रुस के राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन में आम चुनावों के लिए 60 दिनों के युद्ध-विराम के लिए साफ तौर से इंकार कर दिया है. पुतिन के मुताबिक, इन 60 दिनों को यूक्रेन अपनी सेना को फिर से संगठित करने के लिए इस्तेमाल कर सकता है. पुतिन ने महज यूक्रेन में चुनाव के लिए महज एक दिन के युद्ध-विराम के लिए हामी भरी है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने देश में आम चुनाव कराने के लिए रूस से 60 दिनों के सीजफायर की मांग की थी. लेकिन पुतिन ने दो टूक जवाब दे दिया है. पुतिन के मुताबिक, हाल में रूस की डूमा (संसद) के लिए हुए चुनाव के दौरान यूक्रेन ने हमले जारी रखे थे. डूमा के लिए हुई वोटिंग के दिन भी रूस की राजधानी मॉस्को और दूसरे शहरों पर यूक्रेन ने ड्रोन अटैक किए थे.
जेलेंस्की ने आम चुनाव की बात,अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के झिड़कने के बाद की है. ट्रंप ने सार्वजनिक तौर से कह दिया है कि यूक्रेन को नए राष्ट्रपति की दरकार है. ट्रंप को समझ आ गया है कि जब तक यूक्रेन की कमान, जेलेंस्की के हाथों में है, रुस से जंग खत्म नहीं होने जा रही है. ऐसे में यूक्रेन में चुनाव कराना जरूरी है. जेलेंस्की ने ट्रंप और दूसरे देशों के शांति वार्ता की शर्तों को मानने से इंकार कर दिया है.
यूक्रेन में अब नए राष्ट्रपति की बारी: ट्रंप
ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति को बड़ा झटका देते हुए यूक्रेन में नए राष्ट्रपति की तरफदारी कर डाली है. ट्रंप ने पहले तो रूस के साथ बड़ी ऑयल डील की और फिर कुछ ही घंटों में ये कहा दिया की यूक्रेन को अब नया राष्ट्रपति मिलना चाहिए.
दरअसल ट्रंप यूक्रेन के रूस की तेल रिफाइनरियों पर हमलों से भड़के हुए हैं. ट्रंप का कहना है कि बार-बार यूक्रेनी सेना रूस की रिफाइनरी पर अटैक कर रही है, जिसका असर दुनिया भर में ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है.
ट्रंप ने रूस से लाखों टन डीजल खरीदने का भी ऐलान किया है, जिसपर यूक्रेन ने नाराजगी जताते हुए अमेरिका को कटघरे में खड़ा किया था, जिसके बाद ट्रंप, जेलेंस्की पर आगबबूला हो गए और यूक्रेन में नए राष्ट्रपति चुनने की बात कह डाली.
ट्रंप ने कहा कि रुस-यूक्रेन “युद्ध कभी शुरू ही नहीं होता. यूक्रेन और रूस के बीच उस युद्ध के शुरू होने की कोई वजह नहीं थी. यह (पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की) अक्षमता के कारण शुरू हुआ. जेलेंस्की ने अपने देश का 30% हिस्सा खो दिया और दोनों देशों के बीच दस लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए, 20 लाख से ज्यादा लोग मारे गए. यह एक ऐसा युद्ध है जो कभी शुरू नहीं होना चाहिए था.”
पुतिन ने भी यूक्रेन में नए नेतृत्व से वार्ता करने का भरोसा दिया है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी कई बार दोहराया है कि जेलेंस्की का राष्ट्रपति के तौर पर कार्यकाल खत्म हो चुका है. ऐसे में रुस, यूक्रेन के नए राष्ट्रपति से वार्ता करेगा. उधर जेलेंस्की ने जंग के चलते देश में मार्शल लॉ लागू होने के चलते आम चुनावों को टाल दिया है और देश की कमान खुद संभालने का दावा किया है. लेकिन ट्रंप से मिली ताजा फटकार के बाद जेलेंस्की ने चुनाव कराने की हामी तो भरी है लेकिन इसके लिए पूरा दारोमदार रुस के कंधों पर डाल दिया है.
रूस से डीजल खरीदेगा अमेरिका, सकते में दुनिया
पिछले हफ्ते, ट्रंप ने को दुनिया को हैरान करते हुए रूस से डीजल खरीदने के समझौते का ऐलान किया था. ट्रंप ने कहा कि रूस अमेरिका को 3 लाख टन से ज्यादा डीजल देगा. इसके बाद नवंबर में में 5 लाख टन और आगे भी बड़ी मात्रा में डीजल की आपूर्ति की जाएगी.
पुतिन के साथ ट्रंप ने फोन पर बातचीत के बाद तेल आपूर्ति की डील की. जबकि ट्रंप ने हमेशा भारत और चीन के रूस से तेल खरीदने का विरोध किया है. यहां तक की रुस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने वाला कानून पारित किया है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि “रूस तुरंत अमेरिकी और वैश्विक बाजार में 3 लाख टन से ज्यादा डीजल ईंधन की आपूर्ति करेगा. रूस नवंबर में 500000 टन और उसके बाद दस लाख टन सप्लाई करेगा, साथ ही भविष्य में और ज्यादा मात्रा में सप्लाई का वादा किया है.”
उधर, क्रेमलिन (पुतिन दफ्तर) ने कहा कि “रूस ने अमेरिकी और वैश्विक बाजारों में तेल और तेल से बने उत्पाद सप्लाई करने की अपनी तैयारी को फिर से दोहराया है.”
रूस-यूक्रेन के बीच हमले तेज
अमेरिका और रुस के बीच तेल करार और यूक्रेन में आम चुनावों की बहस के बीच जंग जारी है. यूक्रेन के जपोरिजिया शहर में रूसी हमले में 23 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए. इसका जवाब देते हुए यूक्रेन ने रूस के ब्रियांस्क इलाके में ड्रोन हमला किया, जिसमें एक की मौत हुई जबकि 03 लोग गंभीर तौर पर घायल हैं. यूक्रेन ने रविवार को टेक कंपनी ‘यंडेक्स’ के डेटा सेंटर पर हमला किया. चार दिन में कंपनी के ठिकानों पर यह तीसरा हमला था.


Leave feedback about this