Acquisitions Breaking News Current News Weapons

साफरान-HAL बनाएंगे अरावली इंजन, IMRH हेलीकॉप्टर को प्रदान करेंगे हॉर्स-पावर

फ्रांस की साफरान कंपनी एक बार फिर भारत के मल्टीरोल हेलीकॉप्टर के लिए एविएशन इंजन देने के लिए तैयार हो गई है. इंडियन मल्टी रोल हेलीकॉप्टर (आईएमआरएच) के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने साफरान से 3500-4000 हॉर्स-पावर के इंजन के लिए बड़ा करार किया है. इस इंजन को अरावली नाम दिया गया है. 

अरावली इंजन को साफरान और एचएएल की साझा कंपनी सफहल हेलीकॉप्टर इंजन प्राइवेट लिमिटेड, मेक इन इंडिया के तहत देश में बनाएगी. एचएएल ने करार होने पर बयान करते हुए बताया कि ये करार, न्यू जेनरेशन हाई-पावर अरावली इंजन के डिजाइन, डेवलपमेंट, उत्पादन, सप्लाई और लाइफ-साइकल सपोर्ट के लिए किया गया है.

आईएमआरएच के अलावा नौसेना के डेक-बेस्ड हेलीकॉप्टर में भी होगा इस्तेमाल

एचएएल के मुताबिक, अरावली इंजन को आईएमआरएच के अलावा, भारतीय नौसेना के डेक-बेस्ट मल्टी रोल हेलीकॉप्टर (डीबीएमआरएच) के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा. भारतीय वायुसेना के मी (एमआई-17) हेलीकॉप्टर को रिप्लेस करने के लिए एचएएल, इस आईएमआरएच हेलीकॉप्टर को बनाने की तैयारी कर रही है.

90 के दशक के आखिरी वर्षों से भारतीय वायुसेना, रशिया के बने इन एमआई-17 हेलीकॉप्टर को ऑपरेट कर रही है. इन रूसी ट्रांसपोर्ट हेलीकॉप्टर को सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के अलावा, हथियारों, रसद और दूसरे सामान की सप्लाई के लिए इस्तेमाल किया जाता है. 

वायुसेना और नौसेना के लिए बनाए जाने वाले मल्टी रोल हेलीकॉप्टर का वजन करीब 13 टन है और ये ट्रांसपोर्ट के अलावा कॉम्बैट के  लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा. नौसेना के डेक बेस्ट हेलीकॉप्टर को एंटी-सबमरीन वॉरफेयर के लिए भी तैयार किया जाएगा. इसके अलावा वीआईपी ट्रांसपोर्ट के लिए भी आईएमआरएच हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाएगा. 

एग्रीमेंट के साइन होने के बाद एचएएल के सीएमडी रवि के. ने कहा कि “इस कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करना, एयरो-इंजन टेक्नोलॉजी में भारत के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक अहम कदम है. सफहल और साफरान के साथ इस जॉइंट प्रोग्राम के ज़रिए, हम अगली पीढ़ी के भारतीय हेलीकॉप्टर प्लेटफ़ॉर्म को पावर देने के लिए एक मज़बूत आधार तैयार कर रहे हैं. अरावली इंजन प्रोग्राम न सिर्फ आईएमआरएच और डीबीएमआरएच की ऑपरेशनल ज़रूरतों को पूरा करेगा, बल्कि एक मजबूत घरेलू एयरोस्पेस इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम के विकास में भी अहम योगदान देगा.”

साफरान ने एमका इंजन में भी मदद करने के लिए बढ़ाया हाथ

अरावली इंजन के अलावा, साफरान ने भारत को स्वदेशी स्टील्थ फाइटर जेट एमका (एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट) के लिए भी इंजन बनाने की पेशकश की है. इसके लिए साफरान ने डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (डीआरडीओ) की गैस टरबाइन रिसर्च एस्टेबिलिशमिंट (जीटीआरई) के साथ हाथ मिलाने की तैयारी की है. (इंग्लैंड या फ्रांस, AMCA इंजन की रेस दिलचस्प)

चीता-चेतक से लेकर शक्ति इंजन तक, साफरान का रहा है साथ

कई दशक से साफरान कंपनी, भारत की मिलिट्री एविएशन में अग्रणी भूमिका निभा रही है. वायुसेना के चीता-चेतक हेलीकॉप्टर से लेकर एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर हेलीकॉप्टर (एएलएच) और लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (एलसीएच) प्रचंड के लिए भी साफरान, शक्ति कंपनी बनाने में मदद करती है. 

editor
India's premier platform for defence, security, conflict, strategic affairs and geopolitics.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *