश है: मनोज सिन्हा
ये पहली बार नहीं है जब मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान पर जुबानी हमला बोला है. कुछ दिनों पहले एसकेआईसीसी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एलजी ने कहा कि “जम्मू कश्मीर एक बड़े सकारात्मक बदलाव से गुजरा है लेकिन कुछ लोगों को उससे दिक्कत है. इस बदलाव से, खासकर आतंक का आका यानी हमारा पड़ोसी हताश हो गया है. पाकिस्तान जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद पैदा करने की कोशिश करता रहा है”.
मनोज सिन्हा ने सुरक्षाबलों की तारीफ करते हुए कहा, “हम पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे. जम्मू के लोगों ने हमेशा आतंक का डटकर मुकाबला किया है और मुझे हमारे जवानों की बहादुरी पर पूरा भरोसा है. जिस तरह से कश्मीर से सभी आतंकी संगठनों के कमांडरों का सफाया किया गया, उसी तरह जम्मू में भी सुरक्षा बल और सेना जल्द ही उनसे छुटकारा पाने में सफल होंगे.”
| ReplyForwardAdd reaction |


Leave feedback about this