Breaking News Defence Reports

थार रेगिस्तान में दिखेगा F-35, तरंग-शक्ति एक्सरसाइज अगले महीने

File

अमेरिका का स्टील्थ फाइटर जेट एफ-35 एक बार फिर भारत लौटने जा रहा है. मौका होगा भारतीय वायुसेना की मल्टीनेशन एक्सरसाइज तरंग-शक्ति के दूसरे संस्करण का, जो अगले महीने की 26 तारीख (सितंबर) से जोधपुर एयरबेस पर शुरू होने जा रही है. इस युद्धाभ्यास में 30 से ज्यादा देशों की वायुसेनाओं के हिस्सा लेने की संभावना है.

पहली बार एफ-35 लड़ाकू विमान, फरवरी 2025 में बेंगलुरु में आयोजित एयरो-इंडिया शो में शिरकत लेने पहुंचा था. लेकिन ये पहली बार होगा कि ईरान जंग के बाद एफ-35 भारत पहुंच रहा है. ईरान के खिलाफ एफ-35 ने जमकर बमबारी की है. लेकिन ईरान की एयर डिफेंस ने एक बार एफ-35 को डिटेक्ट कर मिसाइल दाग दी थी. हालांकि, पायलट सुरक्षित यूएस बेस पहुंच गया था, लेकिन इस हमले में अमेरिका का पांचवीं श्रेणी का फाइटर जेट क्षतिग्रस्त हो गया था.

ईरान जंग के बाद एफ-35 की स्टील्थ क्षमताओं पर सवाल

माना जाता है कि स्टील्थ फाइटर जेट दुनिया की किसी रडार की पकड़ में नहीं आते हैं. लेकिन ईरान ने इंफ्रारेड के जरिए एफ-35 को ना केवल डिटेक्ट किया बल्कि मिसाइल से हमला भी कर दिया. ऐसे में अमेरिकी एफ-35 की स्टील्थ क्षमताओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं. बाद में अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपने दूसरे स्टील्थ फाइटर जेट एफ-22 को मैदान में उतारना पड़ा था.

जोधपुर में फिर लौटेगी तरंग-शक्ति एक्सरसाइज

दो वर्ष में एक बार होने वाली वायुसेना की मल्टीनेशन एक्सरसाइज तरंग-शक्ति का ये दूसरा संस्करण है. पहला संस्करण वर्ष 2024 में तमिलनाडु के सुलूर और जोधपुर एयरबेस पर आयोजित किया गया था. लेकिन इस बार, तरंग-शक्ति को एक एयरबेस पर ही आयोजित करने की तैयारी है. माना जा रहा है कि जिन 30 देशों की वायु सेनाओं ने तरंग-शक्ति में हिस्सा लेने का प्रस्ताव मंजूर किया है, उनमें से आधा दर्जन देशों के फाइटर जेट और ट्रांसपोर्ट विमान भारत आएंगे. बाकी देशों के मिलिट्री ऑब्जर्वर हिस्सा लेंगे.

भारतीय वायुसेना मनवाएगी अपनी ताकत का लोहा

जिन देशों के विमानों के तरंगशक्ति में हिस्सा लेने की संभावना है, उनमें अमेरिका के अलावा, जापान, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और ग्रीस शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के सभी फ्रंटलाइन फाइटर जेट तरंग-शक्ति में अपनी ताकत का लोहा मनवाएंगे. इनमें रफाल से लेकर सुखोई, मिग-29, मिराज 2000 और एलसीए तेजस शामिल हैं. इसके अलावा, अपाचे और एलसीएच-प्रचंड हेलीकॉप्टर भी इस बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास का हिस्सा होने जा रहे हैं. हेवी लिफ्ट ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और टोही विमान अवैक्स (एयर बोर्न अर्ली वार्निंग कंट्रोल सिस्टम) भी शिरकत करेंगे.

तरंग-शक्ति से पहले भारत और जापान की वायुसेनाएं, जोधपुर में साझा द्विपक्षीय युद्धाभ्यास, वीर गार्डियन में भी हिस्सा लेने जा रही हैं. वीर गार्डियन का पहला संस्करण वर्ष 2023 में जापान में आयोजित किया गया था. इस वर्ष की एक्सरसाइज में भारतीय वायुसेना के सुखोई (सु-30 एमकेआई) और जापान के दो (02) एफ-2 (मित्सुबिसी) मल्टीरोल फाइटर जेट हिस्सा लेंगे. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave feedback about this

  • Rating

Choose Your Premium Plan

Unlock exclusive defence reports, geopolitical analysis and premium articles.