Breaking News Geopolitics Indo-Pacific

पीएम मोदी Cool & Killer, ट्रंप की दरार पाटने की कोशिश

फ्रांस के एवियन शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बैठक आयोजित हुई. ये द्विपक्षीय बैठक तकरीबन 16 महीने बाद हुई. खास बात ये रही कि भारत-अमेरिका के रिश्तों की खटास का असर बैठक पर दिखा. इस बार वो गर्मजोशी गायब रही, जो अक्सर पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात के दौरान दिखती थी.

पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बातचीत में भारतीय नाविकों की मौत का मुद्दा उठाया है और भारत-अमेरिका ट्रेड डील, होर्मुज में जहाजों पर हमले समेत कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई है.

इस दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को बहुत संयमित और शांत बताते हुए तारीफ की और कहा कि वो पीएम मोदी की तरह शांत नहीं हैं. अगर भारत पर हमला हुआ तो अमेरिका साथ खड़ा रहेगा.

पीएम मोदी ने ट्रंप के सामने उठाया नाविकों की मौत का मुद्दा

फ्रांस में पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक में हिस्सा लिया है. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा- “पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने की कोशिशों में जो प्रगति हुई है, उसमें आपकी लीडरशिप की मैं तारीफ करता हूं.”

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से कहा- “हमने हमेशा कहा है कि समुद्री आवाजाही की आजादी पक्की होनी चाहिए और हमें इस पर जोर भी देना चाहिए. समुद्री व्यापार के क्षेत्र में दुनिया के अलग-अलग समुद्रों में लाखों भारतीय नाविक काम कर रहे हैं. मेरा मानना ​​है कि उनकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है. मुझे भरोसा है कि ईरान के साथ डील में नाविकों की सुरक्षा पक्की की जाएगी और उसे प्राथमिकता दी जाएगी.”

होर्मुज स्ट्रेट के पास हुए हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी बयान दिया. ट्रंप ने कहा, “मैंने इस घटना के बारे में सुना है, यह एक काफी मुश्किल प्रोफेशन है और हम इस पर मिलकर काम करते हैं. ऐसा हमेशा से होता रहा है, लेकिन हम मिलकर काम करते हैं.”

ट्रंप ने की पीएम मोदी की तारीफ, कहा सख्त निगोशिएटर

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है. ट्रंप ने कहा है कि पीएम मोदी काफी शांत और संयमित नेता हैं. मैं पीएम मोदी की तरह कूल नहीं हूं. ट्रंप ने कहा- “फ्रांस में हमारी कुछ बहुत अच्छी बैठकें हुईं. खासकर भारत के प्रधानमंत्री मोदी के साथ हमारी बहुत अच्छी बातचीत हुई. हम ट्रेड डील कर रहे हैं. अमेरिका और भारत के बीच बहुत कुछ हो रहा है. प्रधानमंत्री मोदी भी अमेरिका में बहुत कुछ बना रहे हैं. वह अमेरिका में काफी पैसा निवेश कर रहे हैं, इसलिए हम उस काम की तारीफ करते हैं. लेकिन मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि वह लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं, और हमारे रिश्ते हमेशा बहुत अच्छे रहे हैं, और आपके साथ होना बहुत अच्छा लग रहा है.

ट्रंप ने पीएम मोदी को सख्त नेगोशिएटर बताया है. ट्रंप ने कहा- “मोदी बहुत सख्त नेगोशिएटर हैं. वह बहुत अच्छे दिखने वाले शख्स हैं. जैसे कोई एंजेल. लेकिन असल में, वह उतने ही सख्त हैं जितने कि वह ‘किलर’ हैं, इसलिए वह आपको चौंका देते हैं. लेकिन ऐसे कुछ ही लोग होते हैं. लोग कहते हैं कि पीएम मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं. मैंने कहा कि वह बहुत सख्त हैं. वह एक सख्त ट्रेडर हैं, और वह भारतीय लोगों से प्यार करते हैं, लेकिन वह अमेरिका से भी प्यार करते हैं.”

अगर भारत पर हमला हुआ तो हम साथ: ट्रंप

पश्चिम एशिया में भारत की भूमिका के सवाल पर ट्रंप ने कहा, “मुझे उम्मीद है. मुझे लगता है कि भारत हर चीज में बड़ी भूमिका निभाता है. जब तक पीएम नरेंद्र मोदी नेता हैं, भारत बड़ी भूमिका निभाता रहेगा.”

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों पर भी बात की. कहा- “मुझे लगता है कि हमारे बीच काफी अच्छा रिश्ता है.अगर भारत पर हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे. अगर कोई पीएम मोदी पर हमला करता है, तो हम वहां मौजूद रहेंगे. अगर भारत पर हमला होता है और पीएम मोदी नेता हैं, तो हम मदद के लिए वहां मौजूद रहेंगे. जब तक मैं राष्ट्रपति हूं, व्हाइट हाउस में  भारत का एक बहुत अच्छा दोस्त है. यहां हर कोई भारत को पसंद करता है और वे पीएम नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं.”

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.