Breaking News Russia-Ukraine War

ट्रंप की कोशिश नाकाम, साइबेरिया तक ड्रोन अटैक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध रूकवाने के प्रयासों का रूस और यूक्रेन पर कोई खास फर्क पड़ता नहीं दिखाई पड़ रहा है. दोनों देश एक दूसरे पर ताबड़तोड़ ड्रोन अटैक करने पर तुले हैं. यूक्रेन ने रूस के साइबेरिया में करीब 3000 किलोमीटर दूर ड्रोन से हमला कर रिकॉर्ड कायम करने का दावा किया है. दूसरी तरफ रूस ने पहली बार यूक्रेन के मिग-29 फाइटर जेट को अपने कामकाजी ड्रोन से छकाकर तबाह कर दिया है. 

यूक्रेन के स्पेशल फोर्सेज ने साइबेरिया के यामेलो-नेन्टस इलाके में डीप-स्ट्राइक कर एक ऑयल रिफाइनरी और एक  इंडिस्ट्रियल प्लांट पर अटैक किया. हमले के बाद के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें रिफाइनरी और प्लांट धूधूकर जलते दिखाई पड़ रहे हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस लंबी दूरी और सटीकता से किए गए हमले के लिए अपने देश की फोर्सेज का धन्यवाद किया है.

रूस को फील होने चाहिए अटैक: ज़ेलेंस्की

जेलेंस्की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि “ये बहुत महत्वपूर्ण है कि हम रशिया के युद्ध का पूरी तरह से इस तरह जवाब दें कि दुश्मन को ये वाकई ‘फील’ हो. हरेक हमला, रूस द्वारा कूटनीति के जरिए युद्ध को देर से खत्म करने की क्षमता को कमजोर कर दे.”

जेलेंस्की के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में यूक्रेनी सेना ने रूस के आठ (08) जगहों पर हमले किये. इनमें साइबेरिया की ऑयल रिफाइनर और प्लांट के अलावा रूस की राजधानी मॉस्को, वोरोनेध, अस्त्राखान और ब्रायेंस्क क्षेत्र शामिल हैं. इसके अलावा रूस के रिजॉर्ट-शहर के नाम से मशहूर सोची पोर्ट पर भी यूक्रेन ने ड्रोन अटैक किया. ब्लैक सी (सागर) पर बसे सोची को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का दूसरा-घर माना जाता है. 

ट्रंप के दूतों ने की थी कीन और मॉस्को की यात्रा

पिछले हफ्ते, ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरड कुशनर ने मॉस्को और कीव का दौरा किया था. इस दौरे का उद्देश्य, पुतिन और जेलेंस्की से मुलाकात कर युद्धविराम कराना था. पुतिन और जेलेंस्की ने विटकॉफ और कुशनर से मुलाकात जरूर की लेकिन युद्ध रोकने के लिए अपनी-अपनी शर्तों पर अड़े रहे. ऐसे में रूस-यूक्रेन जंग रुकने के बजाए अधिक भीषण होती जा रही है. 

रशियन ड्रोन ने छकाया यूक्रेनी मिग-29 को

यूक्रेन की तरफ से रूस पर किए जा रहे ताबड़तोड़ हमलों का मॉस्को भी लगातार जवाब दे रहा है. रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक ड्रोन ने यूक्रेन के मिग-29 फाइटर जेट को तबाह करने का दावा किया है. रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक वीडियो जारी कर बताया कि कैसे रशियन कामीकाजी ड्रोन ने यूक्रेन के मिग-29 फाइटर जेट को पहले आसमान में जमकर छकाया.  फिर जैसे ही मिग-29 ने कीव के करीब एक एयरबेस पर लैंडिंग की, आत्मघाती ड्रोन ने इस लड़ाकू विमान को तबाह कर दिया.

रूस-यूक्रेन जंग में पहली बार ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें एक फाइटर जेट को किसी आत्मघाती ड्रोन ने इस तरह आसमान में परेशान किया और फिर नष्ट कर दिया. ये साफ नहीं है कि मिग-29 ने यूक्रेनी ड्रोन पर कोई मिसाइल या फिर किसी दूसरे हथियार से वार कर बचने की कोशिश की थी. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.