By Nalini Tewari
मिडिल ईस्ट में एक बार अमेरिका और ईरान में जंग तेज हो गई है, जिसका खामियाजा खाड़ी देशों को उठाना पड़ रहा है. लगातार दूसरे दिन अमेरिका की ओर से ईरान पर की गई ताबड़तोड़ एयरस्ट्राइक के बाद ईरान ने भी मिसाइलें और ड्रोन दागकर खाड़ी देशों में टारगेट किया है, जिसके बाद हाहाकार मच गया है.
ईरान की आईआरजीसी गल्फ देशों पर कहर बनकर टूटी है. ईरान ने एक साथ जॉर्डन, कुवैत, बहरीन और इराक में अमेरिकी बेस को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया है. ईरान की ओर से कहा गया है कि आईआरजीसी ने दुश्मनों को पछतावा करने वाला जवाब दिया है.
अमेरिका ने बीती रात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित तटीय क्षेत्र सिरिक पर एयरस्ट्राइक की, जिसकी चपेट में एक शादी समारोह आ गया. ईरान का कहना है कि अमेरिकी स्ट्राइक में बच्चों, महिलाओं समेत आम नागरिक मारे गए. इस हमले के फौरन बाद ईरान ने गल्फ देशों में तैनात अमेरिकी सैनिकों पर ड्रोन-मिसाइल हमले करके बड़ी संख्या में नुकसान पहुंचाने का दावा किया है.
ईरान का पलटवार, चपेट में गल्फ के 04 देश
अमेरिका ने होर्मुज के पास IRGC के ठिकानों पर हमला किया, जिसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस और मरीन बेस पर मिसाइलें दागीं, बहरीन में ड्रोन हमला किया और कुवैत में भी हमले हुए.
ईरान ने बहरीन के एयरबेस पर हमले में रडार सिस्टम और उन जगहों को निशाना बनाया गया जहां अमेरिकी सैनिक मौजूद थे. जॉर्डन के शहर मफरक में सायरन सुने गए तो कुवैत का कहना है कि ईरानी हमले के बाद उसके एयर डिफेंस सिस्टम दुश्मन के ड्रोन हमलों का मुंहतोड़ जवाब दे रहे हैं.
जॉर्डन ने 13 में से 10 मिसाइलों को रोकने का दावा किया है, लेकिन आईआरजीसी की ओर से कहा गया है कि उनके हमले में बड़ी संख्या में अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं.
आईआरजीसी ने कहा, कि उसने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयर बेस पर भारी बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया. इस हमले में लंबी दूरी के आरक्यू-4 और एमक्यू-9 ड्रोन रखने वाले हैंगरों को निशाना बनाया गया है.
आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा, हमारे पलटवार से दुश्मन कांप रहे हैं और उन्हें पछतावा हो रहा है.
आपको बता दें कि 01 सितंबर से अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष एक बार फिर शुरु हो चुका है. अमेरिकी सेना होर्मुज की खाड़ी के आसपास के इलाकों में लगातार हमला कर रही है और बदले में आईआरजीसी अमेरिकी सैन्य बेस पर मिसाइल दाग रहा है.
शादी वाले घर पर अमेरिकी अटैक, गुस्से में ईरान
अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान में चाबहार और केशम द्वीप समेत कई अहम ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया. ये हमले रात में शुरु किए गए. हमलों में आईआरजीसी के ठिकानों को निशाना बनाया गया. अमेरिकी सेना के मुताबिक, “इन हमलों में एयर डिफेंस सिस्टम, रडार प्रतिष्ठान, समुद्री संसाधन और संचार से जुड़े ठिकाने शामिल थे. इसके अलावा बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता से संबंधित सुविधाओं को भी निशाना बनाया गया.”
अमेरिका पर ईरान के एक घर पर हमले का आरोप लगा है. उस घर पर जहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था. ईरान के सिरिक इलाके में एक शादी समारोह अमेरिकी एयरस्ट्राइक की चपेट में आया है.
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में एक बच्चे समेत कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. विदेश मंत्रालय ने इस घटना को मिनाब स्कूल में हुए हमले से जोड़ा, जहां अमेरिकी अटैक के बाद 160 बच्चों की जान चली गई थी.
बड़ा हमला होना बाकी है: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर से चेतावनी दी है. और अमेरिकी हमलों का पलटवार करने पर और बड़ा हमला करने की धमकी दी है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि “यह एयरस्ट्राइक ईरान के होर्मुज में समुद्री माइनें बिछाने की नाकाम कोशिश और जॉर्डन में अमेरिकी बेस पर मिसाइल हमले का जवाब है.”
“अगर ईरान ने फिर पलटवार किया तो उसे और भी सख्त और बड़े स्तर पर जवाब मिलेगा, हालांकि यह अब तक का सबसे बड़ा हमला नहीं होगा, असली बड़ा हमला अभी बाकी है.”

